Overview:
अगर आप भी नियमित रूप से सोना बाथ लेते हैं तो ओरेगन यूनिवर्सिटी की एक रिसर्च के बारे में जानना आपके लिए बहुत जरूरी है। इस रिसर्च में जेसिका एटेंसियो और क्रिस्टोफर मिनसन ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है।
Sauna vs Hot Tub Health Benefits: सेहत को लेकर जैसे-जैसे लोग जागरूक हो रहे हैं, वैसे-वैसे ही बढ़ रहे हैं हेल्दी रहने के नए ट्रेंड्स। इसी लिस्ट में शामिल है सोना बाथ। एक समय था जब लोग गर्म पानी से नहाने को अच्छा मानते थे। लेकिन आज महंगे सोना बाथ सेशन लोगों की पसंद बन गए हैं। क्या सच में सोना बाथ, गर्म पानी से नहाने से बेहतर है। चलिए आज जानते हैं इस बारे में साइंस क्या कहती है।
बिना जिम जाए रहेंगे फिट

अगर आप भी नियमित रूप से सोना बाथ लेते हैं तो ओरेगन यूनिवर्सिटी की एक रिसर्च के बारे में जानना आपके लिए बहुत जरूरी है। इस रिसर्च में जेसिका एटेंसियो और क्रिस्टोफर मिनसन ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उनके रिसर्च में पता चला है कि गर्म पानी से नहाना आपके दिल की सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। सबसे अच्छी बात ये है कि बिना जिम जाए और पसीना बहाए भी आप सिर्फ गर्म पानी से नहाने से ही फिट रह सकते हैं।
जानें क्या कहती है रिसर्च
वैज्ञानिकों ने 20 स्वस्थ लोगों पर ये रिसर्च की। उन्होंने इन लोगों को तीन अलग-अलग गरम पानी के स्नान के सेशन दिए, जिससे ये समझा जा सके कि गर्म पानी से नहाने का शरीर पर क्या असर होता है। रिसर्च में सामने आया कि गर्म पानी से नहाने से शरीर में सोना बाथ के मुकाबले ज्यादा थर्मोरेगुलेटरी आती है। यानी इससे शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है। साथ ही यह कार्डियोवैस्कुलर रोगों को कम करने और इम्यून सिस्टम को मजबूत करने में भी कारगर था।
दिल की सेहत के लिए अच्छा ये
अमेरिकन जर्नल ऑफ फिजियोलॉजी-रेगुलेटरी, इंटीग्रेटिव एंड कंपैरेटिव फिजियोलॉजी में प्रकाशित इस रिसर्च का दावा है कि आजकल के वेलनेस इन्फ्लुएंसर्स भले ही सेहत के लिए सोना बाथ को प्रमोट कर रहे हैं। लेकिन रिसर्च के अनुसार गर्म पानी से नहाना दिल की सेहत के लिए एक सस्ता, ज्यादा असरदार और घर पर आसानी से किया जा सकने वाला उपाय है।
कितनी देर तक नहाएं आप
रिसर्च के मुताबिक पारंपरिक या इन्फ्रारेड सोना सेशन के बजाय 45 मिनट तक गर्म पानी में भीगने से शरीर में ज्यादा बड़े बदलाव हो सकते हैं। रिसर्च के लेखकों ने अपने पेपर में कहा कि गर्म पानी में डुबकी लगाने यानी बाथ टब में नहाने से शरीर का तापमान बढ़ता है, जिससे दिल और इम्यून सिस्टम दोनों में पॉजिटिव असर होता है। बार-बार ऐसा करने से सेहत में गजब के सुधार नजर आ सकते हैं। खास बात ये है कि ये रिजल्ट सोना बाथ से काफी बेहतर थे।
इसलिए असरदार है गर्म पानी
रिसर्चर्स ने यह भी बताया कि आखिर गर्म पानी इतना असरदार क्यों है। रिसर्च के अनुसार पानी हवा के मुकाबले 24 गुना ज्यादा गर्मी का संचालन कर सकता है। जब हम गर्म पानी में डूबे होते हैं तो शरीर को लगातार गर्मी मिलती रहती है। वहीं, सोना बाथ में तापमान ऊपर-नीचे होता रहता है और पसीना आने से शरीर ठंडा भी होने लगता है। लेकिन जब शरीर गर्म पानी में डूबा होता है तो पसीने के भाप बनकर उड़ने की संभावना कम हो जाती है। ऐसे में शरीर लगातार गर्म बना रहता है और इसके फायदे मिलते हैं।
