एक पुराना दौर था, जब महिलाओं को घर संभालने के लायक ही समझा जाता था। वो खुद भी अपने वजूद को पहचान नहीं पा रही थीं। लेकिन फिर उन्होंने पैर घर से बाहर निकाले और लग गईं दुनिया जीतने में। इन्होंने दुनिया जीत भी ली। खुद की आर्थिक स्थिति के साथ देश के इकोनॉमी ग्राफ में भी इन महिलाओं ने खूब योगदान किया। ये योगदान देश के साथ अपनी जिंदगी सुधारने में भी हुआ। यही मेहनत रंग लाई और आज देश की नामी महिलाएं अमीरों वाली लिस्ट में भी शामिल हैं। इन महिलाओं का नाम भी खूब है और इनकी अपनी पहचान भी। अपनी नेट वर्थ के लिए पहचानी जाने वाली इन महिलाओं के बारे में आप शायद ही जानते हों। चलिए इन महिलाओं से रूयबरू हो लीजिए। 
रोशनी नादर-
एचसीएल इंटरप्राइजेस के मालिक शिव नादर की बेटी रोशनी नादर कंपनी की सीईओ और एक्जिक्यूटिव डायरेक्टर भी हैं। साल 2019 में माता-पिता की अकेली संतान रोशनी को फोर्ब्स की 100 पावरफुल वुमेन में 54 वां स्थान दिया गया था। रोशनी की नेट वोर्थ 36800 करोड़ रुपए है। रोशनी की मां किरण नादर भी देश की अमीर महिलाओं में से एक हैं। किरण का जन्म 1951 में हुआ था और इस वक्त उनकी नेटवर्थ 25100 करोड़ मानी जा रही है। 
स्मिता वी कृष्णा-
31400 करोड़ रुपए की नेटवर्थ के साथ स्मिता वी कृष्णा देश की सबसे अमीर महिलाओं में अपना नाम दर्ज कर चुकी हैं। गोदरेज समूह की स्मिता के पति विजय कृष्णा हैं। उनके भाई जाने-माने उद्योगपति जमशेद गोदरेज हैं, जो गोदरेज एंड बोयस के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। 
किरण माजुमदार शॉ- 
23 मार्च 1953 को जन्मीं किरण देश की चौथी सबसे अमीर महिला कहलाती हैं। बायोकॉन लिमिटेड की मैनेजिंग डायरेक्टर किरण की इस वक्त 18500 करोड़ रुपए की नेट वर्थ है। खास बात ये है कि शुरू में किरण ब्रुअर बनना चाहती थीं। उन्होंने इस क्षेत्र में कुछ दिन काम भी किया है। 
वेंभू राधा-
9900 करोड़ रुपए की नेट वर्थ के साथ वेंभू राधा देश की सातवीं सबसे अमीर महिला हैं। वो सिर्फ एक कंपनी नहीं बल्कि तीन कंपनियों की मालकिन हैं। जानकी हाई-टेक, एग्रो प्राइवेट लिमिटेड और जोहो कॉर्पोंरेशन प्राइवेट लिमिटेड। राधा इंडियन हैं और इसी देश में पली-बढ़ी हैं लेकिन इनका जन्म लंदन में हुआ था। 
लीना गांधी तिवारी-
मुंबई में पली बढ़ी लीना गांधी तिवारी भारतीय उद्योगपति और लेखिका हैं।13200 करोड़ रुपए की नेट वर्थ के साथ वो देश की छठी सबसे अमीर महिला हैं। लीना यूएसवी प्राइवेट लिमिटेड की चेयरपर्सन हैं। इस मल्टीनेशनल फार्मास्युटिकल एंड बायोटेक्नोलॉजी कंपनी को लीना के दादा जी ने 1981 में शुरू किया था। फिलहाल लीना के पति प्रशांत तिवारी भी इसी कंपनी में मैनेजिंग डायरेक्टर हैं।