घंटों का काम मिनटों में कर देते हैं ये स्मार्ट माइक्रो अप्लायंसेज, किचन को ऐसे बनाएं हाईटेक: Smart Micro Appliances
Smart Micro Appliances

Overview:

रसोई का काम बहुत ही मुश्किल होता है। अगर आप वर्किंग हैं तो आपके सामने चुनौतियां और भी ज्यादा हो जाती हैं। हर काम समय पर पूरा करना रोज नई जंग लड़ने से कम नहीं है। ऐसे में 'हार्ड वर्क' को 'स्मार्ट वर्क' में बदलकर आप इस काम को बहुत ही आसान बना सकती हैं।

Smart Micro Appliances: महिला चाहे वर्किंग हो या फिर हाउस वाइफ, उन्होंने चाहे हाउस हेल्थ लगा रखी हो या नहीं, रसोई का काम महिलाओं को देखना और करना ही पड़ता है। लगभग हर भारतीय परिवार में यह उम्मीद जरूर की जाती है कि महिला घर की रसोई को जरूर संभालें। हालांकि रसोई का काम बहुत ही मुश्किल होता है। अगर आप वर्किंग हैं तो आपके सामने चुनौतियां और भी ज्यादा हो जाती हैं। हर काम समय पर पूरा करना रोज नई जंग लड़ने से कम नहीं है। ऐसे में ‘हार्ड वर्क’ को ‘स्मार्ट वर्क’ में बदलकर आप इस काम को बहुत ही आसान बना सकती हैं। इसके लिए आप कई माइक्रो अप्लायंसेज को अपनी किचन का हिस्सा बना सकती हैं और मुश्किल कामों को ​भी मिनटों में पूरा कर सकती हैं। अगर आप भी अपनी किचन के लिए स्मार्ट माइक्रो अप्लांइसेज चुन खोज रहीं हैं तो यहां आप पूरी लिस्ट देखें।

अगर आप चाहती हैं कि आपकी किचन हाईटेक और स्मार्ट हो तो एयर फ्रायर को अपनी किचन का हिस्सा जरूर बनाएं। यह न सिर्फ आपके कुकिंग टाइम को कम करता है, बल्कि आपको और आपकी फैमिली को हेल्दी भी रखता है। इसमें आप बिना तेल के या फिर बहुत ही कम तेल में फूड पका सकते हैं। फ्रेंच फ्राइज से लेकर समोसे, कचौड़ी, पकोड़े, केक और भी बहुत कुछ ​इसमें मिनटों में पकाया जा सकता है। इसकी रेंज 3,500 रुपए से शुरू होती है।

सब्जियों और डिशेज में ताजा धनिया और पुदीना, लेमन ग्रास, थाइम जैसी हब्र्स का मजा ही कुछ दूसरा है। लेकिन अगर आप गार्डनिंग में कमजोर हैं या आपको इसका समय नहीं मिल पाता तो आप हार्वेस्ट इंडोर गार्डन मशीन ले सकती हैं। इस मशीन में बिना मिट्टी और खाद के आप हर्ब उगा सकती हैं और जरूरत के अनुसार फ्रेश हर्ब यूज कर सकती हैं। इसकी मदद से धनिया-पुदीना साफ करने में लगने वाला समय भी बचता है। इसमें ऑटो-वॉटरिंग और एलईडी लाइट सिस्टम होता है। इसमें पानी में खेती की जाती है। यह आपकी रसोई को स्मार्ट लुक भी देगा। इसकी कीमत करीब 5,800 रुपए से शुरू होती है।

शायद ही कोई ऐसा घर हो जहां बच्चे और बड़े आइसक्रीम के दीवाने न हों। लेकिन बाजार की मिलावटी आइसक्रीम और कलर के डर से सभी डेली आइसक्रीम खाने से बचते हैं। आइसक्रीम बनाने की झंझट के कारण महिलाएं चाहते हुए भी अब घरों में आइसक्रीम नहीं बना पातीं। ऐसी सभी परेशानियों का हल है आइसक्रीम मेकर। इस मशीन की मदद से आप मिनटों में अपनी पसंद की आइसक्रीम अपने अनुसार बना सकती हैं। इसमें सिर्फ आपको एक बटन दबाने की जरूरत है। खास बात ये है कि इसकी रेंज करीब 2000 रुपए से शुरू हो जाती है।  

अगर आप अपने दिन की शुरुआत एक कड़क कॉफी के साथ करना चाहती हैं या फिर काम की थकान दूर करने के लिए आपको एक कप कॉफी पीने का मन है, लेकिन उसे बनाने की हिम्मत आप में नहीं बची है तो स्मार्ट कॉफी मेकर आपकी मदद कर सकता है। बस आपको कहना है ‘एलेक्सा, मेरे लिए कॉफी बनाओ’। जी हां, मार्केट में अब ऐसे स्मार्ट कॉफी मेकर आ गए हैं जो ऐप की मदद से आसानी से काम करते हैं। यह कॉफी मेकर आपके काम को आसान बना सकता है। 2000 रुपए से इसकी रेंज शुरू होती है, जिसे आप अपनी जरूरत के अनुसार चुन सकती हैं।

क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि सुबह की जल्दबाजी में कुकर की सीटी बजती रहती है और आप उसे समय पर बंद नहीं कर पातीं। या कभी कभी आप ऑफिस जाने में इसलिए लेट हो जाती हैं कि दाल-सब्जी पूरी नहीं बनी होती और आपको कुकर में सीटी आने का इंतजार करना पड़ता है। अगर हां, तो स्मार्ट इलेक्ट्रिक कुकर आपके लिए बेस्ट है। इसमें आप टाइमर सेट कर सकती हैं। टाइमर के अनुसार यह अपने आप बंद हो जाता है। इसकी निगरानी के लिए आपको इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ती। इस इलेक्ट्रिक कूकर को आप सिंपल प्रेशर कुकर, स्टीमर, दही मेकर, वार्मर, केक मेकर आदि की तरह भी यूज कर सकती हैं। इनकी रेंज करीब 1600 रुपए से शुरू हो जाती है।

घर में गैस चूल्हे के साथ ही एक इंडक्शन स्टोव भी जरूर होना चाहिए।  इसमें आप टाइमर सेट करके कुकिंग कर सकती हैं। इसमें कुकिंग के कई मोड होते हैं। कुछ मोड्स में दूध, चाय आदि उफनते तक नहीं है। ऐसे में आप टेंशन फ्री होकर अपना बाकी काम कर सकती हैं। इंडक्शन स्टोव करीब 3,500 रुपए से शुरू हो जाते हैं।

रसोई में काम करने के दौरान लगने वाला बर्तनों का ढेर हर महिला के लिए टेंशन का कारण बन जाता है। ऐसे में डिश वॉशर आपके लिए एक ऑप्शन है। यह आपकी टेंशन आधी कर देगा। आप इसमें सिर्फ गंदे बर्तन रखें और बटन दबाकर इसे ऑन कर दें। कुछ ही मिनटों में आपके बर्तन गर्म पानी से आसानी से वॉश हो जाएंगे। स्मार्ट डिश वॉशर की शुरुआत 10,000 रुपए से होती है।  

सुबह-सुबह की जल्दबाजी में आटा लगाना हर महिला को एक बड़ा टास्क लगता है। ऐसे में आटा मेकर हर महिला का मददगार बन सकता है। इसमें आप जैसा आटा लगाना चाहती हैं, वो सामान डालें और बटन दबाते ही आटा गूंथ जाता है। इससे आपका काफी समय भी बचेगा और आपकी मेहनत भी आधी हो जाएगी। ऑटोमेटिक आटा मेकर की रेंज 3,500 रुपए से शुरू हो जाती है।

हर रसोई में माइक्रोवेव ओवन होना बेहद जरूरी है। यह आपके काम को आसान बना देता है। खाना पकाने से लेकर डिशेज बनाने तक में ये आपके काम आ सकता है। इसमें आप दो से तीन मिनट में ही खाना गर्म कर सकती हैं। माइक्रोवेव की रेंज 15,000 रुपए से शुरू होती हैै।

एक तरफ बच्चों को स्कूल के लिए तैयार करने की टेंशन, दूसरी तरह उनका लंच बनाना, ऐसे में बार-बार कढ़ाई में डिशेज का ध्यान रखना एक मुश्किल काम है। लेकिन ऑटोमेटिक पैन स्टिरर आपको टेंशन फ्री कर सकता है। इसकी मदद से आपकी डिशेज जलने से बच जाती हैं। यह रिचार्जेबल होता है और बैटरी से भी चलता है। यह तीन घंटे से लेकर नौ घंटे त​क काम करता है।