असम के नागांव में है विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग
असम के नागांव में स्थित महामृत्युंजय मंदिर में 126 फीट के शिवलिंग को देखने देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक आ रहे हैं।
Longest Shivling of the world : भारत के उत्तर पूर्व में स्थित असम राज्य अपने प्राकृतिक सौंदर्य के कारण देश-विदेश से पर्यटकों को आकर्षित करता है। चाय बाग़ानों, कामख्या मंदिर, शिवसागर, काज़ीरंगा और मानस राष्ट्रीय पार्क देखने यहाँ साल भर लोगों की भीड़ देखी जा सकती है। पिछले कुछ समय से इन पर्यटक स्थलों के साथ ही असम की एक और जगह बड़ी संख्या में लोगों को आकर्षित कर रही है वह है नागांव में स्थित महामृत्युंजय मंदिर। इसको देखने दुनियाभर से लोग भारत आ रहे हैं।
Also read: चूड़ामणि देवी मंदिर : इस मंदिर में चोरी करने से मिलता है पुत्र प्राप्ति का वरदान
क्यों है ख़ास

भगवान शिव को समर्पित यह मंदिर इसलिए ख़ास है क्योंकि यहाँ विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग है जिसकी ऊंचाई 126 फीट है। यह मंदिर वास्तुकला की दृष्टि से भी विशेष है। इसकी डिज़ाइन बहुत ही खूबसूरत है। बड़े-बड़े खम्बों पर बनाया गया यह मंदिर वास्तुकला की उत्कृष्टता का प्रतीक है।
पौराणिक महत्व
पौराणिक रूप से इस मंदिर का बहुत महत्व है। पुराणों के अनुसार दैत्यगुरु शुक्राचार्य ने इसी स्थान पर तपस्या की थी और महामृतुंजय मंत्र का जाप किया था। इसलिए आचार्य भृगु गिरि महाराज ने इस स्थान को शिवलिंग निर्माण के लिए चुना था। महामृत्यंजय सेवा ट्रस्ट द्वारा 2003 में आचार्य भृगु गिरि महाराज की देखरेख में मंदिर का निर्माण प्रारंभ किया गया। इसको पूरा होने में लगभग बीस वर्ष का समय लगा।
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव
मंदिर के उद्घाटन के लिए फ़रवरी 2021 में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित किया गया जिसमें यज्ञ के लिए 108 यज्ञ कुंड स्थापित किए गए थे और प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ करने के लिए 200 से ज्यादा पुजारियों को तमिलनाडु से बुलाया गया था। यज्ञ के पूरा होने के बाद मंदिर 26 फरवरी 2021 से भक्तों के लिए खोल दिया गया। समारोह में गृह मंत्री अमित शाह के साथ कई बड़ी हस्तियाँ शामिल हुई थीं।
आध्यात्मिक महत्व
यह मंदिर अपने आध्यात्मिक महत्व के लिये भी जाना जाता है। यहाँ पूजा अर्चना के लिए 108 यज्ञ कुंड भी हैं। यहाँ लोग शांति में अध्यात्म की तलाश में भी आते हैं।
कैसे पहुँचें
यह मंदिर गुवाहाटी से लगभग 120 किलोमीटर दूर है और नागांव शहर से लगभग 12 किमी दूर स्थित है। गुवाहाटी तक हवाई यात्रा के बाद आप नागांव के लिए ट्रेन, बस या टैक्सी ले सकते हैं। नागांव शहर तक पहुँचने के बाद आप टैक्सी किराए पर ले सकते हैं या स्थानीय टेम्पो सेवाओं का भी उपयोग कर सकते हैं।
तो, आप भी अगर इस बार सर्दियों की छुट्टियों में कहीं घूमने जाने का प्लान बना रहे हैं तो इस बार असम के नागांव में इस महामृतुंजय मंदिर के शिवलिंग के दर्शन ज़रूर करके आइये। इसके साथ ही आप यहाँ चापनाला जलप्रपात भी घूम सकते हैं। यहाँ पर पास में ही आपको कई चायबागान भी देखने को मिल जाएँगे।
