Summary: श्रीलीला ने वैकुंठ एकादशी पर तिरुमाला मंदिर में किए दर्शन, एक्ट्रेस को देख फैंस हुए बेकाबू
वैकुंठ एकादशी पर तिरुमाला मंदिर में भक्तों की भीड़ लगी रही। इस दौरान अभिनेत्री श्रीलीला अपनी मां और दादी के साथ दर्शन करने पहुंचीं। उन्हें देखकर लोगों में खुशी और हलचल मच गई।
Sreeleela Temple Incident: अपनी पसंदीदा सितारों की एक झलक पाने के लिए फैंस अक्सर हर हद पार कर देते हैं। कई बार वे जगह और माहौल की परवाह किए बिना ऐसा व्यवहार करने लगते हैं। कुछ ऐसा ही वाकया साउथ सिनेमा से लेकर बॉलीवुड तक अपनी पहचान बना चुकी एक्ट्रेस श्रीलीला के साथ भी देखने को मिला, जब उन्हें फैंस की भारी भीड़ ने घेर लिया। भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि हालात संभालना मुश्किल हो गया। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद उनके बॉडीगार्ड्स को श्रीलीला को सुरक्षित वहां से बाहर निकालना पड़ा। यह पूरा मामला 30 दिसंबर का बताया जा रहा है, जब श्रीलीला अपनी मां और दादी के साथ तिरूमाला मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची थीं। इसी दौरान यह घटना हुई, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। आइए जानते हैं कि आखिर यह पूरा हंगामा कैसे हुआ।
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में श्रीलीला भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए तिरुपति बालाजी मंदिर पहुंचीं। यह मौका साल 2025 की आखिरी एकादशी का था। दर्शन के दौरान वहां मौजूद फैंस ने उन्हें पहचान लिया और देखते ही देखते एक्ट्रेस को चारों तरफ से घेर लिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग सेल्फी लेने के लिए आगे बढ़ते हैं, जिससे श्रीलीला थोड़ी असहज और घबराई हुई नजर आती हैं।
श्रीलीला को सिक्योरिटी गार्ड ने निकाला भीड़ से बाहर
हालात को संभालते हुए उनके सिक्योरिटी गार्ड्स तुरंत मौके पर पहुंचते हैं और भीड़ को हटाकर एक्ट्रेस को सुरक्षित बाहर ले जाते हैं। यह वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। आपको बता दें कि इस भीड़भाड़ की एक बड़ी वजह यह भी थी कि श्रीलीला वीआईपी एंट्री लेने के बजाय सामान्य लाइन में खड़े होकर अपने परिवार के साथ मंदिर में प्रवेश करना चाहती थीं।
समांथा और निधि के साथ भी ऐसा ही हुआ था
आपको बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है जब किसी एक्टर या एक्ट्रेस के साथ ऐसा हुआ हो। इससे पहले एक फिल्म के प्रीमियर के दौरान साउथ एक्ट्रेस निधि अग्रवाल को देखकर फैंस बेकाबू हो गए थे। वहीं, सामंथा प्रभु के साथ भी कुछ ऐसा ही वाकया सामने आया था, जब उनके बॉडीगार्ड्स ने उन्हें भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला था। इसके अलावा हाल ही में विजय थलापति भी एयरपोर्ट पर फैंस की बेकाबू भीड़ के चलते फिसलकर गिर गए थे। इन घटनाओं से साफ है कि कई बार फैंस का जुनून सितारों की सुरक्षा के लिए खतरा बन जाता है।
श्रीलीला के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स
अगर वर्कफ्रंट की बात करें, तो श्रीलीला के पास आने वाले समय में कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। वह कार्तिक आर्यन के साथ फिल्म ‘तू मेरी जिंदगी है’ में नजर आएंगी। इसके अलावा उनकी अपकमिंग फिल्मों में ‘मास जात्रा’, ‘पारशक्ति’, ‘उस्ताद भगत सिंह’ और ‘दोस्ताना 2’ शामिल हैं। इन फिल्मों के 2026 में रिलीज होने की उम्मीद है। श्रीलीला हिंदी, तेलुगु और तमिल तीनों भाषाओं में लगातार सक्रिय हैं और तेजी से अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं।
