Surveen Chawla Casting Couch: फिल्म इंडस्ट्री के कई एक्टर्स ने कास्टिंग काउच से संबंधित अपने अनुभवों के बारे में बात की है। इसी लिस्ट में एक और नाम जुड़ गया है और वह नाम है सुरवीन चावला का। सुरवीन ने अपने एक नए इंटरव्यू में बताया है कि किस तरह एक डायरेक्टर ने यह जानते हुए कि उनकी हाल ही में शादी हुई है, उन्हें किस करने की कोशिश की थी। सुरवीन चावला इन दिनों पंकज त्रिपाठी की “क्रिमिनल जस्टिस सीजन 4” में अपनी एक्टिंग के लिए तारीफ़ें बटोर रही हैं। जल्दी ही नेटफ्लिक्स पर नजर आने वाली सुरवीन ने हाल ही में अपने कास्टिंग काउच अनुभव, मनोरंजन उद्योग की काली सच्चाई और बॉडी शेमिंग के बारे में स्पष्टता से बात की है।
सुरवीन चावल का कास्टिंग काउच अनुभव
हाल ही में एक इंटरव्यू में सुरवीन ने कास्टिंग काउच से जुड़े अपने एक अनुभव को शेयर करते हुए बताया कि यह सब मुंबई में हुआ था। सुरवीन ने एक प्रोफेशनल मीटिंग के लिए वीरा देसाई रोड पर एक डायरेक्टर के ऑफिस जाने की बात याद की।
उन्होंने बताया, “मैंने कई बार कास्टिंग काउच का अनुभव किया होगा। मैं आपको मुंबई के वीरा देसाई रोड के बारे में ही एक कहानी बताऊंगी। यह मेरी शादी के बाद की बात है। अपने ऑफिस केबिन में मीटिंग के बाद वह डायरेक्टर मुझे गेट पर छोड़ने आए और और अजीब बात यह थी कि हमने मीटिंग में भी मेरी शादी के बारे में बात की थी। उन्होंने मुझसे पूछा कि शादी के बाद सब कैसा चल रहा है और मेरे पति क्या करते हैं। हम उनके केबिन के अंदर बात कर रहे थे क्योंकि उनका ऑफिस बहुत बड़ा था। मीटिंग के बाद जब मैं बाय कहने के लिए दरवाजे तक आई, तो वह मुझे किस करने की कोशिश करते हुए मेरी तरफ झुके। मुझे यह सब इतना अजीब लगा कि मुझे उन्हें पीछे धकेलना पड़ा। मैं हैरत में पड़ गई और उनसे पूछा कि वह क्या कर रहे हैं। इसके बाद मुझे कुछ समझ नहीं आया, मैं बस बाहर निकल गई”।
सुरवीन का नहीं था यह पहला अनुभव
सुरवीन के साथ कास्टिंग काउच का यह पहला अनुभव नहीं था। साउथ फिल्म इंडस्ट्री की एक और चौंकाने वाली घटना में हिंदी या अंग्रेजी नहीं बोल पाने वाले एक डायरेक्टर ने एक दोस्त के जरिए ऐसी मांग की कि सुरवीन फिर चौंक गई। अनुवादक ने साफ लहजे में सुरवीन को बताया कि डायरेक्टर फिल्म की शूटिंग से पहले सुरवीन के साथ सोना चाहते हैं। सुरवीन इस बेशर्मी भरे प्रस्ताव से हैरत में थीं।
सुरवीन ने कहा, “कुछ लोग आपको इस स्थिति में ले जाते हैं, जहां आप खुद से सवाल करते हैं।” इसके बाद एक्ट्रेस ने उस समय को भी याद किया जब वह टेलीविजन से फिल्मों में जाने की कोशिश कर रही थीं, और मुंबई में अपनी पहली फिल्म मीटिंग के समय उनकी ‘लुक और वजन के साथ कमर की साइज, ब्रेस्ट की साइज’ पर सवाल उठाए गए थे।
सुरवीन के प्रोजेक्ट्स
इन दिनों सुरवीन का पूरा ध्यान अपने काम पर है। “क्रिमिनल जस्टिस सीजन 4” के बाद वह “राणा नायडू सीजन 2” की रिलीज के लिए तैयार हैं। उन्होंने राणा दग्गुबाती की इस नेटफ्लिक्स सीरीज में एक अहम रोल किया है।
