Overview:नाखूनों की खूबसूरती बनाए रखने के लिए ज़रूरी है सही देखभाल
नाखूनों की सही देखभाल सिर्फ मैनीक्योर या नेल आर्ट तक सीमित नहीं है, बल्कि आपकी रोज़मर्रा की आदतों में भी छिपी है। नेल केयर मिस्टेक्स को सुधारकर आप न केवल अपने नाखूनों को मज़बूत बना सकती हैं, बल्कि उनकी चमक और खूबसूरती भी लंबे समय तक बरकरार रख सकती हैं।
Nail Care Mistakes: हर कोई चाहता है कि उसके नाखून सुंदर, चमकदार और मज़बूत दिखें। पर क्या आपने कभी सोचा है कि आपकी कुछ छोटी-छोटी आदतें ही आपके नाखूनों को कमजोर और टूटने वाला बना रही हैं? अक्सर हम नाखूनों की देखभाल करते समय कुछ ऐसी आम गलतियाँ कर बैठते हैं, जो अनजाने में ही उन्हें नुकसान पहुंचा देती हैं। अगर आपके नाखून बार-बार टूटते हैं, परतदार हो जाते हैं या कमजोर दिखने लगे हैं, तो हो सकता है आप भी इन नेल केयर मिस्टेक्स के शिकार हों। आइए जानते हैं वो आदतें जिन्हें सुधारकर आप पा सकते हैं हेल्दी और मजबूत नाखून।
नेलपॉलिश रिमूवर का ज़रूरत से ज़्यादा इस्तेमाल

अक्सर महिलाएं बार-बार नेलपॉलिश बदलने के लिए एसीटोन युक्त रिमूवर का बार-बार इस्तेमाल करती हैं। ये नाखूनों की प्राकृतिक नमी को छीन लेता है, जिससे वे ड्राई और ब्रिटल हो जाते हैं। बेहतर है कि नॉन-एसीटोन रिमूवर का प्रयोग करें और हफ्ते में एक बार से ज़्यादा न करें।
नाखूनों को काटने या चबाने की आदत
तनाव या आदत के चलते कई लोग नाखून चबाने लगते हैं। इससे न केवल नाखून कमजोर होते हैं, बल्कि इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ जाता है। इस आदत से न सिर्फ नाखूनों की शेप बिगड़ती है बल्कि उनकी जड़ें भी क्षतिग्रस्त हो सकती हैं।
मॉइस्चराइज़ न करना
हम चेहरे और हाथों को तो मॉइस्चराइज़ करते हैं लेकिन नाखूनों को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। ड्रायनेस ही नाखूनों के टूटने और पील होने की बड़ी वजह है। रोज़ाना हाथों पर क्रीम या तेल लगाते समय नाखूनों और क्यूटिकल्स पर भी ध्यान दें।
बहुत ज्यादा पानी में हाथ डालना
बर्तन धोना, कपड़े धोना या बार-बार हाथ धोने से नाखून लंबे समय तक पानी में भीगे रहते हैं, जिससे वे कमजोर पड़ जाते हैं। लंबे समय तक पानी में रहने से नाखूनों की ताकत कम होती है और वे जल्दी टूटते हैं। ऐसे में ग्लव्स पहनना एक अच्छा उपाय है।
हार्ड नेल प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल
बहुत सारे नेल हार्डनर या लो-ग्रेड नेलपॉलिश में हानिकारक केमिकल होते हैं जो नाखूनों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इन्हें रोज़ाना इस्तेमाल करने से नाखूनों में पीलापन और झड़ने जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं।
क्यूटिकल्स को काटना या पीछे धकेलना
कई लोग मैनीक्योर करते वक्त क्यूटिकल्स को काटते या जोर से पीछे धकेलते हैं, जिससे नाखूनों की रूट पर असर पड़ता है। इससे नाखूनों की ग्रोथ धीमी हो सकती है और इंफेक्शन का खतरा भी होता है। क्यूटिकल्स को सुरक्षित रखना ज़रूरी है।
पोषण की कमी
नाखूनों के स्वस्थ रहने के लिए बायोटिन, आयरन, कैल्शियम, जिंक और प्रोटीन जैसे पोषक तत्व बेहद ज़रूरी हैं। डाइट में इनकी कमी नाखूनों को कमजोर बना देती है। अपने आहार में अंडे, मेवे, हरी पत्तेदार सब्जियाँ और दालें शामिल करें।
