Financial Planning: पेरेंट्स बनना निसंदेह जीवन का सबसे रोमांचक अनुभव में से एक होता है। आप न केवल अपने परिवार में एक नए सदस्य का स्वागत करते हैं बल्कि एक नई लाइफस्टाइल को भी अपनाते हैं। इसमें आपकी दिनचर्या से लेकर विभिन्न फाइनेंशियल जिम्मेदारियां शामिल होती हैं। सच मायने में बच्चे बेहद एक्सपेंसिव होते हैं,उसमें उनके डायपर का खर्च, डेकेयर की फीस, डॉक्टरी खर्चे और न जाने कितने बिल शामिल होते हैं। बच्चे के पालन-पोषण से लेकर उसे बेहतर शिक्षा देना हर माता-पिता का कर्तव्य होता है। यही वजह है कि वर्तमान में कपल्स बच्चा प्लान करने से कतराने लगे हैं। लेकिन बच्चा प्लान करने से पहले यदि आने वाले खर्चों को पहले से प्लान कर लिया जाए तो बच्चे की जिम्मेदारी बोझ नहीं लगेगी। यदि आप बच्चा पैदा करने के बारे में विचार कर रहे हैं तो ये फाइनेंशियल टिप्स आपके काम आ सकती हैं। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में।
बच्चे का बनाएं बजट

प्रेग्नेंसी के दौरान हॉस्पिटल का खर्च का अनुमान लगाकर ही आगे की योजनाएं बनाएं। इसके अलावा डिलीवरी में होने वाले खर्च की भी गणना करें। यदि आप विभिन्न विकल्पों द्वारा प्रेग्नेंसी प्लान कर रहे हैं तो उसका खर्च अलग से लगाएं। इसमें बच्चे की आवश्यक चीजें जैसे कपड़े, डायपर, बेबी मिल्क, फर्नीचर, वैक्सीन और मेडिकल बिल शामिल करें।
पुरानी चीजों का यूज
पहले हर घर में 3-4 बच्चे हुआ करते थे जो एक-दूसरे के कपड़े, सामान और जरूरत की चीजें साझा करते थे। छोटे बच्चों का सामान जैसे झूला, कपड़े, बेड और साइकिल आप अपने परिवारजनों से शेयर कर सकते हैं। शुरुआत में केवल उन चीजों पर ही खर्च करें जिसकी आवश्यकता हो।
डिस्काउंट में सामान लें
आजकल ऑफलाइन और ऑनलाइफ कई स्टोर्स में बड़े और अच्छे ऑफर मिल जाते हैं। बच्चों का सामान भारी छूट वाले स्टोर्स से ही खरीदें ताकि कुछ सेविंग की जा सके। बच्चों के प्रोडक्ट्स बाद में काम नहीं आते इसलिए महंगे और बड़े ब्रान्ड पर न जाएं। ये केवल दिखावा मात्र होता है।
इमरजेंसी फंड बनाएं

डिलीवरी के दौरान या बाद में पैसों की कब जरूरत पड़ जाए कहा नहीं जा सकता इसलिए एक इमरजेंसी फंड बनाएं। छोटी-मोटी जरूरतों के लिए इस फंड का इस्तेमाल न करें। इससे आप इमरजेंसी के लिए तैयार रह सकते हैं।
फिजूलखर्ची न करें
अपने नवजात शिशु के लिए खरीदारी सोच-समझकर करें। बच्चे के लिए सुंदर-सुंदर कपड़े और खिलौने खरीदना हर किसी को अच्छा लगता है लेकिन बेवजह चीजें खरीदने से आपका बजट बिगड़ सकता है। हालांकि कुछ हद तक फिजूलखर्ची ठीक है लेकिन ये चीजें आपको कुछ दिन की खुशी दे सकती हैं। सामान खरीदने का खर्च और उसे स्टोर करना मुश्किल हो सकता है। अच्छे माता-पिता बनने के लिए हर चीज का संतुलन आवश्यक है जिसमें सभी चीजें शामिल हैं।
इंश्योरेंस पॉलिसी को करें अपडेट
बच्चा आने के पहले अपनी इंश्योरेंस पॉलिसी को अपडेट करें। ये परिवार की वित्तीय सुरक्षा के लिए आवश्यक है। सुनिश्चित करें कि आपकी पॉलिसी आपके परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त कवरेज प्रदान कर सके। अपने विकल्पों का पता लगाने के लिए वित्तीय सलाहकार से बात करें।
