Makar Sankranti 2025 Daan: मकर संक्रांति हिंदू धर्म का महत्वपूर्ण और नए साल की शुरुआत के बाद का सबसे पहला पर्व होता है। सूर्य देव जब दक्षिणायन से उत्तरायण होते हैं तब पूरे भारत में मकर संक्रांति का त्योहार मनाया जाता है। सूर्य देव मंगलवार 14 जनवरी 2025 को धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करेंगे और इसी दिन मकर संक्रांति मनाई जाएगी। मकर संक्रांति के दिन स्नान, दान और सूर्य उपासना का खास महत्व होता है। इस पर्व को भारतवर्ष में विभिन्न नामों जैसे संक्रांति, उत्तरायण, उत्तरायणी, माघी और खिचड़ी पर्व जैसे नामों से जाना जाता है। मकर संक्रांति पर दान करना बहुत ही पुण्य कार्य माना गया है। मान्यता है कि मकर संक्रांति पर दिए दान से आत्मिक शुद्धता और अक्षय पुण्य फल की प्राप्त होती है। साथ ही कुंडली में चल रहे ग्रह-दोष व बुरे कर्मों का नाश होता है। इसलिए मकर संक्राति पर लोग गरीब और जरूरतमंदों में विशेष रूप से कई प्रकार के दान देते हैं।
धार्मिक मान्यता अनुसार मकर संक्रांति पर दिए दान का महत्व कई गुना बढ़ जाता है। लेकिन मकर संक्रांति के दिन कुछ चीजों का दान करना वर्जित माना जाता है। अगर आप गलती से भी इन चीजों का दान कर देते हैं तो इससे समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है और देवी-देवता भी नाराज हो सकते हैं। इसलिए यह जान लीजिए की मकर संक्रांति के शुभ दिन किन चीजों का दान करने से बचें।
मकर संक्रांति पर नहीं करें इन चीजों का दान

तेल का दान: मकर संक्रांति के दिन तेल का दान भूलकर भी नहीं करना चाहिए। क्योंकि इस दिन तेल का दान करना अशुभ माना गया है। धार्मिक मान्यता है कि मकर संक्रांति पर तेल का दान करने से सेहत संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही बुरे कर्मों का प्रभाव भी बढ़ने लगता है। इसलिए इस दिन तेल का दान नहीं करना चाहिए।

काले वस्त्र का दान: मकर संक्रांति पर गर्म और ऊनी वस्त्रों का दान करना बहुत ही शुभ होता है। आप जरूरतमंदों में इन चीजों का दान कर सकते हैं। लेकिन भूलकर भी काले रंग के वस्त्र का दान ना करें। इससे आपको अशुभ परिणाम झेलने पड़ सकते हैं। मान्यता है कि काले रंग के कपड़ों का दान करने से ग्रहों से प्रतिकूल फल मिलता है और भगवान सूर्य भी नाराज हो सकते हैं। इसीलिए मकर संक्रांति के दिन काले रंग के कपड़ों का दान नहीं करना चाहिए। साथ ही इस दिन सफेद वस्त्रों के दान से भी बचें।
तामसिक चीजों क दान: मकर संक्रांति पर अन्न या फिर भोजन का दान करना बहुत ही परोपकारी कार्य माना गया है। इस दिन लोग खिचड़ी का दान भी करते हैं। लेकिन मांस-मदिरा या फिर तामसिक चीजों का दान ना करें। केवल दान ही नहीं बल्कि मकर संक्रांति के दिन इन चीजों का सेवन भी वर्जित माना गया है। इसके बजाय आप मकर संक्रांति पर खिचड़ी, तिलकुट, रेवड़ी, मिठाई, फल या फिर सात्विक चीजों का दान कर सकते हैं।
पुरानी चीजों का दान: मकर संक्रांति के दिन घर की पुरानी चीजों का दान भी नहीं करें। पुराने कपड़े, सामान, जूते-चप्पल या किसी भी पुरानी वस्तुओं का दान मकर संक्रांति पर करना अशुभ माना जाता है। आप अपनी क्षमतानुसार ही चीजों का दान करें, लेकिन पुरानी चीजों का दान करने से बचें।
