Homemade Cuticle Oil: अगर नाखूनों व क्यूटिकल्स पर ध्यान ना दिया जाए तो वे रूखे और कमजोर हो सकते हैं। अमूमन यह देखने में आता है कि नाखूनों और क्यूटिकल्स को पैम्पर करने के लिए लोग तरह-तरह के फैन्सी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, जबकि आपको ऐसा करने की कोई जरूरत नहीं है।
जब भी स्किन केयर की बात होती है तो हाथों व नाखूनों को सबसे ज्यादा नजरअंदाज किया जाता है। जबकि अपने नाखूनों और क्यूटिकल्स की देखभाल करना हाथों को हेल्दी और खूबसूरत बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है। दरअसल, हम दिनभर में अपने हाथों का इस्तेमाल करके कई तरह के टास्क जैसे बर्तन धोने से लेकर टाइप करना आदि करते हैं। इसके अलावा, नाखूनों को खराब मौसम की मार भी झेलनी पड़ती है, इसके लिए आप चाहें तो खुद घर पर ही क्यूटिकल ऑयल बना सकते हैं। इससे आप बजट फ्रेंडली तरीके से अपने नाखूनों और क्यूटिकल्स को आसानी से पोषण दे सकते हैं। इन क्यूटिकल ऑयल को बेहद ही आसानी से घर पर बनाया जा सकता है। इन्हें बनाने के लिए आपको अलग-अलग तरह के एसेंशियल ऑयल व कैरियर ऑयल की जरूरत होगी। इनमें कई तरह के पोषक तत्व होते हैं, जो आपके क्यूटिकल्स को नमीयुक्त और मुलायम बनाते हैं। घर पर क्यूटिकल ऑयल बनाने का एक फायदा यह भी है कि आप इन्हें अपनी जरूरत के अनुसार कभी भी अपनी जरूरत व पसंद के अनुसार कस्टमाइज कर सकते हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको घर पर ही क्यूटिकल ऑयल बनाने के आसान तरीकों के बारे में बता रहे हैं-
Also read: फ्लोलेस स्किन के लिए फॉलो करें ये स्किन रूटीन: Flawless Skin Care
नारियल तेल और विटामिन ई ऑयल
यह क्यूटिकल ऑयल क्यूटिकल्स को हाइड्रेट करता है और टूटने से बचाता है। इससे आपके नेल्स मजबूत होते हैं और उनकी ग्रोथ बेहतर होती है। जहां नारियल का तेल गहराई से मॉइश्चराइज करता है और स्किन व नेल्स में प्रवेश करके सूखापन रोकता है। वहीं, विटामिन ई नाखूनों को मजबूत बनाता है।
आवश्यक सामग्री: 2 बड़े चम्मच नारियल तेल, 1 चम्मच विटामिन ई तेल।
क्यूटिकल ऑयल बनाने का तरीका: एक छोटे कटोरे में नारियल तेल और विटामिन ई तेल मिलाएं। अब इसे एक छोटी बोतल में डालें। इसके बाद आप इसे आसानी से इस्तेमाल कर सकते हैं।
नींबू का रस और ऑलिव ऑयल
यह क्यूटिकल ऑयल ना केवल क्यूटिकल्स को नरम और हाइड्रेट करता है, बल्कि नेल्स को साफ करने के साथ-साथ उसे शाइनी भी बनाता है। जहां, जैतून का तेल नमी और पोषण देता है, वहीं नींबू का रस चमक लाता है और नाखूनों के दागों को हल्का करने में मदद करता है।
आवश्यक सामग्री: 2 बड़े चम्मच जैतून का तेल, 1 चम्मच नींबू का रस।
क्यूटिकल ऑयल बनाने का तरीका: एक छोटे कंटेनर में जैतून का तेल और नींबू का रस डालकर मिलाएं। हर बार इस्तेमाल करने से पहले अच्छी तरह हिलाएं।
एवोकाडो ऑयल और रोज एसेंशियल ऑयल
यह क्यूटिकल ऑयल नेल्स व क्यूटिकल्स को गहराई से मॉइश्चराइज करता है। यह नाखूनों और क्यूटिकल्स की अपीयरेंस को बढ़ाता है। जहां एवोकाडो तेल विटामिन-ए, डी और ई से भरपूर होने के कारण क्यूटिकल्स को पोषण देता है, वहीं गुलाब के तेल में सुखदायक और एंटी-एजिंग गुण होते हैं, जिससे नेल्स की अपीयरेंस बेहतर होती है।
आवश्यक सामग्री: 2 बड़े चम्मच एवोकाडो ऑयल, 5 बूंदें रोज एसेंशियल ऑयल।
क्यूटिकल ऑयल बनाने का तरीका: सबसे पहले एक छोटे कंटेनर में एवोकाडो ऑयल और रोज एसेंशियल ऑयल डालकर मिक्स करें। इसे हर बार उपयोग करने से पहले हिलाएं।
बादाम का तेल और टी ट्री ऑयल
यह क्यूटिकल ऑयल नाखूनों को मजबूत बनाता है और क्यूटिकल्स को हेल्दी और इंफेक्शन फ्री रखता है। जहां बादाम का तेल पोषण और हाइड्रेट करता है, वहीं टी ट्री ऑयल में एंटीफंगल और जीवाणुरोधी गुण संक्रमण को रोकने में मदद करते हैं।
आवश्यक सामग्री: 2 बड़े चम्मच मीठा बादाम का तेल, 3 बूंदें टी ट्री ऑयल।
क्यूटिकल ऑयल बनाने का तरीका: क्यूटिकल ऑयल बनाने के लिए सबसे पहले बादाम के तेल और टी ट्री ऑयल को एक छोटे कंटेनर में मिलाएं।
हर बार उपयोग करने से पहले अच्छी तरह मिलाएं।
कैस्टर ऑयल और पेपरमिंट एसेंशियल ऑयल

यह क्यूटिकल ऑयल नेल्स को हेल्दी बनाने के साथ-साथ उसकी ग्रोथ में भी मदद करता है। इतना ही नहीं, इससे क्यूटिकल्स को एक कूलिंग इफेक्ट भी मिलता है। कैस्टर ऑयल फैटी एसिड से भरपूर होता है, जो गहरी नमी प्रदान करता है। पेपरमिंट ऑयल नाखूनों के आस-पास ब्लड सर्कुलेशन को उत्तेजित करता है और कूलिंग इफेक्ट प्रदान करता है।
आवश्यक सामग्री: 2 बड़े चम्मच कैस्टर ऑयल, 5 बूंदें पेपरमिंट एसेंशियल ऑयल।
क्यूटिकल ऑयल बनाने का तरीका: एक छोटी बोतल में कैस्टर ऑयल और पेपरमिंट ऑयल डालकर मिलाएं। अब आप हर बार इसे लगाने से पहले अच्छी तरह हिलाएं।
सूरजमुखी तेल और कैमोमाइल एसेंशियल ऑयल

यह क्यूटिकल ऑयल ना केवल क्यूटिकल्स को पोषण देता है, बल्कि जलन और रेडनेस को कम करता है। जहां सूरजमुखी तेल विटामिन-ई और फैटी एसिड से भरपूर होता है, और वहीं कैमोमाइल ऑयल अपने शांत करने वाले और सूजन-रोधी गुणों के लिए जाना जाता है।
आवश्यक सामग्री: 2 बड़े चम्मच सूरजमुखी तेल, 5 बूंदें कैमोमाइल एसेंशियल ऑयल।
क्यूटिकल ऑयल बनाने का तरीका: एक छोटी बोतल में सूरजमुखी तेल और कैमोमाइल तेल डालकर मिलाएं। हर बार इस्तेमाल से पहले इसे अच्छी तरह हिलाएं।
घर पर क्यूटिकल कैसे साफ करें
क्यूटिकल की मसाज करने के साथ उन्हें क्लीन करना भी जरूरी है। उसके लिए आप घर पर मैनीक्योर कर सकते हैं, इसके लिए आपको कुछ सामग्रियों की जरूरत होती है, जैसे-
क्यूटिकल रिमूवर: यह एक तरल पदार्थ होता है जो क्यूटिकल को मुलायम बनाता है, जिससे उन्हें आसानी से हटाया जा सकता है।
क्यूटिकल पुशर: यह एक छोटा उपकरण होता है जो क्यूटिकल को पीछे धकेलने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
क्यूटिकल कैंची या ट्रिमर: यदि क्यूटिकल अधिक बढ़ गए हैं, तो उन्हें सावधानीपूर्वक काटा जा सकता है।
मॉइस्चराइजर या क्युटिकल ऑयल: सफाई के बाद क्यूटिकल को मुलायम बनाए रखने के लिए।
क्यूटिकल को मुलायम बनाने के तरीके
क्यूटिकल की सफाई से पहले उन्हें मुलायम बनाना जरूरी होता है ताकि उन्हें आसानी से हटाया जा सके। इसके लिए आप निम्नलिखित तरीके अपना सकते हैं-
गर्म पानी में भिगोना: सबसे सरल तरीका है कि आप अपने नाखूनों को 5-10 मिनट तक गर्म पानी में डुबोकर रखें। यह क्यूटिकल को मुलायम कर देता है।
क्यूटिकल ऑयल या क्रीम: आप क्यूटिकल पर विशेष तेल या क्रीम लगा सकते हैं, जो इन्हें नमी देता है और मुलायम बनाता है।
क्यूटिकल को सही तरीके से पीछे धकेलें
जब क्यूटिकल मुलायम हो जाते हैं, तब आप एक क्यूटिकल पुशर की मदद से इन्हें धीरे-धीरे पीछे धकेल सकते हैं। इसे करते समय धैर्य रखें और नाखूनों के बेस पर बहुत जोर से पुश न करें क्योंकि इससे त्वचा को चोट पहुंच सकती है। अगर क्यूटिकल बहुत ज्यादा बढ़े हुए हों, तो उन्हें ट्रिमर से हल्के से काटा जा सकता है, लेकिन यह कदम सावधानीपूर्वक करना चाहिए।
क्युटिकल्स की सफाई के दौरान ध्यान रखने योग्य बातें
क्युटिकल्स की सफाई करते समय कुछ बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए ताकि नाखून और त्वचा सुरक्षित रहें-
अत्यधिक जोर न डालें: क्युटिकल्स को पीछे धकेलते या काटते समय बहुत अधिक बल का प्रयोग न करें, क्योंकि इससे संक्रमण और नाखूनों को नुकसान हो सकता है।
स्वच्छता का ध्यान रखें: इस्तेमाल किए गए उपकरणों को पहले और बाद में अच्छे से साफ करें। गंदे उपकरणों का इस्तेमाल करने से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
