हिमाचल प्रदेश का मंडी शहर है खूबसूरत नजारों का केंद्र, इन जगहों पर घूमने का बनाएं प्लान: Mandi Tourist Places
Mandi Tourist Places

हिमाचल प्रदेश का मंडी शहर है खूबसूरत नजारों का केंद्र, इन जगहों पर घूमने का बनाएं प्लान: Mandi Tourist Places

आज हम आपको हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर के बारे में बताने वाले हैं, जहां घूमने के लिए काफी कुछ है और अगर आपको भी घूमने का काफी शौक है, तो आप गर्मी में मंडी घूमने के लिए जा सकते हैं।

Mandi Tourist Places: जिन भी लोगों को ट्रैवलिंग का शौक होता है, वह नई-नई जगह को एक्सप्लोर करने के लिए आतुर रहते हैं। खास तौर पर पर्यटकों के लिए पहाड़ और वादियां हमेशा से आकर्षण का केंद्र रहा है। भारत में कई हिल स्टेशन है, जहां पर आपको एक से बढ़कर एक खूबसूरत नजारे देखने के लिए मिल जाएंगे। खास तौर पर हिमाचल प्रदेश की बात ही अलग है। यहां पर आपको ऐसी कई जगहें मिलेंगी, जहां न सिर्फ आप घूम सकते हैं बल्कि एडवेंचर्स एक्टिविटीज भी कर सकते हैं। आज हम आपको हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर के बारे में बताने वाले हैं, जहां घूमने के लिए काफी कुछ है और अगर आपको भी घूमने का काफी शौक है, तो आप गर्मी में मंडी घूमने के लिए जा सकते हैं।

Also read: 20+ ग्वालियर में घूमने के लिए बेहतरीन स्थान और प्रमुख दर्शनीय स्थल

Mandi Tourist Places
Rivalsar Jheel

हिमाचल प्रदेश के मंडी से लगभग 23 किलोमीटर की दूर स्थित रिवालसर झील हिंदू से लेकर बौद्ध और सिखो का साझा तीर्थस्थल है। यह झील तैरने वाले टापुओं के लिए भी प्रसिद्ध है। जो कई तरह के निर्माण कार्यों और जलवायु में परिवर्तन के चलते अब दिखाई नहीं देते हैं। इस झील के पास एक चिड़ियाघर भी है, जो पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है।

Shikari Devi temple
Shikari Devi temple

मंडी शहर कई पुराने मंदिरों के लिए फेमस है और शिकारी देवी मंदिर उनमें से एक है। यह मंदिर शोर-शराबे से भी दूर है। यह मंदिर पत्थर की छवि के रूप में शिकारी देवी को समर्पित है और इसकी छत नहीं है। आप अगर इस मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे हैं, तो सूर्योदय और सूर्यास्त का भी आनंद ले, क्योंकि इस समय यहां का नजारा कुछ अलग होता है।

मंडी में घूमने के लिए सबसे अच्छी जगहों में, कामाक्षा देवी मंदिरदेवी दुर्गा को समर्पित है। यह एक लकड़ी का मंदिर है। मंदिर में पांडव काल की मूर्तियां मौजूद हैं। ये मूर्तियां अष्टधातु की बनी हुई हैं। इस मंदिर को लेकर कहा जाता है कि देवी के द्वारा राक्षस महिशाशुर को भैंस होने का श्राप इसी जगह पर दिया गया था। इस मंदिर में कुछ समय पहले तक नवरात्रि के दौरान भैंस की बहुत कुर्बानी दी जाती थी। लेकिन अब इस प्रथा पर रोक लग चुकी है।

अगर आप मंडी में भी किसी बेहतरीन और शांत जगह घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो फिर आपको सुंदरनगर ज़रूर पहुंचना चाहिए। चारों तरफ हरियाली देखकर आप यक़ीनन किसी अन्य जगह को भूल जाएंगे। आपको बता दें कि इस छोटी ही जगह का प्रमुख आकर्षण ब्यास-सतलज परियोजना के पानी द्वारा निर्मित मानव निर्मित झील है, जहां हर साल हजारों सैलानी घूमने के लिए पहुंचते हैं। (भारत के 5 सबसे ठंडे शहर) सर्दियों के मौसम में यहां घूमने का एक अलग ही मज़ा है।

Shyamakali Temple
Shyamakali Temple

यह मंदिर भी अपना एक अलग ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व रखता है। यह मंदिर भगवान शिव की पत्नी सती को समर्पित है। इस मंदिर की स्थापना टारना पहाड़ी पर की गई थी। इसी कारण आज के समय में लोग इसे टारना देवी मंदिर कहकर भी पुकारते है। यह मंदिर मंडी में स्थित प्राचीन मंदिरों में से एक है, जिसका निर्माण राजा श्याम सेनने 1658 ई० में करवाया था। ऐसा माना जाता है कि राजा श्याम सेन ने अपने वारिस के पैदा होने की खुशी में और देवी को धन्यवाद देने के लिए इस मंदिर का निर्माण करवाया था।

इस बेहतरीन पर खूबसूरत जगह पर कमलाह फोर्ट भी मौजूद है जहां आप घूमने के लिए जा सकते हैं। पहाड़ों के बीच में मौजूद कमलाह फोर्ट कई अद्भुत नज़ारा पेश करता है। आपको बता दें कि इस किले का निर्माण राजा सूरज ने साल 1625 के आसपास करवाया था। कई लोगों का मानना है यह फोर्ट किसी समय मंडी का ताज हुआ करता था।

देवीदहड़ पार्क मंडी के देवदार के घने जंगलों में स्थित है, जो कि ज्युणी वैली का अंतिम गांव है। इस पर्यटन स्थल पर मुंडासन माँ का मंदिर स्थित है। देवीदहड़ के खूबसूरत मैदान में एक तालाब भी बनवाया गया है, जो इस जगह की खूबसूरती में चार चांद लगा देता है। इस पार्क के चारों ओर सुंदर वादियां है। आप यहां पर कृत्रिम झील में बोटिंग का भी आनन्द ले सकते हैं।

Triloknath Temple
Triloknath Temple

त्रिलोकी नाथ मंदिर मंडी में बना हुआ एक ऐसा मंदिर है, जिसकी छत टाइलनुमा है। इस मंदिर के इर्द-गिर्द आप सुंदर नजारों को देख सकते हैं। इस मंदिर में भगवान शिव शंकर को तीनों लोकों के भगवान के रूप में बताया गया है। भगवान शिव की मूर्ति इस मंदिर में पंचांनन है। जो शिव के 5 रूपों को दिखाती है। आप यहां मुफ्त में दर्शन कर सकते है।

मंडी में स्थित कमरूनाग झील टूरिस्टों के लिए एक बेहतरीन जगह है। बर्फ से ढके धौलाधार के पहाड़ों से घिरी हुई यह झील आकर्षण का केंद्र है। ट्रैकर्स के लिए यह जगह काफी बेहतरीन है। हर साल जून और जुलाई महीने में यहां पर मेले का आयोजन किया जाता है। बहुत सारे श्रद्धालु इस मंदिर में पैदल यात्रा करके पहुंचते हैं।

मंडी में स्थित भूतनाथ मंदिर प्रमुख धार्मिक स्थल है। इस मंदिर की आध्यात्मिकता 1520 के दशक की है। ये प्रसिद्ध मंदिर उतना ही पुराना है, जितना पुराना मंडी शहर है। मंडी शहर के बीचोबीच भूतनाथ मंदिर केंद्र में स्थित है। यह मंदिर शिव जी को समर्पित है। इस मंदिर में आने वाले पर्यटक और तीर्थ यात्रा पर निकले हुए श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के बैल नंदी को देखते हैं, जो परिसर से बाहर की तरफ स्थित है। इस मंदिर में शिवरात्रि का त्यौहार बेहद धूमधाम तरीके से मनाया जाता है। इसके साथ ही सावन महीने में भी यहां पर लोगों की काफी भीड़ दिखाई देती है और भोलेनाथ की विशेष पूजा तक की जाती है।