दुल्‍हन की चमक होगी ऐसी कि सब करेंगे तारीफ, जब लगाएंगी ये पाकिस्‍तानी उबटन: Pakistani Ubtan for Bride
Pakistani Ubtan For Bride Credit: Istock

Pakistani Ubtan For Bride: जैसे-जैसे शादी का समय करीब आता जाता है, सभी कपड़े, ज्‍वेलरी और सैलून बुकिंग जैसी चीजों की तैयारियों में जुट जाते हैं। इन सभी तैयारियों के बीच सबसे अहम होती है दुल्‍हन की तैयारी। शादी हर लड़की के लिए बेहद खास और यादगार दिन होता है, जिसकी तैयारियां वह कई महीनों पहले ही शुरू कर देती है। दुल्‍हन के लिए अपनी त्‍वचा की देखभाल करना उसकी पहली प्राथमिकता होती है। लेकिन कई बार समय की कमी और काम की जिम्‍मे‍दारियों के चलते दुल्‍हन खुद पर पूरी तरह से ध्‍यान नहीं दे पाती। तमाम सीरम, लोशन और क्रीम लगाने के बावजूद उसका चेहरा डल और बेजान नजर आता है। आपने कभी सोचा है कि जब ये ब्‍यूटी प्रोडक्‍ट नहीं थे तो हमारी दादी-नानी त्‍वचा की देखभाल कैसे किया करती थीं। दुल्‍हन की त्‍वचा को प्राकृतिक रूप से आकर्षक बनाने में विभिन्‍न प्रकार के उबटन मुख्‍य भूमिका निभाते हैं। ऐसा ही कई गुणों का खजाना है पाकिस्‍तानी उबटन जिसका इस्‍तेमाल दादी-नानी किया करती थीं। ये त्‍वचा को एक्‍सफोलिएट करके गहराई से साफ करता है साथ ही त्‍वचा को पोषित बनाता है। तो चलिए जानते हैं इस उबटन को कैसे बनाया और उपयोग किया जाता है।

Also read : पुरानी शॉल को इस तरीके से कर सकते हैं इस्तेमाल, कभी नहीं होगी वेस्ट : Reuse old shawl

पाकिस्‍तानी उबटन के फायदे

Pakistani Ubtan for Bride
Benefits of Pakistani Ubtan for Bride

उबटन एक बेहतरीन औषधिय गुणों से भरपूर पेस्‍ट होता है जो त्‍वचा को चमकदार बनाने के साथ निखारने में मदद करता है। खासकर पाकिस्‍तानी उबटन चेहरे की त्‍वचा को गहराई से साफ करके दाग-धब्‍बों से छुटकारा दिला सकता है। इसमें मौजूद विभिन्‍न सामग्री जरूरी पोषक तत्‍व जैसे एंटी-ऑक्‍सीडेंट और विटामिन से भरपूर हैं जो रोमछिद्रों को कसने और एंटी-एजिंग को कम करने का काम करते हैं। इसके नियमित प्रयोग से स्‍वस्‍थ चमकदार त्‍वचा आसानी से पाई जा सकती है। 

कैसे बनाएं पाकिस्‍तानी उबटन

पाकिस्‍तानी उबटन बनाने के लिए आपको अधिक सामग्री की आवश्‍यकता नहीं होगी। इसे आप आसानी से किचन में उपलब्‍ध चीजों से तैयार कर सकते हैं। इसके लिए चाहिए।

–  2 चम्‍मच बेसन

–  ¼ चम्‍मच हल्‍दी

–  1 चम्‍मच सूखे हुए मंदारिन के छिलके का पाउडर

–  1 चुटकी सोडा

–  1 चम्‍मच सूखे गुलाब का पेस्‍ट

–  1 चम्‍मच दही

उबटन बनाने की विधि

Method of making Ubtan
Method of making Ubtan

दुल्‍हन के लिए उबटन बनाने के लिए एक बड़ी कटोरी में सभी सामग्रियों को एक-एक करके डालें और अच्‍छी तरह मिलाते जाएं। पेस्‍ट को मिक्‍स करने के लिए थोड़ा-थोड़ा पानी या गुलाब जल मिलाएं। जब तक पेस्‍ट चिकना न हो जाए इसे मिलाते रहें। ध्‍यान रखें कि पेस्‍ट को अधिक देर तक रखा न रहने दें। इसे ताजा ही लगाएं तो अधिक असरदार होगा।

उबटन का कैसे करें उपयोग

उबटन लगाने से पहले चेहरे को क्‍लीजिंग मिल्‍क से अच्‍छी तरह साफ करें और गीले टॉवल से पोंछ लें। अब चेहरे और गर्दन पर उबटन की एक मोटी लेयर अप्‍लाई करें। होंठ और आंखों के आसपास का एरिया छोड़ दें। उबटन को चेहरे पर लगभग 15-20 मिनट के लिए लगा रहने दें या जब तक उबटन ड्राय नहीं हो जाता तब तक। कुछ देर बाद गीले हाथों से चेहरे पर सर्कुलर मोशन में मसाज करते हुए उबटन को हटाएं। फिर ठंडे पानी से मुंह धोकर मॉइस्‍चराइज करें। इस उबटन का प्रयोग हफ्ते में एक से दो बार किया जा सकता है। यदि आपकी ड्राय स्किन है तो इसका उपयोग हफ्ते में केवल एक बार ही करें। ओकेजन या पार्टी से पहले भी पाकिस्‍तानी उबटन का इस्‍तेमाल कर सकते हैं।