Kaveri Kapur OCD Journey
Kaveri Kapur OCD Journey

Overview:

मेंटल हेल्थ पर बात करना अब कोई बुरी बात नहीं मानी जाती है। एक्ट्रेस-सिंगर कावेरी कपूर ने भी बहुत ही निडरता के साथ अपनी मेंटल हेल्थ को लेकर बड़ा खुलासा किया है।

Kaveri Kapur OCD Journey: जाने माने फिल्म निर्माता और निर्देशक शेखर कपूर अक्सर अपने खुले विचारों को लेकर चर्चा में रहते हैं। अब उनकी बेटी एक्ट्रेस-सिंगर कावेरी कपूर ने भी बहुत ही निडरता के साथ अपनी मेंटल हेल्थ को लेकर बड़ा खुलासा किया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में कावेरी कपूर ने बताया कि वह ऑब्सेसिव-कंपल्सिव डिसऑर्डर यानी ओसीडी की शिकार हैं और लगातार इसका सामना कर रही हैं।

इसलिए होते हैं ओसीडी के शिकार

कावेरी ने अपनी मेंटल हेल्थ के साथ ही ऑब्सेसिव-कंपल्सिव डिसऑर्डर के बारे में भी खुलकर बताया। उन्होंने बताया कि ओसीडी से अक्सर वो लोग जूझते हैं जो ज्यादा सोचते हैं। ऐसा विशेष मानसिक स्थितियों के कारण होता है। इसके कारण आपके मन में एक ही ख्याल बार-बार आता है। इस दौरान कावेरी ने कई उदाहरण भी दिए। उन्होंने बताया कि कुछ ध्यान न रहना इसका एक लक्षण है। मैं बार-बार सोचती हूं कि क्या मैंने लाइट बंद की है। या गीजर ऑन है या ऑफ है। कई बार मुझे इसके बारे में पता होता है, फिर भी मैं इसे लेकर पूरी तरह से आश्वस्त नहीं रहती। चीजों को बार-बार चेक करती हूं।

समय के साथ बिगड़ेगी स्थिति

कावेरी ने बताया कि असल में ऑब्सेसिव-कंपल्सिव डिसऑर्डर एक प्रकार का मानसिक विकार है। इसके कारण शख्स के मन में कई प्रकार की चिंताएं रहती हैं। उसे बार-बार नकारात्मक विचार आते हैं। ऐसे में इंसान अपने व्यवहार को दोहराने लगता है। वैसे तो तनाव और चिंता इसका सबसे बड़ा कारण है। लेकिन कई बार यह जेनेटिक भी हो सकता है। समय पर ओसीडी पर ध्यान न देना खतरनाक हो सकता है। क्योंकि जैसे जैसे समय बीतता है, मानसिक स्थिति और खराब होने लगती है। इसलिए बहुत जरूरी है कि आप ओसीडी के बारे में जागरूक हों। समय पर इसके लक्षणों को पहचानें और फिर उसका उपचार करवाएं।

सोच का पड़ता है गहरा असर

इस दौरान कावेरी ने ओसीडी के कारण महसूस होने वाले अनुभवों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पॉजिटिव सोच रखकर आप ओसीडी को काफी हद तक कंट्रोल कर सकते हैं। यह एक कारगर तरीका है। जब भी आपके मन में ओसीडी के विचार आएं, तो आप अपना ध्यान दूसरी जगह लगाने की कोशिश करें। इससे आप नेगेटिव नहीं होते हैं। आप जितना पॉजिटिव सोच अपनाने की कोशिश करेंगे। उतना ही फायदा आपको होगा। कोशिश करें कि आपके विचार आप पर हावी न हों।

ये सेलेब्स भी हैं ओसीडी की शिकार

मेंटल हेल्थ पर बात करना अब कोई बुरी बात नहीं मानी जाती है। कई बॉलीवुड सेलेब्स लोगों की सोच में बदलाव की कोशिश कर रहे हैं। कावेरी कपूर से पहले भी कई बॉलीवुड हस्तियों ने ओसीडी को लेकर खुलकर बात की है। इस लिस्ट में एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण, विद्या बालन, एक्टर रणबीर कपूर, राजकुमार राव सहित कई हस्तियों के नाम शामिल हैं। दीपिका पादुकोण ने भी बताया कि वे ओसीडी का शिकार हैं। हालांकि वह इससे ज्यादा प्रभावित नहीं होती हैं। वहीं विद्या बालन ने खुलकर स्वीकार किया था कि वह ओसीडी से काफी प्रभावित हैं। उन्हें साफ सफाई का फितूर है। एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि थेरेपी की मदद से उन्होंने ओसीडी को काफी कंट्रोल किया है।

मैं अंकिता शर्मा। मुझे मीडिया के तीनों माध्यम प्रिंट, डिजिटल और टीवी का करीब 18 साल का लंबा अनुभव है। मैंने राजस्थान के प्रतिष्ठित पत्रकारिता संस्थानों के साथ काम किया है। इसी के साथ मैं कई प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबों की एडिटर भी...