Summary: क्रूज से यमुना का सफर शुरू, कितने में होगा टिकट और कहां तक होगा रूट
दिल्लीवासियों के लिए यमुना नदी पर क्रूज सफर का नया अनुभव जल्द शुरू होने वाला है। सरकार ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है और दिसंबर से क्रूज सेवा का संचालन होने की उम्मीद है।
Delhi Yamuna River Cruise: अब दिल्लीवासियों को क्रूज का मज़ा लेने के लिए गोवा या मुंबई तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। दिल्ली सरकार यमुना नदी में क्रूज सेवा पहली बार शुरू करने जा रही है। इस योजना के तहत दिसंबर से यमुना पर क्रूज का संचालन होने की संभावना है। दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा के अनुसार, इस पहल से न केवल लोगों को नई ट्रैवलिंग सुविधा मिलेगी, बल्कि यमुना किनारे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। तो चलिए जानते हैं इस क्रूज प्रोजेक्ट के बारे में।
यमुना में क्रूज का सफर

पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा के अनुसार, यमुना में क्रूज चलाने को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर है। पहले चरण में पांच किलोमीटर का रूट तय किया गया है, जो सोनिया विहार से जगतपुर गाँव तक जाएगा। इसका मतलब है कि शुरुआत में छोटा रूट रहेगा, लेकिन इसके सफल संचालन के बाद इसे लंबा किया जाएगा और क्रूज का दायरा बढ़ाया जाएगा।
पिक और ड्रॉप प्वाइंट किन जगह पर होगा?
क्रूज में सफर करने वाले यात्री सिर्फ सोनिया विहार से ही चढ़ेंगे। जगतपुर पर कोई ड्रॉप प्वाइंट नहीं होगा। यात्री पांच किलोमीटर का सफर पूरा करके वापस सोनिया विहार लौटेंगे। इस तरह कुल सफर लगभग 10 किलोमीटर का होगा और इसे पूरा करने में करीब 90 मिनट लगेंगे। एक बार में लगभग 100 यात्री सफर कर पाएंगे। किराया अभी तय नहीं हुआ है।
क्रूज में मिलने वाली सुविधाएं
क्रूज सिर्फ सफर का माध्यम नहीं बल्कि एक एंटरटेनिंग एक्सपीरिएंस भी होगा, जिसमें यात्रियों के लिए रेस्टोरेंट और कैफेटेरिया की सुविधा होगी और वे लाइव म्यूजिक का आनंद ले सकेंगे। पिक और ड्रॉप प्वाइंट पर भी मनोरंजन का इंतजाम रहेगा, साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए क्रूज में बायो टॉयलेट भी होगा। सरकार यमुना के किनारे को पर्यटन केंद्र बनाना चाहती है, इसलिए घाटों को विकसित किया जा रहा है और लोगों को नदी के करीब लाने का प्रयास किया जा रहा है।
क्रूज का टिकट किराया

अभी तक क्रूज सेवा के टिकट की अंतिम कीमत तय नहीं हुई है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इसका अनुमानित किराया ₹2000 से ₹2500 के बीच हो सकता है। सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि टिकट सामान्य यात्रियों के लिए भी किफायती रहे, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग यमुना क्रूज का आनंद ले सकें।
क्रूज कब नहीं चलेगा?
एक रिपोर्ट के अनुसार, क्रूज का संचालन केवल सर्दियों और गर्मियों में होगा। मानसून के दौरान यमुना में पानी अधिक हो जाता है, खासकर दूसरे राज्यों से छोड़े गए पानी के कारण। साथ ही बारिश के साथ बड़ी मात्रा में गाद भी आती है, जिससे क्रूज के संचालन में दिक्कत आती है। इसलिए मानसून में क्रूज नहीं चलेगा। इसी के साथ सरकार ने यह भी तय किया है कि यमुना नदी की सफाई लगातार की जाएगी और क्रूज़ चलाने की सुविधा को भी बेहतर बनाया जाएगा, ताकि लोग साफ और सुंदर नदी का आनंद ले सकें।
