Cyber Slavery: अच्छा वेतन और विदेश में काम करने का अवसर हर किसी को आसानी से नहीं मिलता। लेकिन कई बार नौकरी के ऐसे छलावे आपकी जिंदगी तबाह कर सकते हैं। जी हां, हर कोई चाहता है वह विदेश में जाकर अच्छी सैलेरी पर काम करे। अपने परिवार का बेहतर भविष्य बनाएं। लेकिन क्या हो जब आपको साइबर क्राइम और धोखाधड़ी का हिस्सा बना लिया जाए। इनदिनों विदेशी नौकरियों का लालच देकर कई मासूम लोगों को साइबर गुलामी के लिए तैयार किया जा रहा है। साइबर गुलामी मानव तस्करी है जिसमें हजारों युवाओं को धोखे से शिकार बनाया जा रहा है। ये बेहद खतरनाक है जिसमें हजारों भारतीय नागरिक भी फंस चुके हैं। साइबर गुलामी क्या है और इससे कैसे बचा जा सकता है चलिए जानते हैं इसके बारे में।
क्या है साइबर गुलामी

साइबर गुलामी जिसे स्लेवरी के नाम से भी जाना जाता है, एक ऑर्गेनाइज्ड क्रिमिनल नेटवर्क है जिसमें ऑनलाइन स्कैम और फ्रॉड करने के लिए युवाओं को झांसा देकर फंसाया जा रहा है। इसके तहत व्यक्ति को ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग और आइडेंटिटी थेफ्ट जैसे साइबर क्राइम करने के लिए मजबूर किया जाता है। युवाओं को विदेशी नौकरी और अच्छी सैलरी देने का वादा किया जाता है। जब व्यक्ति विदेश में इनके चंगुल में फंस जाता है जो उसे मारने की धमकी दी जाती है और उससे विभिन्न प्रकार के साइबर क्राइम करवाए जाते हैं।
कैसे फंस जाते हैं साइबर गुलामी में
आजकल हर कोई विदेश में नौकरी करने का सपना देख रहा है। आपके इसी सपने को ढाल बनाकर फ्रॉड कंपनियां अच्छी नौकरी, अच्छी सैलरी और खान पान जैसी सुविधा देने का वादा करती हैं और आपको अपना शिकार बना लेती हैं। ये कंपनियां आपसे ऑनलाइन और ऑफलाइन संपर्क बनाती हैं और विदेश ले जाने के लिए नकली डॉक्यूमेंट्स तैयार करती हैं। ये आपको तस्करी करके विदेश ले जाती हैं और वहां ब्लैकमेल करके आपसे साइबर गुलामी करवाती हैं। पीड़ित व्यक्ति उनके चंगुल से भाग न पाए इसलिए ये सभी डॉक्यूमेंट्स फर्जी बनाते हैं।
इन देशों में फैला है जाल
वैसे तो साइबर गुलामी और क्राइम कहीं भी किया जा सकता है। लेकिन चीन, म्यांमार और थाईलैंड जैसे देशों में इसका जाल अधिक फैला हुआ है। पिछले महीने महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने लगभग 60 भारतीयों को म्यांमार से साइबर गुलामी से छुड़वाया है।
साइबर गुलामी से रहें सावधान

– साइबर गुलामी के लिए अधिकतर कम उम्र वाले युवाओं को फंसाया जाता है।
– सोशल मीडिया और फर्जी वेबसाइट्स पर दी गई विदेशी नौकरियों के ऑफर से दूर रहें।
– नौकरियों के लिए केवल ऑथराइज्ड साइट्स पर ही भरोसा करें।
– विदेश यात्रा करने से पहले कंपनी और मीडिएटर की जांच कर लें।
– अपने ओरिजनल डॉक्यूमेंट्स किसी को न भेजें।
– किसी को भी अपना ओरिजनल पासपोर्ट, आधार और पैन न दें।
– फ्रॉड वेबसाइट से कभी भी संपर्क न करें।
– यदि कोई व्यक्ति विदेश ले जाने का अधिक पैसा मांगे तो सतर्क हो जाएं।
साइबर गुलामी में फंस जाएं तो क्या करें
– इस दौरान अपने घर और परिवारवालों से संपर्क कर उन्हें स्थिति बताएं।
– लोकल पुलिस से संपर्क करने का प्रयास करें।
– अपने ओरिजनल डॉक्यूमेंट हासिल करें।
– भारत सरकार की रजिस्टर्ड रिक्रूटमेंट एजेंटों से संपर्क साधें।
– अपने परिवार की जानकारी किसी भी अजनबी से शेयर न करें।
