भगवान कृष्ण की पूजा में अवश्य करें शामिल ये 5 चीजें
भगवान कृष्ण को खुश करना बेहद ही आसान है, इसके लिए बस आपको पूजा में उनकी प्रिय चीजों को शामिल करना होगा।
Lord krishna Favourite Things: भगवान कृष्ण भगवान विष्णु के ही अवतार हैं। भगवान कृष्ण का जीवन चरित्र मनुष्य को सभी प्रकार की बाधाओं से उभरने का मार्ग बताता है। गीता में भगवान कृष्ण के द्वारा कही गई सभी बातों को उनकी स्वयं की ही वाणी मानी जाती है, जिसमें व्यावहारिक जीवन से जुड़ीं सभी परेशानियाँ, जीवन में आने वाली कठिनाइयाँ और बाधाओं का विस्तृत उल्लेख किया गया है, साथ ही इसमें उनके निवारण की भी जानकारी दी गई है। भगवान कृष्ण को खुश करना बेहद ही आसान है, इसके लिए बस आपको पूजा में उनकी प्रिय चीजों को शामिल करना होगा। आइए जानते हैं भगवान कृष्ण को क्या-क्या चीजें अत्यंत प्रिय हैं।
बांसुरी

बांसुरी को सम्मोहन, खुशी और आकर्षण का प्रतीक माना जाता है। भगवान श्री कृष्ण को बांसुरी अत्यंत ही प्रिय है। हमेशा से ही बांसुरी लोगों को प्रेम व शांति का संदेश देती रही है। भगवान कृष्ण के अनुसार बांसुरी की ध्वनि अत्यंत मधुर होती है और यह नकारात्मकता को दूर कर आस-पास एक सकारात्मक माहौल बनाती है।
गाय
भगवान कृष्ण को गाय से अत्यंत ही प्रेम है। श्री कृष्ण कहते हैं कि गाय में संपूर्ण सृष्टि का वास होता है और ये पृथ्वी का प्रतीक हैं जिसमें सभी देवी-देवता विद्यमान हैं। गाय से उत्पन्न सभी तत्व जन कल्याण के लिए बहुत ही हितकारी होते हैं। गाय की सेवा करने से जातक के सभी पाप धूल जाते हैं और उसे अक्षय स्वर्ग के सुखों की प्राप्ति होती है।
मोर पंख

वैसे तो मोर भगवान शिव के बड़े पुत्र कार्तिकेय का वाहन है। लेकिन शास्त्रों में ऐसा वर्णन किया गया है कि मोर चिल ब्रह्मचारी युक्त जीव हैं, जिसके अंदर प्रेम की अद्भुत भावना होती है। यही कारण है कि भगवान कृष्ण को भी मोर अत्यंत ही प्रिय है। घर में मोर पंख रखने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, साथ ही इससे सभी ग्रह दोषों का निवारण भी होता है।
कमल

कमल पुष्प को सांसारिकता के बीच में रहकर आध्यात्मिकता में लीन रहने का प्रतीक माना गया है। भगवान श्री कृष्ण भगवान विष्णु के ही अवतार हैं और भगवान विष्णु को कमलनयन भी कहा जाता है। भगवान विष्णु ने भगवान शिव की आराधना में 108 कमल का अर्पण किया था, जिसमें एक कमल पुष्प कम हो जाने पर उन्होंने अपने नेत्र को निकालकर भगवान शंकर के चरणों में अर्पित किया था, तब से ही उनका नाम कमलनयन है। इसलिए भगवान श्री कृष्ण को कमल पुष्प अत्यंत प्रिय है।
माखन मिश्री

श्री कृष्ण को माखन मिश्री प्रिय है। इन्हें माखन चोर भी कहा जाता है। उनके बाल रूप में माखन चोरी की कथाएं काफी ज्यादा प्रचलित हैं। दरअसल जब माखन में मिश्री मिलाया जाता है तो मिश्री घुल कर माखन के कण-कण में अपनी मिठास छोड़ देता है और माखन को भी अपनी तरह मधुर बना देता है। माखन मिश्री लोगों के जीवन में प्रेम घोलने का प्रतीक माना जाता है और यह प्रसाद के रूप में श्री कृष्ण को बहुत ही प्रिय है।
