Summary: तेलुगु एक्ट्रेस श्रीलीला ने हासिल की एमबीबीएस की डिग्री
श्रीलीला ने अभिनय करियर की व्यस्तता के बीच एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर डॉक्टर बनकर एक मिसाल कायम की है। सोशल मीडिया पर उनकी इस उपलब्धि की जमकर सराहना हो रही है।
Sreeleela received MBBS Degree: मैरून कलर के कॉन्वोकेशन गाउन में मुस्कुराती हुई श्रीलीला की तस्वीरें और वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। स्टेज से अपना नाम पुकारे जाने का इंतजार करतीं, डिग्री लेते ही अपने परिवार को गले लगाती और दोस्तों के साथ खुशी से झूमती श्रीलीला के वीडियो ने उनके फैंस को इमोशनल कर दिया है। छह साल की मेहनत के बाद 24 साल की इस एक्ट्रेस ने मुंबई के डी.वाई. पाटिल यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस की डिग्री हासिल कर ली है।
श्रीलीला का वायरल वीडियो
#Sreeleela in her graduation stage 🎓🎓 pic.twitter.com/GtpzJOVLyh
— Abbishekh Raaja (@abbi0410) February 11, 2026
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक वीडियो में वह मैरून रोब पहने हुए अपनी डिग्री स्वीकार करती नजर आती हैं। एक वीडियो में स्टेज से नीचे उतरते ही अपने परिवार को गले लगाती हैं। एक अन्य वीडियो क्लिप में वह अपने बैचमेट्स के साथ मुस्कुराते हुए नजर आ रही हैं।
श्रीलीला का सफर
श्रीलीला का यह सफर इसलिए खास है क्योंकि उन्होंने एक्टिंग और मेडिकल शिक्षा दोनों को साथ लेकर चलने का वो निर्णय लिया, जो सबके लिए आसान नहीं होता है। फिल्मी दुनिया की चमक-दमक, लगातार शूटिंग शेड्यूल और दूसरी ओर मेडिकल की कठिन पढ़ाई के इस संतुलन को उन्होंने बड़े ही सहज तरीके से पूरा करके इस मुकाम को हासिल किया है।
इंटरनेट ने सराहा ‘ब्यूटी विद ब्रेन्स’
#SreeLeela has officially graduated, completing her medical degree ❤️
— Siddarth Srinivas (@sidhuwrites) February 11, 2026
Acting + academics – win win! pic.twitter.com/sisosEPRTZ
फैंस ने श्रीलीला की इस उपलब्धि पर दिल खोलकर बधाइयां दीं। एक यूजर ने लिखा कि एक्टिंग के साथ मेडिकल की पढ़ाई संभालना बेहद कठिन काम है। उन्होंने यह भी कहा कि प्राइवेट यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करना भी उतना ही कठिन है, क्योंकि पाठ्यक्रम और विषय वही रहते हैं, सिर्फ फीस ही अलग होती है। एमबीबीएस कोई मज़ाक नहीं, उन्होंने कमेंट में जोड़ा। एक अन्य फैन ने उन्हें “ब्यूटी विद ब्रेन्स” बताते हुए उनकी लगन और समर्पण को सलाम किया। किसी ने उन्हें “गॉड्स फेवरेट चाइल्ड” तक कह दिया।
डॉक्टर मम्मी की बेटी हैं श्रीलीला
श्रीलीला का मेडिकल से यह जुड़ाव नया नहीं है। उनका जन्म 2001 में अमेरिका के डेट्रॉइट में एक तेलुगु परिवार में हुआ, लेकिन परवरिश बेंगलुरु में हुई। उनकी मां स्वर्णलता बैंगलोर में एक गायनोकोलॉजिस्ट हैं। घर का यही माहौल उन्हें मेडिकल की ओर खींच लाया। एक्टिंग के साथ-साथ डॉक्टर बनने का सपना उन्होंने कभी छोड़ा नहीं।
श्रीलीला का फिल्मी सफर
श्रीलीला ने 2017 में तेलुगु फिल्म “चित्रांगदा” से अपने करियर की शुरुआत की। बतौर लीड एक्ट्रेस उनकी पहली फिल्म 2019 की कन्नड़ फिल्म “किस” रही। उसी साल वह “भराते” में भी नजर आईं। हाल के दिनों में उन्हें “पुष्पा 2” के डांस नंबर “किस्सिक” से अलग तरह की पॉपुलैरिटी मिली। आने वाले समय में श्रीलीला तेलुगु फिल्म “उस्ताद भगत सिंह” में पवन कल्याण के साथ नजर आएंगी। धनुष के साथ भी वह “डी 55” में दिखने वाली हैं। जल्दी ही उन्हें हिन्दी फिल्मों में भी देखा जा सकता है। खबर है कि वह एक बॉलीवुड फिल्म में कार्तिक आर्यन के साथ नजर आने वाली हैं।
