Neem Karoli Baba
Neem Karoli Baba

Neem Karoli Baba: नीम करोली बाबा एक दिव्य व असाधारण संत थे, जिन्होंने अपने उपदेशों से कई लोगों को प्रेरित किया है। आज बाबा हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन फिर भी लोगों की उनसे खास अटूट आस्था जुड़ी है। उनके नाम जाप, स्मरण और फोटो को देखने मात्र से ही लोगों को शांति मिलती है। वो खुद को सुरक्षित और मानसिक रूप से स्थिर महसूस करते हैं। बाबा ने जीवन से जुड़ी कई ऐसी कठोर बातों के बारे में बताया है, जिन्हें अपनाने और उन पर ध्यान देने से व्यक्ति का जीवन बदल सकता है।आज हम आपको नीम करोली बाबा द्वारा बताई गई उन शिक्षाओं के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आपका जीवन पूरी तरह से बदल सकती हैं। यदि इन बातों का ध्यान आप हर समय रखते हैं, तो आप आसानी से मुश्किल से मुश्किल समय को पार कर लेंगे।

सेवा करें

बाबा का मानना था कि हर व्यक्ति को अवसर मिलने पर दूसरों की सेवा करनी चाहिए। यदि आप सक्षम हैं, तो जरूरतमंदों को भोजन कराना आवश्यक है। साथ ही, भगवान का ध्यान अवश्य करें, क्योंकि इससे मन शुद्ध रहेगा और आपको अपने पुण्य का फल निश्चित रूप से प्राप्त होगा।

प्रेम से बात करें

बाबा का विश्वास था कि प्रेम सबसे प्रभावशाली औषधि है, जिसकी मधुरता से किसी का भी हृदय जीता जा सकता है। इसलिए, हमेशा सभी से प्रेमपूर्वक बातचीत करें। प्रेम ही वह शक्ति है जो हमें जोड़ती है और हमारे भीतर करुणा को जागृत करती है।

क्षमा की भावना रखें

नीम करोली बाबा कहते थे कि दूसरों को क्षमा करना मनुष्य की सबसे बड़ी ताकत है। उनके अनुसार, क्षमा न केवल हमारे मन को शांति देती है, बल्कि हमारे भीतर छिपे क्रोध और नकारात्मकता को भी समाप्त कर देती है। जब हम दूसरों के प्रति क्षमा की भावना रखते हैं तो इससे हमारा मन हल्का होता है और शांति का अनुभव होता है।

लोगों की मदद करें

बाबा कहते थे कि जो लोग दूसरों की सहायता करते हैं, उन्हें जीवन में कभी कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ता। यदि आप निष्कपट भाव से किसी की मदद करते हैं, तो आपको पुण्य प्राप्त होता है और देवी-देवताओं की विशेष कृपा मिलती है।

महिलाओं को मां के रूप में देखें

नीम करौली बाबा कहते हैं कि सभी महिलाओं को मां के रूप में देखें। उनकी सेवा ठीक वैसे ही करें, जैसे आप अपनी माता की सेवा करते हो। बाबा का मानना था कि जब पूरी दुनिया महिलाओं को मां के रूप में देखेगी, तो उनके अंदर अहंकार, जलन और नकारात्मक भावनाओं का जन्म नहीं होगा। इससे उनके जीवन में सदा खुशहाली बनी रहेगी।

सत्य का मार्ग अपनाएं

नीम करोली बाबा ने सिखाया कि हर व्यक्ति को जीवन में हमेशा सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए। यदि आप ईमानदारी और सत्यनिष्ठा से कार्य करते हैं, तो न ही किसी का दिल दुखेगा और न ही किसी को कोई हानि पहुंचेगी।

इन चीजों का करें त्याग

नीम करोली बाबा का विश्वास था कि कामवासना, क्रोध, मोह और लोभ जैसे विकार मनुष्य को पतन की ओर ले जाते हैं। इसलिए, व्यक्ति को इनसे दूर रहना चाहिए।

मेरा नाम श्वेता गोयल है। मैंने वाणिज्य (Commerce) में स्नातक किया है और पिछले तीन वर्षों से गृहलक्ष्मी डिजिटल प्लेटफॉर्म से बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हूं। यहां मैं महिलाओं से जुड़े विषयों जैसे गृहस्थ जीवन, फैमिली वेलनेस, किचन से लेकर करियर...