रंगीन आहार लाए जीवन में बहार: Healthy Food Healthy Life
Healthy Food Healthy Life

Healthy Food Healthy Life: हमारे जीवन में रंगों का असर शुरू से ही रहा है। चाहे वह इंसान का रंग-रूप, खून, बाल या फिर पहनावा हो, सभी में रंगों का अपना असर होता है। अगर यह कहा जाए कि रंगों के बिना जीवन की कल्पना ही नामुमकिन है तो गलत नहीं होगा। इस बात का प्रमाण वैज्ञानिकों द्वारा किए गए शोधों से भी मिलता है। अब तो वैज्ञानिक शोधों ने भी यह सिद्ध कर दिया है कि फलों और सब्जियों में मौजूद रंग हमारी सेहत के लिए काफी लाभदायक और फायदेमंद हैं। आइए, जानते हैं कि कैसे छिपा है रंगों में सेहत का राज।

हरे रंग में मौजूद पोषक तत्व

सब्जियों या फलों में पाए जाने वाले हरे रंग इस बात की सूचना देते हैं कि इस खाद्य पदार्थ में प्रचुर मात्रा में आयरन मौजूद है। जैसे खीरा, अंगूर, पालक, बंदगोभी, मटर, सेम, हरी मिर्च, बथुआ, बीन्स, सरसों का साग, चने का साग, मूली के हरे पत्ते वगैरह। हरे रंग की खाद्य वस्तुओं में ल्यूटीन, जिआजेंथिन, क्लोरोफिल, फाइबर, कैल्शियम, फोलेट और बीटा केरोटिन नामक तत्त्व पाए जाते हैं। जो आंखों को स्वस्थ रखने में मददगार होते हैं। इनमें उपस्थित पोषक पदार्थ पाचन शक्ति बढ़ाने के साथ ही कैंसर ओर लो-ब्लडप्रेशर के खतरों को भी कम करते हैं। इसके अलावा यह रंग रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में भी मदद करता है।

लाल रंग

लाल रंग के फल व सब्जियों वाले कुदरती खाद्य पदार्थों में लाइकोपिन, इलेगिक एसिड, क्वेरसिटीन और हेस्पिरीडिन नामक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। ये एंटीऑक्सीडेंट्स खून में थक्कों को नहीं बनने देते। इस कारण हृदय रोग का रिस्क काफी कम हो जाता है। यही नहीं, इन लाल रंग के फलों में कैंसर से लड़ने वाले एंटीऑक्सीडेंट्स भी पाए जाते हैं। इसके अलावा इनके इस्तेमाल से ट्यूमर बनने और कोलेस्ट्रॉल का लेवल बढ़ने की आशंका भी कम हो जाती है। ये ऊतकों को जोड़ने में भी मददगार होते हैं। पर्पल रंग के अंगूर भी कैंसर रोधी तत्त्वों से भरपूर होते हैं। लाल और पर्पल रंग के जो खाद्य पदार्थ हैं, वह हैं टमाटर, गाजर, सेब, तरबूज, स्ट्रॉबेरी, प्याज वगैरह।

नारंगी रंग

नारंगी रंग के कुदरती खाद्य पदार्थों में आम, संतरा, मौसमी, पपीता, आडू में विटामिन ए और सी, बीटर, कैरोटिन, जिआजेंथिन, फ्लेवोनॉयड, लाइकोपिन और पोटेशियम की भरपूर मात्रा होती है जो आंखों और स्किन को स्वस्थ रखने में सहायक है। साथ ही मैग्नीशियम और कैल्शियम एक दूसरे के साथ मिलकर हड्डियों को मजबूती प्रदान करते हैं।

पीले रंग

पीले रंग के खाद्य पदार्थ जैसे चने की दाल, अरहर की दाल, मकई आदि सभी पीले रंगों वाले फलों, सब्जियों व खाद्य पदार्थों में रोग प्रतिरोधक विटामिन सी पाया जाता है। इसके अलावा बीटा क्राईपटॉक्लैनथिन नामक एंटीऑक्सीडेंट भी पाया जाता है जो कोशिकाओं को नष्ट करने से बचाने में सहायक है। यह एंटीऑक्सीडेंट आंखों की सेहत को भी बरकरार रखने में मददगार है।

नीला रंग

काले-नीले अंगूर, ब्लैक बेरी, बैंगन में पोषक तत्त्व ल्यूटिन, जिआजेंथिन, रेसवराट्रोल, विटामिन सी, फाइबर फ्लेवोनॉयड, इलेगिक एसिड और क्वेरसिटीन होते हैं। शरीर को मजबूती देने के साथ ही यह याददाश्त को बढ़ाता है। पदार्थों की अवशोषण क्षमता व कैल्शियम को बढ़ाता है। पाचन तंत्र सुदृढ़ करने के अलावा कैंसर सेल्स को बढ़ने से रोकता है।

सफ़ेद रंग

सफेद रंग का लहसुन, केला, अदरक, मशरूम, शलजम, आलू और प्याज जैसी विभिन्न सब्जियों व व्यंजनों को लजीज बनाने मे महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है। लहसुन और प्याज में एलीसिन नामक तत्त्व पाया जाता है जो शरीर में ट्यूमर नहीं बनने देते। मशरूम में भरपूर मात्रा में फ्लेवोनॉयड पाए जाते हैं। जो कोशिकाओं को नष्ट होने से बचाने में सहायक होते हैं। यह स्तन कैंसर के खतरों को रोकने के अलावा हार्मोंस में भी संतुलन बनाए रखता है।

अगर आपने भी पिछले कुछ दिनों से अपने खान-पान में रंगों वाले खाद्य पदार्थों को स्थान नहीं दिया है तो आपको चाहिए कि प्राथमिकता के तौर पर आप उनको वरीयता दें। जिससे आप हमेशा तरोताजा महसूस कर सकें, निरोग रह सकें।