Dairy Products Tips: डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन हर किसी के लिए बेहद आवश्यक माना गया है। जब आप डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन करते हैं तो इससे आपको केवल कैल्शियम ही नहीं मिलता है, बल्कि आप अन्य भी कई तरह के पोषक तत्वों को भी प्राप्त करते हैं। ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारी से बचने के लिए लोगों को डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन करने की सलाह दी जाती है। दूध से लेकर दही, पनीर आदि कई डेयरी प्रोडक्ट्स को व्यक्ति अपनी डाइट में शाामिल करता है।
लेकिन क्या आपको पता है कि डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन करने का भी एक सही तरीका व समय होता है। अगर डेयरी प्रोडक्ट्स को सही समय पर लिया जाए, तो यह आपकी सेहत के लिए वरदान साबित होते हैं। वहीं, अगर डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन गलत समय पर किया जाए तो यह आपके स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डाल सकते हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको डेयरी प्रोडक्ट्स के सेवन के सही समय के बारे में जानकारी दे रहे हैं-
डेयरी प्रोडक्ट्स से मिलने वाले लाभ

डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन सेहत के लिए कई मायनों में लाभकारी माना गया है। जैसे-
- यह आपकी गट हेल्थ के लिए काफी अच्छे हैं। विशेष रूप से अगर आप फरमेंटेड डेयरी प्रोडक्ट्स जैसे दही आदि का सेवन करते हैं, तो इससे आपको प्रोबायोटिक्स मिलते हैं। प्रोबायोटिक्स पाचन तंत्र से आंत तक के लिए लाभकारी माना गया है। यह आपके गट में गुड बैक्टीरिया की संख्या को बढ़ाता है।
- बोन हेल्थ का ख्याल रखने के लिए डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन करना सेहत के लिए बेहद आवश्यक माना गया है। इसमें कैल्शियम व विटामिन डी जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो बोन हेल्थ का ख्याल रखने में मददगार साबित होते हैं।
- बोन हेल्थ की ही तरह डेंटल हेल्थ का ख्याल रखने के लिए भी व्यक्ति को डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन करना चाहिए। सिर्फ ओरल हाइजीन का ख्याल रखकर ही डेंटल हेल्थ को बरकरार नहीं रख जा सकता है। डेयरी प्रोडक्ट्स में मौजूद कैल्शियम, फास्फोरस व प्रोटीन की उपस्थिति के कारण यह आपकी डेंटल हेल्थ को बेहतर बनाता है।
- अगर आप वेट लॉस करना चाहते हैं तो ऐसे में डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन करना आपके लिए लाभदायक है। अध्ययनों से पता चलता है कि एक दिन में कम से कम तीन बार दूध, दही या पनीर शामिल करने से लोगों को अधिक वजन, कमर से अधिक सेंटीमीटर को कम करने में मदद मिल सकती है।
- डेयरी प्रोडक्ट्स का नियमित रूप से सेवन करने आपके हृदय रोग का जोखिम कम होता है। साथ ही यह रक्तचाप को प्रबंधित करने में भी आपकी मदद कर सकता है।
डेयरी प्रोडक्ट्स में दूध का कब करें सेवन?

दूध का सेवन हर किसी के लिए भी बेहद लाभकारी माना गया है। दूध के सेवन के लिए रात का समय सबसे अच्छा माना गया है। दरअसल, यह आपको अच्छी नींद दिलाने में मददगार है और इसलिए सोने से पहले इसे पीना अच्छा रहता है। कम गतिविधि के कारण आपका शरीर रात में दूध से अधिकतम कैल्शियम अब्जॉर्ब कर पाने में सक्षम होता है। लेकिन यह ध्यान रखें कि सोने से पहले फुल फैट दूध का सेवन करने से बचें। हालांकि, आयुर्वेद में बच्चों के लिए दूध पीने की सलाह सुबह दी जाती है। अगर कोई व्यक्ति लैक्टोज इनटॉलरेंट है, तो वह डॉक्टर की सलाह पर बादाम का दूध या सोया मिल्क आदि का भी सेवन कर सकता है।
डेयरी प्रोडक्ट्स में दही का कब करें सेवन?

दूध के अलावा दही को भी सेहत के लिए बेहद ही लाभकारी माना गया है। इसमें कैल्शियम, प्रोटीन व विटामिन डी मौजूद होता है। यह एक प्रोबायोटिक है, जिसका अर्थ है कि यह आपकी गट हेल्थ के लिए अच्छा है, क्योंकि यह आपके गट में गुड बैक्टीरिया की संख्या को बढ़ाता है। साथ ही साथ, हड्डियों और दांतों को भी लाभ मिलता है। लेकिन इसका सही समय पर सेवन करना आवश्यक है। आप इसे अपने लंच में शामिल कर सकते हैं, लेकिन डिनर में इसका सेवन करने से बचना चाहिए। आयुर्वेद में भी रात में दही का सेवन ना करने की सलाह दी जाती है, क्योंकि इससे सर्दी-खांसी होने की संभावना बढ़ जाती है।
डेयरी प्रोडक्ट्स में चीज़ का कब करें सेवन?

चीज़ खाना बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी को भाता है। इसमें कैल्शियम और विटामिन बी-12 सहित कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। हालांकि, जब बात चीज़ को खाने की होती है, तो ऐसे में आप इसका सेवन सुबह के समय ही करें। रात के समय में चीज़ का सेवन करना उचित नहीं माना जाता है, क्योंकि रात्रि में इसका सेवन करने से आपका अपच और वजन बढ़ने की समस्या हो सकती है। यह आपके मल त्याग को भी प्रभावित कर सकता है और दस्त का कारण बन सकता है। जब आप चीज़ का सेवन कर रहे हैं तो इसकी मात्रा का भी ध्यान दें। अगर आप इसका सेवन अधिक करते हैं तो ऐसे में आपको निर्जलीकरण की समस्या भी हो सकती है।
डेयरी प्रोडक्ट्स में मक्खन का कब करें सेवन?

मक्खन एक ऐसा डेयरी प्रोडक्ट है, जिसमें फैट की मात्रा अधिक होती है। यही कारण है कि मक्खन का सेवन रात्रि में सोनेे से पहले करने से बचना चाहिए। आप इसे सुबह या दोपहर के समय सेवन कर सकते हैं। लेकिन बटर का सेवन करते समय यह ध्यान रखें कि आप इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करें। आप दिन में एक चम्मच से अधिक मक्खन ना लें। साथ ही, इसे नियमित रूप से भी खाने से बचें, क्योंकि इसमें सोडियम की मात्रा अधिक होती है।
