Signs Of Depression: दोस्ती एक ऐसा रिश्ता होता है, जिसे हम खुद चुनते हैं। आमतौर पर, हम खुद ही सामने वाले व्यक्ति से दोस्ती करते हैं और फिर अपने दोस्त के लिए हमेशा खड़े रहते हैं। लेकिन कभी-कभी ऐसा भी होता है कि हमारा दोस्त परेशानी में होता है और हमें इस बात का पता भी नहीं चल पाता है। मसलन, अगर वह तनाव या डिप्रेशन में है तो इसके बारे में वह किसी ने नहीं कह पाता है। यहां तक कि खुद उसे भी नहीं पता होता है।
ऐसे में यह दोस्त की जिम्मेदारी बनती है कि वह अपने दोस्त की परेशानी को समझे और यह जानने का प्रयास करे कि कहीं उसका दोस्त डिप्रेशन में तो नहीं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे ही संकेतों के बारे में बता रहे हैं, जो यह बताते हैं कि आपका दोस्त डिप्रेशन में है-
यह भी देखे-Depression in Women: महिलाएं होती हैं ज्यादा डिप्रेशन की शिकार, इन तरीकों से निकले उदासी से बाहर
Signs of Depression: 1) अलग तरह से व्यवहार करना

जब कोई व्यक्ति डिप्रेस्ड होता है तो सबसे पहले उसके व्यवहार में परिवर्तन आता है। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि तनाव का स्तर बहुत अधिक बढ़ जाने से व्यक्ति की मेंटल हेल्थ पर असर पड़ता है। ऐसे में व्यक्ति अलग तरह से सोचना व व्यवहार करना शुरू कर देता है। हो सकता है कि आपको ऐसा लगने लगे कि अब आपका दोस्त वह है ही नहीं, जो वह हुआ करता था। आपका मिलनसार और बातूनी दोस्त अब चुप-चुप रहने लगा हो। ऐसा भी हो सकता है कि अब वह ग्रुप में किसी के साथ बात ही ना करता हो और बेहद शांत रहने लगा हो। ऐसे में आपको जल्द से जल्द अपने दोस्त को मदद पहुंचानी चाहिए।
2) नेगेटिव बातें करना
जब एक व्यक्ति डिप्रेस्ड होता है तो उसका दिमाग कभी भी पॉजिटिव नहीं सोच पाता है। ऐसा व्यक्ति हर चीज के नकारात्मक पहलुओं को ही देखता है। हो सकता है कि उसे आस-पास सिर्फ नेगेटिविटी ही नजर आए। ऐसे में उसकी बातों से भी वह नेगेटिविटी झलकती है। वह किसी भी चीज में खुशी नहीं देखता है। यह भी हो सकता है कि वह आत्महत्या या मरने जैसी बातें करने लग जाए। यह एक संकेत होता है कि आपका दोस्त अवसाद में है।
3) बुरी चीजों का सेवन करना
अगर आपके दोस्त ने शराब, सिगरेट या फिर नशायुक्त चीजों का सेवन करना शुरू कर दिया है तो ऐसे में आपको तुरंत अलर्ट हो जाना चाहिए। जो लोग अवसाद में होते हैं, उनके लिए खुद को ही हैंडल कर पाना काफी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में वे अपने तनाव को मैनेज करने के लिए खुद को नशे में रखना पसंद करते हैं। हालांकि, इस तरह उनकी स्थिति बद से बदतर हो जाती है।
4) अपनी पसंदीदा चीजों से दूरी बनाना
हर व्यक्ति की कोई ना कोई पसंद होती है, जिसे वे खाना, खेलना या फिर करना पसंद करते हैं। लेकिन जब एक व्यक्ति डिप्रेशन में होता है तो उसके लिए कुछ भी पसंद-नापसंद नहीं रह जाती है। उन्हें ऐसी किसी भी एक्टिविटी में मजा नहीं आता है, जो हमेशा से उनकी फेवरिट हुआ करती थी। अगर आपका दोस्त भी अपनी पसंदीदा एक्टिविटी करने के लिए मना करने लगा है तो अब आपको सतर्क हो जाना चाहिए।
5) खाने-पीने में बदलाव होना
डिप्रेशन में होने पर व्यक्ति के खाने-पीने की आदतों में भी बदलाव देखने को मिलता है। हो सकता है कि अब वह सामान्य से अधिक या कम खाना शुरू कर दे। अक्सर जब लोग परेशान होते हैं तो वे खुद को अच्छा फील करने के लिए खाने परर अधिक फोकस करते हैं। इसके अलावा, कई बार बहुत अधिक तनाव होने पर उनकी भूख पूरी तरह से खत्म हो जाती है।
6) थका हुआ महसूस होना
अगर आपका दोस्त आपको यह कहता है कि उन्हें रात में सोने में परेशानी हो रही है या वे रात में सो जाते हैं लेकिन बीच रात उठ जाते हैं और घंटों तक जागते रहते हैं, तो यह भी अवसाद का एक संकेत हो सकता है। बहुत अधिक तनाव या अवसाद होने पर व्यक्ति तरह-तरह की नेगेटिव बातें सोचता रहता है, जिससे उसे रात में नींद ना आने की समस्या होती है। बेहतर तरह से नींद ना आने के कारण उन्हें हरवक्त थकान या एनर्जी में कमी महसूस होती है। हालांकि, यहां आपको यह भी जानना चाहिए कि रात में नींद ना आने की समस्या के पीछे अन्य भी कई वजहें जिम्मेदार हो सकती हैं। इसलिए, इस स्थिति में डॉक्टर को दिखाना बेहद आवश्यक होता है।
7) वजन में अचानक बदलाव होना
अगर आप अपने दोस्त के वजन में अचानक काफी बदलाव देख रहे हैं तो यह भी एक संकेत है कि आपको सतर्क हो जाना चाहिए। अधिकतर मामलों में, जब व्यक्ति डिप्रेशन में होता है तो उसके वजन में भी असर नजर आता है। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि उसके खान-पान में भी काफी बदलाव आता है। अधिकतर लोग डिप्रेशन में होने पर या तो बहुत अधिक खाना शुरू कर देते हैं या फिर उनकी भूख बिल्कुल ही खत्म हो जाती है। जिससे उनका वजन तेजी से बढ़ने लगता है या फिर कम होने लगता है। हालांकि, कई बार कुछ अन्य स्वास्थ्य कारणों के चलते भी व्यक्ति का वजन कम या ज्यादा होने लगता है। इसलिए इस स्थिति में एक बार डॉक्टर को अवश्य दिखाना चाहिए।