second marriage
आमतौर पर माता-पिता बच्चों की शादी को लेकर फिक्रमंद रहते हैं। मगर क्या कभी बच्चों को उनकी शादी पर बात करते हुआ सुना है! फिल्मों में ऐसी बातें देखने और सुनने को मिलती रही हैं लेकिन अब असल जिंदगी में भी ऐसे उदाहरण देखने को मिल रहे हैं। जहां बच्चे माता-पिता की दूसरी शादी करवा रहे हैं।
बच्चों की शादी को लेकर माता-पिता कई सारे सपने देखते हैं लेकिन क्या बच्चे उनकी दूसरी शादी को लेकर सहज हो पाए हैं। कम से कम साधारण आदमी की जिंदगी में तो ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है। हालांकि, बॉलीवुड में यह चलन अब पुराना हो चला है। जहां बच्चे, पिता की दूसरी शादी में शामिल हो रहे हैं। चाहे वो सारा अली खान हो या फिर ईरा खान उन्हें पिता की दूसरी शादी से कोई दिक्कत नहीं है।
मसाबा गुप्ता को ही ले लीजिए। उन्होंने अपनी मां नीना गुप्ता की शादी की ड्रेस खुद डिजाइन की थी। यह बात और है कि नीना गुप्ता की यह पहली शादी थी। फिर उम्र के इस पड़ाव में शादी करना उनके लिए कितना चुनौतीपूर्ण रहा होगा। ऐसे में मसाबा का अपनी मां के लिए जीवनसाथी ढूंढना एक नई सोच को दर्शाता है।
इन सब बातों से अलग इस पर आपकी क्या राय है? क्या आप भी यही मानते हैं कि मां या पिता की दूसरी शादी करवाने वाली सोच केवल फिल्मी दुनिया तक ही सीमित रहनी चाहिए। और यह समाज के लिए एक गलत उदाहरण है या फिर आप उन लोगों में से हैं जो ये मानते हैं कि किसी को भी अकेले नहीं रहना चाहिए। आइए जानते हैं इस विषय पर नई पीढ़ी की क्या सोच है! आइए जानते हैं किस तरह बच्चें समाज का नजरिया बदल रहें हैं-
शादी की क्या जरूरत
यह सवाल अकसर उन बच्चों के मन में जरूर उठता होगा, जिनके पिता या अधिक उम्र में शादी करना चाहते हैं। रिश्तेदार भी दबे मुंह हंसते हैं कि बुढ़ापे में ऐसे क्या जरूरत है लेकिन हर उम्र में जीवनसाथी का साथ चाहिए होता है। शायद इसलिए एक समय के बाद जीवन में किसी के साथ की जरूरत महसूस होने लगती है।
यह बात माता-पिता बखूबी समझते हैं और अब बच्चे भी इस बात को समझ रहे हैं। कहीं बेटियां अपने पिता की बरात लेकर जाती हैं तो कहीं भाई-बहन की जोड़ी अपनी मां को हल्दी लगाते हुए बेहद खुश नजर आ रहें हैं। एक समय था जब अपने टीनएजर बच्चों से माता-पिता अपनी दूसरी शादी की बात कहते हुए हिचकिचाते थे।
बच्चों के लिए कितना मुश्किल
किसी भी बच्चें के लिए ये आसान नहीं होता है कि उसके मां-बाप की जगह कोई और ले। बचपन से जिस कमरे के बारे में बताया गया हो कि ये मम्मी-पापा का बेडरूम है, उस कमरे में जाने वाला व्यक्ति यदि बदल जाए तो बुरा लगता ही है।
धीरे-धीरे इसकी आदत हो जाती है। फिर कुछ अजीब नहीं लगता है। धीरे-धीरे हमारे रिश्ते नए व्यक्ति के साथ भी अच्छे हो जाते हैं। अब बच्चे भी समझते हैं कि उम्र के अंतिम समय में अकेले मां-बाप को उनके साथी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। कोई किसी की जगह तो नहीं ले सकता है पर हर इंसान अपनी खुद की जगह तो बना ही लेता है।
आजकल के बच्चों की सोच बिल्कुल बदल गई। अब न तो बच्चें छोटे हैं न ही घर-परिवार संभालने वाली की आवश्यकता। जैसे-तैसे बिना साथी के इतना जीवन कट गया है तो आगे भी कट ही जाएगा। जबकि इस उम्र में जीवनसाथी की जरूरत सबसे ज्यादा पड़ती है। एक समय के बाद बच्चों की अपनी दुनिया हो जाती है।
वे अपने परिवार, दोस्त और ऑफिस में व्यस्त रहते हैं। उनके पास चाहकर भी माता-पिता के लिए समय नहीं मिल पाता है। आपको हमेशा किसी ऐसे साथी की तलाश रहेगी, जिसके साथ आप सुकून से दो पल अपने मन की बातें कह सकें। आपका ये अकेलापन आपको दिन-रात सताता है।
बॉलीवुड में किस्से हैं आम
वैसे तो बॉलिवुड में शादी और तलाक होना आम बात है। यहां काम के दौरान कलाकारों के दिल मिल जाया करते हैं। नतीजन एक दूसरे को डेट करने के बाद कपल शादी के बंधन में बंध जाते हैं। बॉलीवुड में ऐसे कई नाम हैं, जिन्होंने अपने बच्चों के बाद दूसरी शादी की जिसमें बोनी कपूर, आमिर खान, नीना गुप्ता और सैफ अली खान जैसे मशहूर नाम शामिल हैं।
इन कलाकारों के बच्चों ने भी अपने माता-पिता की दूसरी शादी पर पूर्ण सहमति जता दी इसको आप साफ तौर से देख सकते हैं। बॉलिवुड इंड्रस्टी तलाक और दूसरी शादी का सर्वोत्तम उदाहरण हैं। सैफ और करीना की जोड़ी से तो आप परिचित ही होंगे।
आपको याद हो ‘कॉफी विद करण में आई सैफ अली खान और अमृता सिंह की बेटी सारा अली खान की यादें और बातें उन बच्चों से बिल्कुल अलग है जो अपने माता-पिता की दूसरी शादी और सौतेले रिश्तों से नाराजगी जताते हैं। सैफ को अब्बा कहने वाली सारा, करीना को छोटी मां नहीं कहती हैं।
उनका मानना है कि जिस दिन उन्होंने करीना को छोटी मां कह दिया तो उनका नर्वस ब्रेकडाउन हो जाएगा। बेशक सारा, करीना को मां नहीं कहती बल्कि सारा उन्हें अपना अच्छा दोस्त जरूर मानती हैं और उनके साथ घूमना शोपिंग करना पसन्द करती हैं। सारा करीना को सौतेली मां न सोचकर अपने पिता की खुशियों को पहले रखती हैं।
मां की दूसरी शादी में की शिरकत
अब वहीं दूसरी जोड़ी नीना गुप्ता और विवेक मेहरा की बात करें तो ये दोनो काफी उम्र के बाद शादी के बंधन में बंधे। नीना के विवियन रिचर्ड्स के साथ रिश्ते की बात तो किसी से छुपी नहीं है। विवियन से नीना को एक बेटी भी है जिसका नाम मसाबा है। लेकिन जब मसाबा का जन्म हुआ तो लोगों को लगने लगा था कि नीना और विवियन ने शादी कर ली लेकिन ऐसा कुछ नहीं था।
विवियन और नीना का रिश्ता वहीं खत्म हो गया था। नीना ने अपनी बेटी की अकेली परवरिश की और उसे काबिल बनाया। आज मसाबा बॉलीवुड का परिचित चेहरा बन चुकी है। अपनी मां के साथ मसाबा बेहद खुश रहती हैं और मां की दूसरी शादी के फैसले को मसाबा ने खुशी-खुशी स्वीकार किया। शादीसुदा विवियन रिचर्ड्स से रिश्ते खत्म होने के बाद 2008 में नीना ने विवेक मेहरा से ही शादी की। आपको बता दें इस साल नीना 15 जुलाई को अपनी 14वीं शादी का सालगिरह मनाएगी।
जिन्दगी दोबारा मौका देती है
कौन कहता है कि जिंदगी दोबारा मौका नहीं देती है नजरिया बदल कर देखिए खुशियां आपका बाहें फैलाकर इंतजार करती हैं। सौतेले बाप और सौतेली मां की सोच से उठकर अब बच्चें मां बाप की खुशियों को ज्यादा तवज्जों देते हैं। हम गर्व के साथ कह सकते हैं की मां बाप की दूसरी शादी को लेकर अब बच्चों की सोच पूरी तरह बदल चुकी है।
अब बच्चें भी समझने लगे हैं की हर वक्त तो हम उनके साथ नहीं रह सकते है एक जीवन साथी ही जीवन भर साथ निभा सकता है। आखिर खुशियां पाने का सभी को हक है फिर उम्र कोई भी हो। उम्मीद करती हूं आपको हमारा यह आर्टिकल पसंद आया होगा।
