Krishna Kamal: फूल-पौधों से घर आंगन की रौनक दोगुनी हो जाती है। इससे घर की खूबसूरती पर चार-चांद लग जाता है। बागवानी का ट्रेंड आजकल जोरों शोरों से चल रहा है। अगर आप भी उनमें से एक हैं जो बागवानी पसंद करते हैं तो दुनिया के सबसे खूबसूरत फूल यानी कृष्ण कमल को कैसे भूल सकते हैं? इसे राखी बेल के नाम से भी जाना जाता है। कृष्ण कमल के नाम से ही इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि, ये फूल भगवान श्री कृष्ण को सबसे ज्यादा प्रिय होता है।
इस अद्भुत फूल की बात करें तो कहा जाता है कि, इस फूल का जिक्र महाभारत काल में भी किया गया है। हिंदू धर्म में कृष्ण कमल का काफी ज्यादा महत्व भी है। ना सिर्फ भगवान श्री कृष्ण बल्कि ब्रह्मा, विष्णु और महेश तीनों देवों का इसे प्रतीक माना गया है। इसे कैसे उगाया जाए, आइए ये जान लेते हैं।
कृष्ण कमल कहां सबसे ज्यादा उगता है?
कृष्ण कमल का पौधा ज्यादातर दक्षिणपूर्व अमेरिका में उगाया जाता है, लेकिन ये पौधा हिमालय की खूबसूरत वादियों के बीच में भी उगता है। अगर आपको ये पौधा लगाना है तो ये आपको बड़ी-बड़ी नर्सरी में भी मिल सकता है। इसे देखने की चाहत है तो फेमस गार्डन्स की सैर भी की जा सकती है। ग्रेट हिमालयन राष्ट्रीय उद्यान में सबसे ज्यादा उगने वाला पौधा कृष्ण कमल ही है।
घर में कैसे लगाएं कृष्ण कमल का पौधा?

काफी लोग हैं जो अपने घर में कृष्ण कमल के पौधे को लगाना चाहते हैं। आप भी उनमें से एक हैं, तो ये ज्यादा मुश्किल काम नहीं है। कृष्ण कमल के पौधे को अच्छी ग्रोथ के लिए जगह चाहिए होती है। जहां पौधे को बढ़ने की जगह मिले उसे उस जगह पर ही लगाएं। किसी नर्सरी से इस पौधे को खरीदा जा सकता है। अच्छे किस्म के पौधे नर्सरी में मिल सकते हैं। कोशिश करें इसका पौधा लगाएं ना की बीज।
कृष्ण कमल के पौधे को लगाने का सही तरीका
- गमले में पौधा लगाने के लिए सबसे पहले गमले की अच्छी किस्म का ही चुनाव करें।
- कृष्ण कमल के पौधे को लगाने के लिए प्लास्टिक के गमले की जगह मिट्टी के गमले का चुनाव करें।
- मिट्टी के गमले में पौधे की ग्रोथ अच्छी होती है और वो जल्दी पनपता है।
- पौधा लगाने से पहले मिट्टी में कोको पीट और वर्मी कम्पोस्ट की बराबर मात्रा को अच्छे से मिला लें।
- पौधे को गमले के बीचों बीच रखकर साइड वाली मिट्टी से उसे अच्छे से दबा कर बराबर कर दें।
- गमले में मिट्टी बराबर हो इसके लिए थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पानी डालें।
कीटनाशक स्प्रे करना भी जरूरी

कृष्ण कमल का पौधा हानिकारक कीटों से दूर रहे, इसका ख्याल रखना भी जरूरी है। इसके लिए कीटनाशक स्प्रे किया जाना अच्छा ऑप्शन है। केमिकल स्प्रे की जगह नेचुरल कीटनाशक स्प्रे का इस्तेमाल करना अच्छा हो सकता है। इस तरह से पौधे में कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा और उससे कीड़े भी नहीं लगेंगे।
इन बातों को ना करें नजरअंदाज
- कृष्ण कमल के पौधे को वहीं लगाएं जहां अच्छी धूप हो।
- कृष्ण कमल के पौधे को कम से कम 5 से 6 घंटे तक धूप में जरूर रखें,
- पौधे में कलियां आएं तो उसे अच्छे से खाद दें।
- हफ्ते में गमले की मिट्टी को एक बार जरूर ऊपर नीचे करें।
- समय-समय पर पत्तों की जांच करते रहें, कीड़े लग रहे हैं तो उसमें नीम के तेल का स्प्रे कर सकते हैं।
- मानसून के मौसम में कृष्ण कमल के पौधे की कटाई छंटाई कर सकते हैं।
- गर्मियों में ज्यादा और सर्दियों के समय में कम पानी का इस्तेमाल करें।
भगवान श्री कृष्ण का प्रिय पौधा कृष्ण कमल को कुछ इस तरह से आसानी से घर पर उगाया जा सकता है। इसकी अच्छी ग्रोथ के लिए इसकी देखरेख करना बेहद जरूरी है।
