Biggest Shivling in India: शिव महाकाल हैं, वे महादेव हैं, आदिदेव, शंकर, मृत्युंजय, महारुद्र, विषधर, नीलकंठ, काल भैरव भी वहीं हैं। भारत का शायद ही ऐसा कोई राज्य है, जहां शिव आराधना नहीं होती है। सदियों से लोग महादेव को पूजते आए हैं। देशभर में बने प्राचीन मंदिर इस बात का अटल उदाहरण हैं। भगवान शिव की आराधना का पावन माह सावन चल रहा है। कहते हैं इस समय महादेव के दर्शन और अभिषेक से पुण्य फल मिलता है। यही कारण है कि देशभर में भगवान शिव के अनोखे मंदिरों का निर्माण किया गया है। इनमें से कुछ में बहुत ही खास शिवलिंग स्थापित हैं।
अमरनाथ मंदिर, जम्मू और कश्मीर

ऊंचाई -130 फीट
जम्मू-कश्मीर में स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर में करीब 3,888 मीटर की ऊंचाई पर भगवान शिव स्वयंभू रूप में विराजते हैं। इस समय अमरनाथ यात्रा शुरू है और हजारों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए कठिन यात्रा कर रहे हैं। बर्फ से अपने आप प्रकट होने वाले इस शिवलिंग की ऊंचाई करीब 130 फीट होती है। हालांकि इसकी ऊंचाई में हर साल कुछ बदलाव होता है।
महामृत्युंजय मंदिर, असम

ऊंचाई – 126 फीट
असम में गुवाहाटी से करीब 120 किलोमीटर दूर बरदुआ क्षेत्र नौगांव में स्थित है भगवान शिव का अद्भुत धाम महामृत्युंजय मंदिर। खास बात यह है कि यह पूरा मंदिर ही शिवलिंग के रूप में बनाया गया है। यहां स्थापित शिवलिंग की ऊंचाई 126 फीट है। सावन के माह में यहां रोजाना हजारों भक्त दर्शन के लिए आते हैं। इस मंदिर का पौराणिक महत्व भी है। पुराणों के अनुसार दैत्य गुरु शुक्राचार्य ने यहां तपस्या की थी।
महेश्वरम श्री शिव पार्वती मंदिर, केरल

ऊंचाई – 111.2 फीट
‘भगवान के अपने देश’ यानी केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के चेंकल में स्थित है महेश्वरम श्री शिव पार्वती मंदिर। भगवान शिव और पार्वती को समर्पित इस मंदिर में 111.2 फीट की रिकॉर्ड ऊंचाई का शिव लिंगम स्थापित हैं। कहा जाता है कि करीब आठ मंजिल ऊंचा शिवलिंग मानव शरीर के ऊर्जा केंद्रों का प्रतिनिधित्व करता है। इस शिवलिंग का निर्माण साल 2012 में शुरू किया गया था, जो साल 2018 में पूर्ण हुआ।
कोटिलिंगेश्वर मंदिर, कर्नाटक

ऊंचाई – 108 फीट
कर्नाटक के कोटिलिंगेश्वर मंदिर में विशाल शिवलिंग विराजित है। इस शिवलिंग की ऊंचाई 108 फीट है। मंदिर में भगवान शिव के प्रिय नंदी भी विराजित हैं। नंदी की यह प्रतिमा करीब 40 फीट चौड़ी, 60 फीट लंबी और 35 फीट ऊंची है। आपको बता दें कि बेंगलुरु से कोटिलिंगेश्वर मंदिर की दूरी करीब 100 किलोमीटर है। यहां ट्रेन और रोड से जाया जा सकता है।
हरिहर धाम मंदिर, झारखंड

ऊंचाई – 65 फीट
झारखंड के बगोदर, गिरिडीह में स्थित है भगवान शिव का अनोखा मंदिर हरिहर धाम। यह मंदिर करीब 25 एकड़ में बना है। यहां विराजित है करीब 65 फीट ऊंचा शिवलिंग, जिसके दर्शन मात्र से भक्त प्रसन्न हो जाते हैं। सावन माह में यहां भक्तों का तांता लगा रहता है। कहा जाता है कि इस मंदिर में शादी करने वाले जोड़े हमेशा खुश रहते हैं। यही कारण है कि यहां हर साल एक हजार से भी ज्यादा जोड़े विवाह करते हैं।