Ropeway Ride: ‘रोपवे’ का नाम सुनते ही मन रोमांच से भर जाता है। भारत में ऐसी कई खूबसूरत जगहें हैं, जहाँ रोपवे की खूबसूरत यात्रा का आनंद लिया जा सकता है। रोपवे यानी केबल कार, इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इससे कम समय में एक स्थान से दूसरे स्थान तक आसानी से पहुंचा जा सकता है, साथ ही प्राकृतिक खूबसूरती को देखने का भी अनुभव लिया जा सकता है। आइए जानते हैं भारत के कुछ प्रसिद्ध रोपवे राइड्स के बारे में।
औली रोपवे (उत्तराखंड)

औली रोपवे एशिया के सबसे लंबे और सबसे ऊंचे रोपवे में से एक है। यह समुद्र तल से तकरीबन 3,010 किलोमीटर ऊपर बना है और यह 4 किलोमीटर से भी अधिक लंबा है। यह रोपवे यात्रियों को जोशीमठ शहर से औली के सुंदर हिल स्टेशन तक पहुंचाता है। इस रोपवे के रास्ते में बर्फ से ढकी चोटियां, हरे-भरे घास के मैदान और घने जंगलों का लुभावना दृश्य दिखाई देता है।
सोलांग वैली रोपवे (मनाली)

मनाली के सोलांग वैली रोपवे को पार करने में लगभग 10 मिनट का समय लगता है। इस रोपवे से बर्फ की चादर में लिपटे आसपास के पहाड़ और घाटियों का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है।
मनसा देवी रोपवे (हरिद्वार)
मनसा देवी मंदिर हरिद्वार में हरी की पौड़ी के पास शिवालिक पहाड़ियों की चोटी पर बसा हुआ है। इस मंदिर के प्रति हिन्दुओं की बेहद आस्था है। यहाँ आने के दो रास्ते हैं। पहला आप पहाड़ चढ़कर मंदिर तक आ सकते हैं और दूसरा रोपवे की सहायता से यहाँ पहुँच सकते हैं। मंदिर तक पहुँचने के लिए जैसे-जैसे आप रोपवे पहाड़ के ऊपर चढ़ते हैं, नीचे आपको गंगा नदी की खूबसूरती दिखाई देने लगती है।
गन हिल रोपवे (मसूरी)

मसूरी को ‘क्वीन ऑफ हिल्स’ के नाम से भी जाना जाता है। यहाँ कई और बेहतरीन रोपवे भी हैं। यहाँ के रोपवे से आपको हिमालय का शानदार नजारा दिखाई देता है। मसूरी में गन हिल यहाँ की सबसे ऊंची चोटी है, जहां रोपवे से पहुंचा जाता है। रोपवे में इस हिल्स का नजारा बेहद ही मनमोहक दिखाई देता है।
गैंगटोक रोपवे (सिक्किम)
सिक्किम में गैंगटोक एक खूबसूरत शहर है और गैंगटॉक रोपवे यहीं पर स्थित है। यह रोपवे काफी कम समय का होता है, लेकिन इसमें यात्रा के दौरान आपको कंचनजंगा का बेहद खूबसूरत नजारा दिखाई देता है।
ग्लेनमॉर्गन रोपवे (ऊटी)
ग्लेनमॉर्गन बेहद ही आकर्षक घाटी है। यहाँ एक खूबसूरत झील भी है, जो पहाड़ियों, चाय के बागानों और यहाँ के खूबसूरत नज़ारों से घिरी हुई है। यह रोपवे 3 किलोमीटर लंबा है और यह 2 स्टेज वाला है। यह रोपवे सिंगारा से ग्लेनमॉर्गन के बीच चलता है और इसमें यात्रा करने का अनुभव बेहद रोमांचक होता है।
दार्जलिंग रोपवे (दार्जिलिंग)
दार्जिलिंग रोपवे को ‘रंगीत घाटी पैसेंजर केबल कार’ के नाम से भी जाना जाता है। इस रोपवे से हरे-भरे चाय के बागानों, हरी-भरी घाटियों और पूर्वी हिमालय की बर्फ़ से ढकी चोटियों का मनमोहक नजारा दिखाई देता है। यह रोपवे 7 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित है।
