Shree Saini became Miss World America
Shree Saini became Miss World America

बेदाग और निखरते हुए चेहरे को ही खूबसूरती की पहचान माना जाता है, और जब बात मिस वर्ल्ड जैसे पेजेंट की हो तो यह बात और भी महत्वपूर्ण हो जाती है. पंजाब में जन्मी 25 वर्षीया श्री सैनी मिस वर्ल्ड अमेरिका 2021 का खिताब अपने नाम कर चुकी हैं. बचपन में एक हादसे में श्री सैनी का चेहरा बुरी तरह जल गया था, यहाँ तक कि उन्हें पेसमेकर (हृदय गति को नियंत्रित करने वाला उपकरण) बचपन में ही लग गया था. फिर भी, मुश्किलों को पीछे धकेल श्री ने मिस वर्ल्ड अमेरिका का खिताब अपने नाम कर लिया है. श्री न केवल पहली भारतीय-अमरीकी महिला हैं जिन्होंने यह खिताब अपने नाम किया है बल्कि वे पहली एशियाई महिला भी हैं जिन्हें इस खिताब से नवाजा गया है.

बचपन में हुई ओपन हार्ट सर्जरी

श्री सैनी का जन्म लुधियाना में हुआ था, लेकिन जब वे 5 साल की थीं तब उनका परिवार अमेरिका में वाशिंगटन डीसी आ गया था. श्री सैनी ने 3 साल की उम्र से डांस करना शुरू कर दिया था. वे मात्र 12 साल की थीं जब उन्हें परमानेंट पेसमेकर लगा था. श्री एक रेयर हार्ट कंडीशन से गुजर रहीं थीं जिसके कारण उनका दिल केवल 20 बार प्रति मिनट धड़क रहा था, जबकि एक सामान्य व्यक्ति का दिल प्रति मिनट 70 बार धड़कता है. इसी के चलते उन्हें ओपन हार्ट सर्जरी कर पेसमेकर लगाया गया. यह भी कहा गया था कि वे एक सामान्य जीवन नहीं जी सकेंगी और उन्हें डांस करना तो बिलकुल ही छोड़ देना चाहिए. पर वे जिद्द पर अड़ी रहीं और डांस करना जारी रखा. वे बैलेट ते पोइंटे, जैज़, कंटेम्पररी और क्लोग्गिंग डांस फॉर्म में प्रशिक्षित हैं और कालेज में हिप-हॉप टीम की सदस्य भी रह चुकी हैं.

मां को खो देने का डर

एक नए देश में श्री ने खुदको बेहद अकेला पाया. वे अक्सर खुदको सबके अलग पाती थीं और नकारात्मक विचारों से घिरी रहती थीं. इस कारण श्री को डिप्रेशन ने भी घेर लिया था. लेकिन, उनकी मां हमेशा उन्हें खुश रहने को कहतीं और उनकी हिम्मत बांधती थीं.  श्री की मां हर कदम पर उनके साथ खड़ी रहीं और यह उनकी मां ही थीं जिन्होंने उन्हें विदेश में अपनी पहचान पाने के लिए प्रोत्साहित किया था. जब श्री 15 साल की थीं उनकी मां को बीमारी के चलते लाइफ सपोर्ट पर रखा गया था. अपनी मां को इस हालत में देख किसी का भी दिल पसीज उठता है. श्री भी बेहद टूट चुकी थीं. इस वक्त तक श्री ने इतना कुछ बुरा घटते देख लिया था कि उन्होंने फैसला किया कि वे अपना एक एनजीओ खोलेंगी और अपनी ही तरह डिप्रेशन जैसी बीमारियों से गुजर रहे लोगों की मदद करेंगी.

जब हादसे में चेहरा जला

चार साल बाद ही श्री सैनी की जिन्दगी में एक और तूफान आया जब वह एक घातक दुर्घटना का शिकार हुईं. इस दुर्घटना में श्री का चेहरा कई हिस्सों से जल गया था व उसपर कई खरोंचों के निशान पड़ गए थे. डाक्टरों ने श्री को ठीक होने के लिए एक साल तक का समय बताया था, लेकिन श्री एक महीने से पहले ही अपने पैरों पर वापस खड़ी हो गई थीं. चेहरे के घावों को श्री ने कभी अपने सपनों के आड़े नहीं आने दिया.  

पहनाया गया मिस वर्ल्ड का ताज

साल 2017 में श्री सैनी ने मिस इंडिया-यूएसए में भाग लिया और जीत हासिल की और अब उन्होंने मिस वर्ल्ड अमेरिका का खिताब जीता है. मिस वर्ल्ड अमेरिका के लोस एंजिल्स स्थित हेडक्वार्टर में श्री सैनी को डायना हेडन द्वारा मिस वर्ल्ड का ताज पहनाया गया. मिस वर्ल्ड अमेरिका ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर लिखा, “श्री, जो अभी मिस वर्ल्ड अमेरिका वाशिंगटन हैं, एमडब्लिउए नेशनल ब्यूटी विथ पर्पस अम्बेसेडर के पद पर भी हैं.  वह पद जो उन्होंने अथक परिश्रम करके उन लोगों की मदद करके पाया है जो कम भाग्यशाली हैं या जरूरतमंद हैं. उनके कई उपलब्धियों में एक उपलब्धि यह भी है कि उनके काम को यूनिसेफ, डॉक्टर्स विदाउट बोर्डर्स, सुजेन जी कोरमेन आदि द्वारा मान्यता प्राप्त है.”   

माता-पिता को दिया जीत का श्रेय

अपनी जीत के बाद श्री ने अपने माता-पिता को शुक्रिया कहते हुए कहा, “मैं बेहद खुश हूँ और नर्वस भी हूँ. मैं अपनी भावनाओं को व्यक्त नहीं कर सकती.  इसका पूरा श्रेय मेरे माता-पिता को जाता है, खासकर मेरी मां को जिनके सहयोग से मैं यहाँ हूँ. इस सम्मान के लिए शुक्रिया मिस वर्ल्ड अमेरिका.”

इंस्टाग्राम पर जाहिर की खुशी

जीत के बाद श्री सैनी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, “मुझे आशीर्वाद देने के लिए और मिस वर्ल्ड अमेरिका 2021 के रूप में अपनी सेवा दे पाने का मौका देने के लिए धन्यवाद भगवान. मैं भारतीय मूल की पहली अमेरिकी और मिस वर्ल्ड अमेरिका का ताज पहनने वाली पहली एशियाई हूँ. आपके स्नेहपूर्ण सहयोग से, मैं आप सभी को अपनी इस सेवा यात्रा में आमंत्रित करती हूँ.”

श्री सैनी की कहानी न सिर्फ प्रेरित करती है बल्कि यह भी दिखाती है कि हौंसला हो तो व्यक्ति क्या नहीं कर सकता है.  वो कहते हैं न ‘खुदी को कर बुलंद इतना कि हर तकदीर से पहले/खुदा बन्दे से खुद पूछे कि बता तेरी रज़ा क्या है’.

Leave a comment