Pregnancy

गर्भावस्था में जांघ के दर्द से परेशान हैं, तो अपनाएं ये उपाय

गर्भावस्था में जांघ दर्द की परेशानी को दूर करने के लिए आप कुछ आसान से उपायों का सहारा ले सकते हैं।

Thigh Pain During Pregnancy : गर्भावस्था कई महिलाओं के लिए एक खूबसूरत सफर होता है क्योंकि इस समय उनके शरीर में एक नया जीवन फल रहा होता है जिसका इंतजार 9 महीनों तक किया जाता है। हालांकि, इस खूबसूरत सफर में महिलाओं को कई तरह के दर्द झेलने पड़ते हैं, जिसमें पेट दर्द, उल्टी, मूड स्विंग, वजन बढ़ना जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

कुछ महिलाओं को गर्भावस्था में जांघ में काफी ज्यादा दर्द होता है। गर्भावस्था के दौरान जांघ में दर्द होने का कारण सिंफिसिस प्‍यूबिस डिस्‍फंक्‍शन (Symphysis Pubis Dysfunction) हो सकता है। इसके कारण न सिर्फ जांघ में दर्द होता है, बल्कि जोड़ों में भी दर्द होता है। इस परेशानी को कम करने के लिए आप कई तरह के उपायों को सहारा ले सकते हैं। आइए जानते हैं प्रेग्नेंसी में जांघ के दर्द को दूर करने के क्या हैं उपाय?

जांघ की करें मालिश

प्रेग्नेंसी में अगर आपके जांघ में दर्द हो रहा है तो इस दौरान अपने जांघ की तेल से मालिश करें। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, दर्द की परेशानियों को कम करने में मालिश काफी ज्यादा प्रभावी होती है, क्योंकि इससे आपके शरीर में ब्लड फ्लो बेहतर होता है। जांघ की मालिश करने के लिए आप सरसों तेल, लहसुन का तेल, ऑलिव ऑयल जैसे तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं।

पर्याप्त मात्रा में पिएं पानी

जांघ में दर्द की परेशानी को कम करने के लिए आप अधिक से अधिक मात्रा में पानी पिएं। दरअसल, इस दौरान शरीर में पानी की कमी के कारण महिलाओं की परेशानियां बढ़ जाती हैं। ऐसे में शरीर को हाइड्रेट रखना बहुत ही जरूरी है। अगर आप जांघ में होने वाले दर्द को कम करना चाहते हैं तो प्रेग्नेंसी में पर्याप्त मात्रा में पानी जरूर पिएं।

स्ट्रेचिंग करें

जांघ में दर्द होने पर कुछ समय के लिए स्ट्रेचिंग करें। स्ट्रेचिंग करने से दर्द से तुरंत आराम मिलता है, क्योंकि स्ट्रेचिंग आपकी मांसपेशियों के तनाव को कम करता है। इससे दर्द से आराम मिल सकता है।

पेल्विक सपोर्ट बेल्ट पहनें

गर्भावस्था में जांघ के दर्द को कम करने के लिए आप पेल्विक सपोर्ट बेल्ट का प्रयोग कर सकते हैं। गर्भावस्था के दौरान बेल्ट पहनने से जांघ दर्द को कम करने में मदद मिलती है। साथ ही आपके जोड़ों और मांसपेशियों में होने वाले दर्द से भी आराम मिल सकता है।

एक्सरसाइज़ है जरूरी

गर्भावस्था में महिलाओं को हैवी एक्सरसाइज़ से बचना चाहिए, लेकिन इस अवस्था में शरीर को एक्टिव रखना भी जरूरी होता है। अगर आप चाहते हैं कि प्रेग्नेंसी में आपके जांघ में दर्द न हों, तो इस स्थिति से बचाव के लिए हल्के-फुल्के एक्सरसाइज़ जरूर करें। इससे मांसपेशियों का तनाव कम होता है, जो दर्द से राहत दिला सकता है।

आराम है जरूरी

कभी-कभी थकान अधिक होने की वजह से आपको जांघ में अधिक दर्द हो सकता है। ऐसे में आपको गर्भावस्था में आराम की सख्त जरूरत होती है। इससे जांघ के दर्द को कम किया जा सकता है। साथ ही लंबे समय तक खड़े होने से बचें। इससे दर्द की समस्या बढ़ सकती है।

गर्भावस्था में अगर आपके जांघ में काफी दर्द रहता है, तो इस स्थिति में आप इन उपायों का सहारा ले सकते हैं। इससे आपको काफी आराम मिलेगा। साथ ही अगर आपकी स्थिति ज्यादा बिगड़ रही है तो इस स्थिति में डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें।