Summary: एक अधूरी मुलाकात और बिछड़ने का दर्द: स्वाति आनंद की जुबानी शेफाली जरीवाला की आखिरी यादें
टीवी एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला के अचानक निधन से उनके चाहने वालों और करीबियों में शोक की लहर है। उनकी करीबी दोस्त स्वाति आनंद, जो इन दिनों शो 'मन्नत' में नज़र आ रही हैं, ने शेफाली से जुड़ी अपनी आखिरी बातचीत और भावनात्मक यादें शेयर कीं।
Suwati Anand with Shefali: शेफाली जरीवाला की अचानक हुई मौत ने न सिर्फ उनके चाहने वालों को बल्कि इंडस्ट्री में उनके करीबियों को भी गहरे सदमे में डाल दिया है। इनमें से ही एक हैं स्वाति आनंद, जो इन दिनों धारावाहिक “मन्नत” में नजर आ रही हैं। स्वाति ने हाल ही में बताया कि दोनों जल्दी ही मिलने वाले थे लेकिन यह मुलाकात हमेशा के लिए अधूरी रह गई।
क्या बताया स्वाति आनंद ने?
“कांटा लगा” गाने से अपनी एक खास पहचान बनाने वाली शेफाली जरीवाला अब हमारे बीच नहीं रहीं। 42 वर्ष की उम्र में उनका इस दुनिया से यूं अचानक चले जाना किसी को भी गवारा नहीं। लेकिन शायद सबसे अधिक भावुक कर देने वाली बात यह है कि उनके करीबी दोस्तों को यह यकीन तक नहीं हो पा रहा कि अब वे उन्हें कभी देख नहीं पाएंगे, बात नहीं कर पाएंगे। इन दिनों सीरियल “मन्नत” में नजर आने वाली टीवी एक्ट्रेस स्वाति आनंद शेफाली और उनके पति पराग त्यागी के बेहद करीब थीं। स्वाति ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में शेफाली से जुड़ी अपनी आखिरी बातचीत और कुछ बेहद निजी पलों को शेयर किया जो अब सिर्फ एक याद बनकर रह गए हैं।
अधूरी रह गई स्वाति और शेफाली की मुलाकात
स्वाति बताती हैं कि शेफाली हाल ही में उज्जैन गई थीं और चूंकि स्वाति का मायका भी वहीं है, तो दोनों के बीच बातचीत हुई थी। शेफाली और पराग ने उन्हें कॉल किया था और वह स्वाति के घर भी गई थीं। इतना ही नहीं, शेफाली महाकालेश्वर मंदिर भी स्वाति की कार से गई थीं। यह पल स्वाति के लिए आज भी बेहद खास है, क्योंकि उन्होंने तब भी कभी नहीं सोचा था कि यही उनकी आखिरी याद बन जाएगी। उन्होंने कहा, “हमने मिलने का प्लान भी किया था, लेकिन मेरी शूटिंग चल रही थी और समय नहीं मिल पाया था। अब सोचती हूं काश उस समय थोड़ा सा समय निकाल लिया होता।”
दिल से जुड़ी दोस्ती
शेफाली और पराग की शादी 2014 में हुई थी। स्वाति आनंद बताती हैं कि उस समय उन्होंने पराग को काफी छेड़ा था, क्योंकि वह शेफाली से बेहद प्यार करते थे और उनकी आंखों में वह मोहब्बत साफ दिखाई देती थी। शेफाली और पराग का रिश्ता हमेशा शांत, सम्मानजनक और सच्चे प्यार से भरा हुआ रहा, जिसे देखकर हर कोई प्रभावित होता था।
गणपति के समय हुई थी आखिरी मुलाकात
“पवित्र रिश्ता” सीरियल में पराग के साथ काम कर चुकी स्वाति ने शेयर किया कि गणपति के समय वह पराग और शेफाली के घर गई थीं। उस समय उनके साथ सीनियर एक्ट्रेस उषा नाडकर्णी भी थीं। उस मुलाकात के बाद उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि यही आखिरी बार होगी जब वह शफाली से मिलेंगी। उन्होंने कहा, “मुझे अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि शेफाली अब इस दुनिया में नहीं हैं। यह सच समझ पाना बहुत मुश्किल है।”
एक चमकता सितारा जो बुझ गया
शेफाली जरीवाला भले ही एक म्यूजिक वीडियो के जरिए पॉपुलर हुईं, लेकिन उन्होंने अपने व्यक्तित्व से लाखों दिलों में जगह बनाई। वह एक खुशमिजाज, पॉजिटिव एनर्जी से भरी हुई इंसान थीं, जिनकी मुस्कान हर किसी का दिन बना देती थी। उनकी मौत ने हमें यह सिखाया है कि जिंदगी में कुछ भी निश्चित नहीं होता। जो आज है, वह कल शायद न हो। इसलिए अपनों से मिलने के वादों को टालिए मत।
