Overview: न मैदा न चीनी, फिर भी बनेंगे स्वादिष्ट ठेकुआ, डायबिटिक भी कर सकते हैं एंजॉय
ठेकुआ, बिहार और झारखंड की पारंपरिक मिठाई, छठ पूजा का विशेष व्यंजन है, जिसे हेल्दी तरीके से बनाकर गिल्ट फ्री इंज्वॉय किया जा सकता है।
Healthy Thekua Recipe: ठेकुआ, बिहार और झारखंड की पारंपरिक मिठाई है, जो अपनी कुरकुरी बनावट और शुद्धता के लिए प्रसिद्ध है। छठ पूजा के दौरान विशेष रूप से बनाया जाने वाला यह व्यंजन गुड़ की मिठास और देसी घी की खुशबू से हर किसी का मन मोह लेता है। लेकिन कई लोग खासकर डायबिटिक पेशेंट मैदे और मिठास के कारण इसका लुत्फ नहीं उठा पाते। क्या आप जानते हैं कि थोड़ी सी समझदारी से आप ठेकुआ को और भी सेहतमंद बना सकते हैं, जो न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होगा, बल्कि डायबिटिक और फिटनेस फ्रीक भी इसे बिना किसी चिंता के खा सकते हैं। तो चलिए जानते हैं ठेकुआ को कैसे शुगरफ्री और हेल्दी बना सकते हैं।
हेल्दी ठेकुआ का चुनाव क्यों करें

पारंपरिक ठेकुआ गेहूं के आटे, गुड़ और घी से बनता है, जो रिफाइंड शुगर और मैदे से बनी मिठाइयों की तुलना में पौष्टिक है। लेकिन आजकल लोग कम कैलोरी और आहार के अनुकूल विकल्प तलाशते हैं। सेहतमंद ठेकुआ को तलने की बजाय ओवन में बेक किया जा सकता है, आर्टिफिशियल स्वीटनर का उपयोग किया जा सकता है, या पोषक तत्वों से भरपूर सामग्री जैसे मेवे और सीड्स को एड किया जा सकता है। यह न केवल छठ पूजा या त्योहारों के लिए बल्कि नाश्ते या विशेष आहार जैसे वीगन या ग्लूटेन-मुक्त डाइट के लिए भी उपयुक्त है।
ठेकुआ के हेल्थ बेनिफिट्स
सही सामग्री और तरीके से बनाया गया ठेकुआ कई स्वास्थ्य लाभ देता है:
गेहूं का आटा: फाइबर से भरपूर, यह पाचन को बेहतर बनाता है और ब्लड शुगर को स्थिर रखता है।
गुड़: रिफाइंड शुगर के विपरीत, गुड़ में आयरन, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सिडेंट्स होते हैं।
घी या विकल्प: घी स्वस्थ वसा और विटामिन प्रदान करता है, जबकि वीगन आहार के लिए नारियल तेल एक बढ़िया विकल्प है।
मेवे और बीज: बादाम, तिल या चिया बीज प्रोटीन, हेल्दी फैट और माइक्रो न्यूट्रिएंट्स तत्व एड करता है।
हेल्दी ठेकुआ रेसिपी

सामग्री:
– 1.5 कप गेहूं का आटा (या ग्लूटेन-मुक्त आहार के लिए ग्लूटेन-मुक्त आटा)
– 3/4 कप कद्दूकस किया हुआ गुड़ (या कोकोनट शुगर)
– 3 बड़े चम्मच घी (या वीगन के लिए नारियल तेल)
– 1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर या सौंफ के बीज (कुटी हुई)
– 2 बड़े चम्मच पानी (आवश्यकतानुसार)
– 2 बड़े चम्मच कटे हुए बादाम या चिया सीड्स
– चुटकी भर नमक
– 1 बड़ा चम्मच अलसी पाउडर (फाइबर के लिए)
बनाने की विधि
– गुड़ या कोकोनट शुगर को 2 बड़े चम्मच पानी में धीमी आंच पर पिघलाएं। अगर गुड़ का उपयोग कर रहे हैं, तो इसे छान लें और थोड़ा ठंडा करें।
– एक कटोरे में आटा, घी या नारियल तेल, इलायची या सौंफ, बादाम या चिया सीड्स, अलसी पाउडर और नमक मिलाएं। पिघला हुआ गुड़ डालकर सख्त आटा गूंथें। यदि आटा बहुत सूखा हो, तो थोड़ा पानी मिलाएं।
– आटे की छोटी-छोटी लोइयां (लगभग 1 इंच) बनाएं। इन्हें 1/4 इंच मोटी डिस्क में चपटा करें। कांटे या कुकी कटर से सजावटी पैटर्न बनाएं।
– ओवन को 175 डिग्री सेल्सियस पर पहले से गरम करें। ठेकुआ को पार्चमेंट पेपर पर बिछी ट्रे पर रखें और 15-18 मिनट तक बेक करें, बीच में पलटते रहे, जब तक कि वे सुनहरे और कुरकुरे न हो जाएं।
– बेकिंग के अलावा यदि इसे तलना है तो कम तेल में मध्यम आंच पर 3-4 मिनट प्रति साइड तलें।
– ठेकुआ को सैंक कर पूरी तरह ठंडा करें। इन्हें 2 सप्ताह तक एयरटाइट कंटेनर में स्टोर किया जा सकता है।
हेल्दी ठेकुआ के प्रकार
ग्लूटेन-फ्री ठेकुआ: बादाम का आटा या ग्लूटेन-फ्री ओट्स आटे का उपयोग करें।
वीगन ठेकुआ: घी की जगह नारियल तेल या जैतून का तेल और मेपल सिरप जैसे पौधे-आधारित मिठास का उपयोग कर सकते हैं।
लो शुगर ठेकुआ: गुड़ को 1/2 कप करें और स्वाद के लिए स्टेविया या मॉन्क फ्रूट मिलाएं।
पोषण युक्त ठेकुआ: चिया या अलसी के बीज मिलाकर ओमेगा-3 और फाइबर बढ़ाएं।
हेल्दी ठेकुआ बनाने के टिप्स
– अधिकतम पोषण और शुद्धतो के लिए ऑर्गेनिक गुड़ का उपयोग करें।
– सिलिकॉन मैट पर बेक करें ताकि बिना अतिरिक्त तेल के चिपके नहीं।
– कुरकुरापन बनाए रखने के लिए ठंडी, सूखी जगह पर स्टोर करें।
