मक्की की रोटियां बेलते समय टूटती हैं? तो आटे में मिलाएं ये चीज़ें
अक्सर बनाते समय मक्के की रोटियां टूट जाती हैं या फट जाती हैं। कई बार सेंकने में ये इतनी कड़ी हो जाती हैं कि इसे चबाना मुश्किल हो जाता है।
Perfect Makka Rotis: रोटी तो हर भारतीय खाने की थाली का अहम हिस्सा होती है। गेंहू की फूली-फूली रोटी तो हम सभी सालभर खाते हैं। लेकिन, सर्दियों के मौसम में इन गेंहू की रोटियों की जगह घी लगी हुई मक्के की रोटी बहुत स्वादिष्ट लगती है। ख़ासतौर पर अगर मक्के की रोटी को सरसों के साग के साथ खाया जाए तो इससे अच्छा शायद ही कुछ हो सकता है। लेकिन, इन रोटियों को खाना जितना अच्छा लगाता है उन्हें बनाना उतना आसान नहीं होता है। अक्सर बनाते समय मक्के की रोटियां टूट जाती हैं या फट जाती हैं। कई बार सेंकने में ये इतनी कड़ी हो जाती हैं कि इसे चबाना मुश्किल हो जाता है।
Also read: साउथ इंडियन स्टाइल उपमा बनाना है बेहद आसान, इस्तेमाल करें एक ख़ास सामग्री: South Indian Upma
अगर आपके साथ भी मक्के की रोटी बनाते समय इस तरह की परेशानी आती है तो आज हम आपको कुछ ऐसे तरीक़े बताएंगे जिन्हें अपनाकर आप बिलकुल आसानी से एकदम परफेक्ट मक्के की रोटी बना पाएंगे।
गेहूं का आटा करें मिक्स

मक्के का आटा गेहूं के आटे की तरह चिकना नहीं होता है, इसलिए यह आसानी से बंधता नहीं है। लेकिन, अगर आप रोटी बनाते समय इसमें थोड़ा सा गेंहू का आटा मिला देते हैं तो इसका डो बनाना आसान हो जाता है। लेकिन, याद रखें कि इसकी मात्रा कम ही रखें नहीं तो आपको मक्के का स्वाद नहीं मिल पाएगा। दो मुट्ठी मक्के के आटे में 1 मुट्ठी गेहूं का आटा मिला सकते हैं। इसमें आधा चम्मच हल्दी भी मिला लें, इससे इसका रंग भी अच्छा आएगा।
गुनगुने पानी का इस्तेमाल
मक्के के आटे को गूंथने के लिये ठंडे पानी की जगह गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें और थोड़ी देर तक इसको हाथों से अच्छे से रगड़कर गूँथें जिससे आटा नरम हो जाये। गरम पानी से डो तैयार करने से आटा हाथों में चिपकेगा नहीं।
थोड़ी देर रेस्ट के लिये छोड़ दें
मक्के के आटे से परफ़ेक्ट रोटी बनाने के लिए कभी भी इसको गूँथने के बाद तुरंत रोटियां बनाना नहीं शुरू करें। इसको लगने के बाद 5 से 10 मिनट रेस्ट के लिये छोड़ दें। इससे आटा मुलायम हो जाएगा।
आटे में घी मिला लें
मक्के का आटा ज्यादा मुलायम नहीं होता है। इसलिए इसको गूँथते समय इसमें थोड़ा सा घी डाल दें। इससे आटा मुलायम भी होगा और रोटियाँ बनाते समय टूटेंगी नहीं।
मक्के की रोटी खाने के फ़ायदे
मक्का शरीर को गर्म रखने में तो मदद करता ही है इससे पाचन भी सही रहता है। यह शरीर में कोलेस्ट्रॉल के स्तर को ठीक रखता है और इस तरह हृदय से संबंधित बीमारियों से बचाता है। मक्का में पाए जाने वाले एंटी-ऑक्सीडेंट कैंसर संबंधी समस्याओं के जोखिम को कम करने में मददगार साबित हो सकते हैं।
तो, आप भी इस मक्के की रोटियाँ बनाते समय ये ट्रिक्स ज़रूर अपनायें। देखना घर के सभी लोग इन फूली हुई मक्के की रोटियाँ खाकर कितने खुश हो जाएँगे।
