Biopic Movies: फिल्में सिर्फ मनोरंजन का साधन ही नहीं है, बल्कि यह लोगों को कई तरह की सामाजिक समस्याओं से अवगत कराने या फिर उन्हें प्रेरित करने का एक साधन भी है। शायद यही कारण है कि पिछले कुछ समय में फिल्मों की कहानी गढ़ने के तरीकों के भी बदलाव आने लगा है। ऐसी कई फिल्में हैं, जो किसी व्यक्ति की रियल लाइफ कहानी को बयां करती हैं। ताकि लोगों को उससे कुछ जानने व सीखने को मिले।
पिछले कुछ समय से बॉलीवुड में बायोपिक फिल्म बनाने का चलन काफी बढ़ गया है। एक वास्तविक व्यक्ति या फिर किसी व्यक्ति के जीवन की किसी बहुत बड़ी घटना से प्रभावित इन फिल्मों में रचनात्मक स्वतंत्रता ली जाती है, ताकि उस व्यक्ति के जीवन की कहानी को अधिक बेहतर ढंग से परदे पर दर्शाया जा सके। इतना ही नहीं, लोग भी इन बायोपिक फिल्म को देखना काफी पसंद करते हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसी ही बायोपिक फिल्म के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें दर्शकों का भरपूर प्यार मिला और वह परदे पर ब्लॉकबस्टर साबित हुईं-
फिल्म- भाग मिल्खा भाग
राकेश ओमप्रकाश मेहरा द्वारा निर्देशित यह फिल्म पूर्व धावक मिल्खा सिंह के जीवन पर आधारित है। इसमें फरहान अख्तर ने मिल्खा सिंह की भूमिका निभाई थी और फ्लाइंग सिख के किरदार को परदे पर साकार करने के लिए उन्होंने काफी मेहनत भी की थी। उनके उच्चारण से लेकर व्यवहार और शरीर की भाषा के साथ उन्होंने अपनी भूमिका के साथ पूरी तरह न्याय किया। यह फिल्म कमर्शियली सक्सेसफुल हुई थी, जिसने सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार भी अर्जित किया।
फिल्म- मैरी कॉम
यह फिल्म ओलंपिक मुक्केबाज मैरी कॉम के जीवन पर आधारित है और इसका निर्देशन नवोदित उमंग कुमार ने किया था। फिल्म में प्रियंका चोपड़ा ने मैरी कॉम का मुख्य किरदार निभाया। उन्होंने मैरी कॉम के जीवन और उनके जुनून के पीछे भागते हुए किए गए संघर्षों को भी परदे पर साकार किया। आमतौर पर, मैरी कॉम को लोग केवल एक मुक्केबाज के रूप में ही जानते थे, लेकिन फिल्म के रिलीज होने के बाद उन्हें मैरी कॉम की जिन्दगी के कई पहलुओं को जानने का मौका मिला। फिल्म की कहानी बताती है कि बच्चा होने के बाद भी एक स्त्री किस तरह खुद को दोबारा स्थापित कर सकती है। शादी या बच्चे हो जाने का अर्थ यह कतई नहीं है कि एक स्त्री अपने सपनों को ही छोड़ दें। मैरी कॉम फिल्म को क्रिटिक्स से काफी सराहना मिली थी और यह फिल्म एक कमर्शियल सक्सेस थी और फिल्म ने कई पुरस्कार जीते।
फिल्म- एम.एस धोनीः द अनटोल्ड स्टोरी
साल 2016 में रिलीज हुई फिल्म एम.एस धोनीः द अनटोल्ड स्टोरी बेहद ही पॉपुलर हुई थी। नीरज पांडे द्वारा निर्देशित यह फिल्म क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के बचपन से लेकर, टिकट चेकर होने और आखिरकार भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बनने तक के जीवन को दर्शाती है। फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत ने एम एस धोनी की भूमिका निभाई थी। हालांकि, सुशांत सिंह राजपूत के अलावा फिल्म दिशा पाटनी, कियारा आडवाणी, भूमिका चावला और अनुपम खेर ने कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई। यह क्रिटिक्स और दर्शकों के बीच एक बिग हिट साबित हुई थी।
फिल्म- दंगल
जब सुपरहिट बायोपिक फिल्म की बात हो तो उसमें दंगल को कैसे भूला जा सकता है। यह फिल्म पहलवान फोगाट बहनों – गीता और बबीता के जीवन को दर्शाती है। उन्हें उनके पिता महावीर सिंह फोगाट द्वारा भारत की पहली विश्व स्तरीय महिला पहलवान बनाने के लिए प्रशिक्षण दिया। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आमिर खान, सान्या मल्होत्रा और फातिमा सना शेख मुख्य किरदार में नजर आए। फिल्म को क्रिटिक्स द्वारा काफी सराहा गया अैर यह अब तक की सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई। फिल्म के कुछ डॉयलॉग्स जैसे ‘म्हारी छोरियां छोरो से कम हैं क्या‘ आदि को काफी पसंद किया गया। यह फिल्म भारतीय समाज में लड़कियों के प्रति सोच को बदलने के लिए प्रेरित करती है।
फिल्म- नीरजा
यह एक बेहद ही इंस्पिरेशनल मूवी है, जिसमें सोनम कपूर ने मुख्य भूमिका निभाई। नीरजा राम माधवानी द्वारा निर्देशित है, जो नीरजा भनोट के जीवन के बारे में बताती है। जब 1986 में कराची, पाकिस्तान में पैन एम फ्लाइट 73 को हाईजैक कर लिया गया था, तब नीरजा ने बड़ी ही बहादुरी के साथ 379 यात्रियों में से 359 को बचाया था। लेकिन बाद में वह खुद अपनी जान बचाने में नाकाम रहीं। पूरी कहानी नीरजा के दृष्टिकोण से बताई गई है। यह फिल्म उस आघात को भी उजागर करती है, जिसका उसके परिवार को पूरी घटना के दौरान और बाद में सामना करना पड़ा था। घटनाओं के रियलिस्टिक चित्रण के लिए फिल्म की काफी सराहना की गई और यह फिल्म एक कमर्शियल सक्सेस भी साबित हुई थी। यकीनन यह फिल्म सोनम कपूर की अब तक की बेस्ट फिल्म में से एक है।
फिल्म- डर्टी पिक्चर
फिल्म डर्टी पिक्चर के साथ विद्या बालन ने फिल्मो में अपने कैरेक्टर के साथ एक्सपेरिमेंट किया और उन्हें सफलता भी मिली। इस फिल्म ने विद्या के करियर को एक बूस्ट दिया। साथ ही, फिल्म ने बहुत से निर्माता-निर्देशकों को महिला-केंद्रित कहानियां बनाने के लिए प्रेरित किया। मिलन लुथारिया द्वारा निर्देशित यह फिल्म दिवंगत दक्षिण भारतीय अभिनेत्री सिल्क स्मिता के जीवन पर आधारित है। फिल्म में नसीरूद्दीन शाह, इमरान हाशमी और तुषार कपूर जैसे कलाकार भी नजर आए। यह फिल्म दर्शकों और क्रिटिक्स द्वारा काफी पसंद की गई। खासतौर से, विद्या बालन की एक्टिंग बेहद ही जबरदस्त थी। उन्होंने इस रोल के लिए कई पुरस्कार और नॉमिनेशन भी अर्जित किए।
