Overview: हाई इंटरेस्ट लोन से बचने के तरीके
हाई इंटरेस्ट लोन आपकी जेब पर काफी भारी पड़ सकता है। हालांकि, इससे बचने के लिए आप कुछ आसान तरीके आजमा सकते हैं।
How To Avoid High Interest Loan: आज के समय में हर कोई उधार का जीवन जी रहा है। कोई होम लोन की किश्त भर रहा है तो कोई कार लोन, तो कोई बिजनेस लोन। दरअसल, आज के समय में लोन लेना बेहद ही आसान हो गया है। हर चीज बेहद ही आसान किश्तों पर मिल जाती है और इसलिए हम सिर्फ जरूरतों के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी इच्छाओं को पूरा करने के लिए भी बिना सोचे-समझे लोन ले लेते हैं। लेकिन इसके चक्कर में अक्सर हम ज्यादा ब्याज के जाल में भी फंस जाते हैं और फिर हमेशा ईएमआई ही भरते रह जाते हैं।
अक्सर जब हम लोन लेते हैं तो बस ईएमआई की रकम ही देखते हैं। मसलन, अगर वो दो-तीन हजार होती है तो हम सभी सोचते हैं कि इतने पैसे तो आसानी से चुका देंगे। इसमें क्या दिक्कत है। पर असली सच्चाई ये है कि इसी छोटी ईएमआई के पीछे इतना इंटरेस्ट होता है, जिसका हमें पता भी नहीं होता। महज 10,000 की चीज़ के लिए हमें कभी-कभी 14-15,000 तक चुकाने पड़ जाते हैं। इतना ही नहीं, अगर कभी पेमेंट लेट हो गया, तो अलग से पेनल्टी और तरह-तरह के चार्ज लग जाते हैं। इसलिए इन हाई इंटरेस्ट लोन से जितना हो सके, दूर रहना चाहिए। ऐसा नहीं है कि जरूरत के लिए लोन ना लिया जाए, बस सही और समझदारी भरा निर्णय आपको बेवजह के स्ट्रेस से बचा सकता है। याद रखें कि लोन लेना गलत नहीं होता, पर गलत लोन लेना हमेशा महंगा पड़ता है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको बता रहे हैं कि हाई इंटरेस्ट लोन के जाल से बचने के लिए आप किन आसान तरीकों को अपना सकते हैं-
लोन लेने से पहले अपनी असली जरूरत को समझो

अगर आप सच में हाई इंटरेस्ट लोन के जंजाल से बचना चाहती हैं तो यह बेहद जरूरी है कि आप अपनी इच्छाओं और जरूरतों के बीच के अंतर को समझें। बहुत बार हम छोटी-मोटी चीजों के लिए भी लोन ले लेते हैं, जिनकी हमें वास्तव में जरूरत होती भी नहीं है। बस हम खुद को खुश करने के लिए ऐसा करते हैं। मसलन, अगर आपके पास पहले से एक स्मार्टफ़ोन है, लेकिन आप किसी फोन के नए मॉडल के लॉन्च होने पर या फिर किसी फोन के बस कैमरे को देखकर ईएमआई पर फ़ोन ले लेते हैं तो यह आपको बाद में बस परेशान ही करने वाला है। इसलिए, कोशिश करें कि आप सिर्फ़ जरूरी चीज़ों का लोन लें तो आगे चलकर आपको फाइनेंशियल टेंशन कम होगी।
इमरजेंसी फंड के बिना लोन अवॉयड करें
हर किसी को एक इमरजेंसी फंड जरूर बनाना चाहिए। अगर इमरजेंसी फंड नहीं होगा और कोई बड़ी प्रॉब्लम आ गई, तो आपको तुरंत हाई-इंटरेस्ट लोन लेना पड़ेगा। इसलिए, एक हमेशा एक अमाउंट अपने इमरजेंसी फंड में रखें। इससे आपका इमरजेंसी में महंगे लोन के जाल में नहीं फंसना पड़ेगा। साथ ही साथ, इससे आपकी फाइनेंशियल स्टेबिलिटी भी बनी रहती है।
इंटरेस्ट रेट हमेशा कंपेयर करो

जब भी आप लोन लेते हैं तो आपको इससे पहले इंटरेस्ट रेट को हमेशा कंपेयर करना चाहिए। दरअसल, हर बैंक का इंटरेस्ट रेट अलग होता है। अगर आप इंटरेस्ट रेट को कंपेयर नहीं करते हैं तो संभावना है कि आप महंगा लोन लेकर फंस जाएं। लेकिन अगर आप लोन को लेने से पहले कंपेयर करते हैं तो इससे ना केवल सस्ता लोन मिलेगा, बल्कि आपके लिए ईएमआई भरना भी ज्यादा आसान होगा, क्योंकि रकम कम होगी। साथ ही साथ, आपके काफी पैसे भी बच जाएंगे।
हिडन चार्ज को ना करें नजरअंदाज

हर बैंक के लोन प्रोसेस करने से पहले प्रोसेसिंग फीस होती है। इसके अलावा, कुछ हिडन चार्ज भी होते हैं। कभी-कभी ईएमआई लेट होने पर पेनल्टी इतनी ज्यादा होती है कि बहुत सारे पैसे यूं ही वेस्ट हो जाते हैं। इसलिए, सिर्फ और सिर्फ इंटरेस्ट रेट कंपेयर करके लोन लेना एकदम सही नहीं माना जाता है। आपको प्रोसेसिंग फीस, प्री-पेमेंट चार्ज, लेट फीस आदि के बारे में भी मालूम कर लेना चाहिए, क्योंकि ये सब मिलकर लोन को महंगा बना देते हैं।
लोन का टेन्योर ज्यादा मत रखो
लोन का टेन्योर भी उसे महंगा बना देता है। अक्सर हम सभी लोन लेते समय इस बात पर फोकस करते हैं कि मासिक किश्त कम देनी पड़े। कम ईएमआई देखकर लोग लंबे समय का लोन ले लेते हैं, पर इंटरेस्ट डबल हो जाता है। मसलन, अगर आप एक लाख का लोन एक साल के लिए लिया है तो आपको इंटरेस्ट कम देना पड़ेगा। उसी अमाउंट का लोन अगर आप 3 साल के लिए लेंगे तो इंटरेस्ट लगभग 2-3 गुना इंटरेस्ट हो जाएगा।
ईएमआई को इनकम के 30 प्रतिशत के अंदर रखो
अगर आप महंगे लोन के जंजाल से बचना चाहते हैं तो हमेशा समझदारी से ही लोन लें। अगर आपकी ईएमआई सैलरी का आधा हिस्सा खा जाएगी, तो फिर आपको अपनी महीने की जरूरतों को पूरा करने के लिए क्रेडिट कार्ड या छोटे लोन लेने पड़ सकते हैं। यही से असली ट्रैप शुरू होता है। इसलिए, इस बात का खास ख्याल रखें कि ईएमआई आपकी सैलरी से 30 प्रतिशत से कम हो। मसलन, अगर आपकी सैलरी ₹25,000 है तो ऐसे में आप ₹7000 तक की ईएमआई को आसानी से भर पाएंगे। इससे आपको रोजमर्रा के खर्चे आराम से चलेंगे और उसके लिए आपको एक्स्ट्रा लोन लेने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।
क्रेडिट स्कोर हो मजबूत

अगर आप हाई इंटरेस्ट लोन से बचना चाहते हैं तो इसके लिए अपने क्रेडिट स्कोर को मजबूत रखने की कोशिश करें। जब आपका क्रेडिट स्कोर अच्छा होता है तो आपकी क्रेडिबिलिटी बढ़ती है और बैंक सस्ता लोन देते हैं। मसलन, अगर आपका क्रेडिट स्कोर 780 है तो आपको शायद 11-12 प्रतिशत ब्याज पर लोन मिल जाए। लेकिन अगर आपका क्रेडिट स्कोर 600 है तो आपको 19 प्रतिशत ब्याज देना पड़ सकता है। इस तरह वही लोन आपको बहुत अधिक महंगा पड़ सकता है।
