गर्मी के मौसम में प्‍यास ज्यादा लगती है और अकसर लोग इसे बुझाने के लिए कोल्ड ड्रिंक या सोडा ड्रिंक पीते हैं। या यूं कह लें कि ये ट्रेंड बन गया है। लेकिन ये दोनों ही ड्रिंक्स आपकी सेहत को फायदा पहुंचाने की जगह नुकसान पहुंचाती हैं। साथ ही प्यास भी नहीं बुझाती है। वहीं कुछ ऐसे ड्रिंक्स भी हैं जो आपको गर्मी में पोषण भी देते हैं और डिहाइड्रेशन से भी बचाते हैं। ये ड्रिंक्स सुपर एनर्जी ड्रिंक्स हैं, जो आपको पीने के बाद तुरंत एनर्जी भी देंगे। ध्यान रखें गर्मी के मौसम में पानी भरपूर मात्रा में पिएं। इससे बॉडी टेंपरेचर मेंटेन रहता है। साथ ही बॉडी की कई समस्याएं दूर हो जाती हैं।

​नारियल पानी है सेहत के लिए नायाब  

गर्मी के मौसम में नारियल पानी पीना सेहत के ​काफी फायदेमंद होता है। इसमें भरपूर मात्रा में मिनरल्स और विटामिन होता है, जो डिहाइड्रेशन से बचाता है। यह पसीना आने पर बॉडी से निकलने वाले नेचुरल सॉल्‍ट की कमी को भी दूर करता है। नारियल पानी किडनी के लिए रामबाण इलाज के रूप में काम करता है। यह किडनी को हेल्दी रखता है। इसे पीने से शरीर के टॉक्सिन बाहर निकलते हैं। यही कारण है कि इसे पीने से स्किन पर भी ग्लो आता है। कोकोनट वाटर से ब्लड प्रेशर भी कंट्रोल में रहता है।

गर्मी में इंस्टेंट एनर्जी देगा ​नींबू पानी  

गर्मी में शरीर को ठंडा रखने में नींबू पानी बहुत लाभकारी है। इससे बॉडी हाइड्रेट रहती है।  विटामिन सी से भरपूर नींबू शरीर में आयरन को अवशोषित करने में मददगार है। यही कारण है कि नींबू पानी पीने से शरीर की इम्यूनिटी बढ़ती है और आपको तुरंत एनर्जी मिलती है। नींबू में विटामिन सी होता है, जो स्किन के लिए भी अच्छा रहता है। इससे स्किन मॉइस्चराइजर रहती है। अगर आप नींबू पानी को चीनी और काले नमक के साथ बनाते हैं तो इससे आपको तुरंत एनर्जी मिलेगी। अगर आप लो फील कर रहे हैं या फिर आपको चक्कर आ रहे हैं तो नींबू पानी तुरंत पिएं। अगर आप डायबिटीज से पीड़ित हैं तो आप काला नमक डालकर नींबू पानी पिएं। इसके भी फायदे हैं। कोशिश करें बाजार की जगह घर में बना नींबू पानी पिएं।

बहुत फायदेमंद है बेल का शरबत

बेल के शरबत की तासीर ठंडी होती है, इसलिए गर्मियों में बेल का शरबत पीना बहुत लाभकारी है। यह लू से बचाने में भी मददगार है। बेल विटामिन सी, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है। ऐसे में इसे पीने से गर्मियों के मौसम में होने वाली कई परेशानियां दूर हो जाती हैं। इससे पेट को ठंडक मिलती है और डाइजेशन ठीक रहता है। इतना ही नहीं बेल के शरबत से बैक्टीरिया और वायरस से लड़ने में भी मदद मिलती है। जिससे कई तरह के इंफेक्शन से बचाव होता है।  

कच्चे आम का पन्ना है बेस्ट

कच्चे आम का पन्ना हमारे घरों में सालों से बनता आ रहा है। गर्मियों का यह सुपर ड्रिंक, गुणों में भी बहुत आगे है। कच्चे आम के पन्ने में भरपूर मात्रा में कार्बोहाइड्रेट्स, विटामिन ए, विटामिन-सी, विटामिन बी-1, बी-2, आयरन, सोडियम, फोलेट, पोटेशियम, मैग्नीशियम, कैल्शियम, कॉलिन और पेक्टिन होता है। यानी एक गिलास पीना ही सेहत को कई फायदे देगा। यही कारण है कि यह न सिर्फ आपको लू से बचाएगा, बल्कि एनर्जी भी देगा। इससे डाइजेशन भी ठीक रहता है।  

छाछ-लस्सी का कोई तोड़ नहीं

गर्मी के मौसम में छाछ, लस्सी, दही तीनों का सेवन ही बहुत फायदेमंद माना जाता है। दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं। यही कारण है कि छाछ और लस्सी भी गुणकारी होती हैं। इनमें प्रचुर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट, मिनरल्स और विटामिन बी, ए, सी और ई होता है। जिससे हमारी इम्यूनिटी बढ़ती है। छाछ और दही में बहुत कम कैलोरी होती है, इसलिए ये वेटलॉस में भी मददगार हैं। छाछ-लस्सी-दही से पेट में बैक्टीरिया नहीं पनपते और डाइजेशन ठीक रहता है। हालांकि रात में इनका सेवन नहीं करना चाहिए।  

Leave a comment