Overview:
अधिकांश लोग ग्रीक योगर्ट को दही समझते हैं। लेकिन यह बात कितनी सही है, ग्रीक योगर्ट व दही में क्या अंतर है और क्या है आपकी सेहत के लिए अच्छा, आइए जानते हैं।
greek yogurt or curd: ‘ग्रीक योगर्ट’, सेहत की दुनिया का नया चलन है। एक ओर फिटनेस फ्रीक लोग इसे बेहद पसंद करते हैं। वहीं दूसरी ओर आज भी ऐसे कई लोग हैं जो इसके बारे में ज्यादा नहीं जानते हैं। अधिकांश लोग ग्रीक योगर्ट को दही समझते हैं। लेकिन यह बात कितनी सही है, ग्रीक योगर्ट व दही में क्या अंतर है और क्या है आपकी सेहत के लिए अच्छा, आइए जानते हैं।
क्या एक ही हैं ग्रीक योगर्ट और दही

ग्रीक योगर्ट और दही दोनों अलग-अलग हैं। हालांकि ये बनते दूध से ही हैं। दही को दूध में जामन लगाकर यानी किण्वन करके बनाया जाता है। वहीं ग्रीक योगर्ट दही को छानकर बनाया जाता है। दही बहुत ज्यादा गाढ़ा नहीं होता। यह एक शानदार प्रोबायोटिक है जो प्रोटीन और कैल्शियम से भरपूर होता है। इसमें मौजूद लैक्टोज बैक्टीरिया इसे हेल्दी बनाते हैं। वहीं ग्रीक योगर्ट काफी गाढ़ा और क्रीमी होता है। यह दही की तुलना में काफी तीखा होता है, जिसे मीठे से संतुलित किया जाता है। ग्रीक योगर्ट में दही से ज्यादा प्रोटीन और कम कैलोरी होती है। हालांकि यह भी एक प्रोबायोटिक है, जिसमें भरपूर मात्रा में कैल्शियम होता है।
दही या ग्रीक योगर्ट, क्या खाएं
दूसरा बड़ा सवाल यह होता है कि लोगों को घर का दही खाना चाहिए या ग्रीक योगर्ट। पिछले दिनों न्यूट्रिशनिस्ट शालिनी सुधाकर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर कर इसका जवाब दिया। उन्होंने बताया कि दही और ग्रीक योगर्ट दोनों ही संतुलित आहार का हिस्सा हो सकते हैं। दोनों के सेवन के शानदार फायदे होते हैं। साथ ही ये पोषण से लबालब होते हैं। शालिनी ने कहा कि अगर आप एक हाई प्रोटीन डेयरी प्रोडक्ट का सेवन करना चाहते हैं तो दही से बेहतर ग्रीक योगर्ट हो सकता है।
वेट लॉस में क्या है मददगार
शालिनी ने बताया कि अगर आप वेट लॉस करना चाहते हैं या कम फैट्स का सेवन करना चाहते हैं तो आपके लिए ग्रीक योगर्ट अच्छा विकल्प है। क्योंकि इसमें फैट्स बहुत कम होते हैं। ये दही को छान कर बनाया जाता है, ऐसे में इसका अतिरिक्त तरल पदार्थ निकल जाता है, जिससे गाढ़ा योगर्ट बनता है। इसमें दही से कहीं ज्यादा प्रोटीन होता है। हालांकि दही के सेवन से आंत सेहतमंद रहती हैं और पाचन तंत्र मजबूत होता है। दही कैल्शियम से भरपूर होता है, जिससे हड्डियां सेहतमंद रहती हैं।
इसलिए फायदेमंद है ग्रीक योगर्ट
न्यूट्रिशनिस्ट ने बताया कि दही फैट्स से भरपूर होता है, लेकिन इसमें प्रोटीन कम होता है। दही में मुख्य रूप से लैक्टिक एसिड होता है, जिसमें कैल्शियम और प्रोबायोटिक्स जैसे पोषक तत्व होते हैं। वहीं ग्रीक योगर्ट में स्ट्रेप्टोकोकस नामक बैक्टीरिया होता है, जो बेहद सेहतमंद होता है। इसमें फैट कम और प्रोटीन ज्यादा होता है। हालांकि अगर आपको दूसरे स्रोतों से भरपूर प्रोटीन मिल रहा है तो आप दही का सेवन कर सकते हैं। क्योंकि दही भी अपने आप में गुणकारी होता है। लेकिन शाकाहारी लोगों को अगर पर्याप्त प्रोटीन नहीं मिल पा रहा है तो ग्रीक योगर्ट आपके लिए ज्यादा बेहतर विकल्प हो सकता है।
