Sindhi Mutton Curry: भारत के बारे में सबसे अच्छी बात है यहां की विभिन्नता। यहां अलग-अलग संस्कृतियों और रीति रिवाजों को मानने वाले लोग रहते हैं। ऐसे में वो अपनी संस्कृति के साथ स्वाद को भी सहेज रहे हैं। ऐसे ही अपने एक अलग स्वाद और अंदाज के लिए सिंधी कम्यूनिटी भी जानी जाती है। मूलत पाकिस्तान के सिंध से ताल्लुक रखने वाली इस कम्यूनिटी के खानपान की खासियत तीखापन है। वैसे अक्सर ही हम सिंधी खानों को कढ़ी और पुलाव के साथ जोड़कर देखते हैं लेकिन क्या आपको पता है कि सिंधी मटन करी का स्वाद भी लाजवाब है। तो चलिए जायके की गली में इस बार स्वाद लें सिंधी मटन करी का।
सिंधी मटन करी

सामग्री
- मटन- आधा किलो
- प्याज- 2 बारीक कटी
- लहसुन का पेस्ट-2 चम्मच
- अदरक का पेस्ट-1 चम्मच
- टमाटर- 2 बारीक कटे
- हरी मिर्च-4 से 5
- काली मिर्च-1 चम्मच
- पिसा धनिया-1 चम्मच
- साबुत धनिया-1 चम्मच कुचला हुआ
- पिसी लाल मिर्च-1 चम्मच
- हल्दी पाउडर-1/2 छोटा चम्मच
- जीरा-1 चम्मच
- सूखी मेथी- 1 चम्मच
- गरम मसाला-1 चम्मच
- सरसों का तेल-3-4 चम्मच
- दालचीनी- एक टुकड़ा
- छोटी इलायची-2 से 3
- बड़ी इलायची- 1
- लॉन्ग-3 से 4
- खसखस- 1 चम्मच
- नारियल का बुरादा-1 चम्मच
- नमक-स्वादानुसार
ऐसे बनाएं
- सबसे पहले सूखे साबुत मसालों को तवे पर सेंककर मिक्सी में पीस लें। आपको इन मसालों के साथ नारियल और सूखी मेथी को भी सेंककर पीसना है।
- इसके बाद इसी जार में टमाटर और हरी मिर्च को पीस लें।
- अब कूकर में तेल गर्म करें। इसमें प्याज डालें, जब प्याज थोड़ी पक जाए तो इसमें मटन डालकर उसे तेल में तल लें। इसके बाद इसमें लहसुन-अदरक का डालकर कुछ देर के लिए चलाएं।
- इसके बाद इसमें पिसी काली मिर्च, नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर डाल दें। इसमें टमाटर और हरी मिर्च का पेस्ट डालें और धीमी आंच पर इसे भूनें। इसके बाद आप मटन में प्रेशर लगा दें। यह 5 से 6 सीटी में गल जाएगा। अगर यह नहीं गले तो दो तीन बार और प्रेशर में रख दें। गलने के लिए थोड़ा सा पानी डाल दें ताकि मटन जले नहीं।
- मटन के गल जाने के बाद इसमें पिसा हुआ नारियल और जो सूखे मसाले हमने भूने थे वो डाल दें। इसका स्वाद लाजवाब है। हरे धनिए की पत्ती से इसे सजाएं। यह चावल और रोटी दोनों के साथ अच्छा लगता है।
