Arijit Singh in UK Stadium
Arijit Singh in UK Stadium

Arijit Singh in UK Stadium: भारतीय संगीत के लिए यह गर्व का क्षण है मशहूर गायक अरिजीत सिंह 5 सितंबर 2025 को लंदन के प्रतिष्ठित टोटनहैम हॉटस्पर स्टेडियम में परफॉर्म कर इतिहास रचने जा रहे हैं। यह पहली बार होगा जब कोई भारतीय कलाकार यूनाइटेड किंगडम के किसी स्टेडियम में हेडलाइन परफॉर्मेंस देगा।

इस खास अवसर को और भी ऐतिहासिक बनाता है यह तथ्य कि यह इस साल यूरोप में अरिजीत का एकमात्र शो होगा। साल 2024 में O2 एरीना में हुए उनके बेहद सफल और चर्चित कॉन्सर्ट के बाद, जहां ब्रिटिश पॉप स्टार एड शीरन की अचानक मौजूदगी ने दर्शकों को चौंका दिया था, यह परफॉर्मेंस उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का अगला बड़ा कदम माना जा रहा है।

सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में अरिजीत की आवाज़ की गूंज सुनाई दे रही है। लाइव नेशन के मुताबिक, स्पॉटिफाई पर 140 मिलियन फॉलोअर्स के साथ अरिजीत सिंह इस समय दुनिया के सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले कलाकार बन चुके हैं। यह उपलब्धि उन्हें अंतरराष्ट्रीय सितारों जैसे एड शीरन, टेलर स्विफ्ट, और एरियाना ग्रांडे से भी आगे ले जाती है।

दिलचस्प बात यह है कि वे इस मुकाम तक पहुंचने वाले पहले गैर-अंग्रेज़ी भाषी गायक हैं जो भारतीय संगीत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

अरिजीत सिंह और एड शीरन की केमिस्ट्री O2 एरीना में नजर आ चुकी है, और अब यह साथ एक कदम और आगे बढ़ रहा है। सीक्रेट लंदन की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों कलाकार जल्द ही एड शीरन के आगामी सिंगल ‘सफायर’ में एक साथ नजर आएंगे। इस कोलैबोरेशन को लेकर दुनियाभर में प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह है।

इतनी बड़ी उपलब्धियों के बावजूद, अरिजीत सिंह की विनम्रता आज भी उनकी पहचान बनी हुई है। टीओआई को दिए एक बयान में उन्होंने कहा, “मैं बस एक साधारण इंसान हूं जो गाता है। लंदन में दोबारा परफॉर्म करने का मौका पाकर मैं खुद को बेहद सौभाग्यशाली मानता हूं। अगर इस सफर में इतिहास बनता है, तो मैं खुद को धन्य समझूंगा।”

अरिजीत सिंह का यह सफर उन लाखों लोगों के लिए प्रेरणा है जो सपने देखते हैं और उन्हें हकीकत में बदलने का साहस रखते हैं। एक छोटे शहर से निकलकर वैश्विक मंच तक पहुंचने वाली उनकी कहानी हर भारतीय के गर्व की बात है।

5 सितंबर 2025 को लंदन में होने वाला यह शो न सिर्फ संगीत प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव होगा, बल्कि यह दिन भारतीय म्यूज़िक इंडस्ट्री के इतिहास में भी स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।

राधिका शर्मा को प्रिंट मीडिया, प्रूफ रीडिंग और अनुवाद कार्यों में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है। हिंदी और अंग्रेज़ी भाषा पर अच्छी पकड़ रखती हैं। लेखन और पेंटिंग में गहरी रुचि है। लाइफस्टाइल, हेल्थ, कुकिंग, धर्म और महिला विषयों पर काम...