Body Mist: गर्मी का मौसम आता है तो लोग अतिरिक्त पसीने व बदबू से बहुत अधिक परेशान हो जाते हैं। ऐसे में अपनी स्किन को रिफ्रेशिंग बनाने के लिए कई तरह के परफ्यूम्स, डीयो व बॉडी मिस्ट आदि का इस्तेमाल किया जाता है। यूं तो मार्केट में आपकी बॉडी की स्मेल को दूर करने के लिए कई तरह के प्रोडक्ट अवेलेबल हैं, लेकिन इसमें बॉडी मिस्ट को सबसे अच्छा माना जाता है, क्योंकि यह बेहद ही लाइट होते हैं और आपकी स्किन को हाइड्रेट रखते हैं। आप नहाने के बाद इसे अपनी स्किन पर अप्लाई कर सकते हैं और जब भी आपको बहुत अधिक गर्मी का अहसास होता है तो आप खुद को रिफ्रेश करने के लिए इसे कपड़ों पर स्प्रे कर सकते हैं और एक ताजगी का अहसास पा सकते हैं।
यूं तो मार्केट में आपको कई तरह के बॉडी मिस्ट मिल जाएंगे। लेकिन अगर आप इन्हें खरीदने में अपने अतिरिक्त पैसे खर्च नहीं करना चाहती हैं तो इन्हें घर पर भी बनाया जा सकता है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको घर पर ही बॉडी मिस्ट बनाने के कुछ आसान तरीकों के बारे में बता रहे हैं-
ग्रीन टी बॉडी मिस्ट

समर में ग्रीन टी और खीरे की मदद से एक बेहतरीन मिस्ट तैयार किया जा सकता है। खीरे में कूलिंग इफेक्ट होते हैं, जो आपकी बॉडी को तरोताजा बनाए रखने में मदद करते हैं। वहीं एलोवेरा जेल भी स्किन को सूदिंग इफेक्ट प्रदान करता है।
आवश्यक सामग्री-
- ग्रीन टी बैग
- आधा खीरा
- 1 बड़ा चम्मच एलोवेरा जेल
- पेपरमिंट एसेंशियल ऑयल (वैकल्पिक)
- स्प्रे बोतल
बॉडी मिस्ट बनाने का तरीका-
- सबसे पहले एक कप पानी को गर्म करें और उसमें ग्रीन टी बैग डालें।
- जब तापमान सामान्य हो जाए तो इसे फ्रिज में रखकर ठंडा होने दें।
- अब आधा खीरा कद्दूकस करके रस निकाल लें।
- जब ग्रीन टी ठंडी हो जाए तो उसे छान लें।
- अब इसमें दो बड़े चम्मच खीरे का रस, एक टेबलस्पून एलोवेरा जेल और एक-दो बूंद एसेंशियल ऑयल डालें।
- अब इसे अच्छी तरह मिक्स करें।
- इसके बाद इसे एक स्प्रे बोतल में डालें और फ्रिज में रखें।
- आप इस बॉडी मिस्ट को एक सप्ताह तक बेहद आसानी से यूज कर सकती हैं।
रोज वॉटर बॉडी मिस्ट

समर में गुलाब जल का इस्तेमाल अधिक से अधिक करने की सलाह दी जाती है, क्योंकि यह ना केवल आपकी स्किन को रिफ्रेशिंग बनाता है, बल्कि इसे किसी भी स्किन पर बेहद आसानी से अप्लाई किया जा सकता है-
आवश्यक सामग्री-
- एक ग्रीन टी बैग
- गुलाब जल
- छोटी स्प्रे बोतल
बॉडी मिस्ट बनाने का तरीका-
- सबसे पहले एक कप पानी को गर्म करके उसमें ग्रीन टी बैग डालें।
- अब इसके हल्का ठंडा होने पर फ्रिज में कुछ देर के लिए रखें।
- अब पानी को छान लें और उसमें बराबर मात्रा में गुलाब जल डालकर मिक्स करें।
- इसके बाद इसे एक स्प्रे बोतल में डालकर मिक्स करें और फ्रिज में रखें।
- आप इस बॉडी मिस्ट को अपनी स्किन पर यूज करें।
नोट- अगर आपकी स्किन एजिंग है, तो उसमें आप 4-5 बूंद आर्गन, जोजोबा या एवोकाडो ऑयल को मिक्स कर सकती हैं। वहीं, एक्ने प्रोन स्किन के लिए बॉडी मिस्ट बनाते समय उसमें विच हेज़ल को मिक्स किया जा सकता है।
विटामिन सी टोनर मिस्ट

यह एक ऐसी मिस्ट रेसिपी है, जो एक टोनर की तरह भी काम करती है। साथ ही, यह आपकी स्किन को अधिक ब्राइटन बनाने में मदद करती है और एक एंटी-एजिंग की तरह काम करती है।
आवश्यक सामग्री-
- 6 औंस पानी
- 3 बैग हिबिस्कस चाय
- 1 औंस विच हेज़ल
- 1/2 छोटा चम्मच विटामिन सी पाउडर
बॉडी मिस्ट बनाने का तरीका-
- सबसे पहले 6 औंस पानी उबाल लें।
- अब 3 टी बैग्स को इसमें डालें और 20 मिनट के लिए इसे ढककर रख दें।
- अब टीबैग्स निकालें और 1 औंस विच हेज़ल और 1/2 चम्मच विटामिन सी पाउडर मिलाएं।
- विटामिन सी पाउडर को घोलने के लिए अच्छी तरह हिलाएं।
- इसे एक छोटी स्प्रे बोतल में डालें।
- आप इस मिस्ट को एक ठंडी, सूखी जगह पर रखें।
- आप इसे 2 सप्ताह तक आसानी से यूज कर सकते हैं। मिस्ट की शेल्फ लाइफ बढ़ाने के लिए इसे रेफ्रिजरेट करें।
डिस्टिल्ड वाटर और एलो ऑयल बॉडी मिस्ट

यह एक बेहतरीन कूलिंग मिस्ट है, जिसे समर के लिए एकदम परफेक्ट माना जाता है। इसकी भीनी-भीनी खुशबू आपके तन-मन दोनों को रिफ्रेशिंग बनाती है।
आवश्यक सामग्री-
- 2 बड़े चम्मच ऑर्गेनिक एलो ऑयल
- 2 चम्मच विच हेज़ल
- 1 चम्मच एक्स्ट्रा वर्जिन नारियल तेल
- 3/4 कप डिस्टिल्ड वाटर
- पुदीना एसेंशियल ऑयल की आठ-दस बूंदे
- लैवेंडर एसेंशियल ऑयल की बीस बूंदे
बॉडी मिस्ट बनाने का तरीका-
- सबसे पहले, अपनी कांच की बोतल में 3/4 कप डिस्टिल्ड वाटर भरें।
- अब फ़नल का उपयोग करके उसमें 2 बड़े चम्मच एलो ऑयल, 2 चम्मच विच हेज़ल और 1 चम्मच एक्स्ट्रा वर्जिन नारियल का तेल मिलाएं।
- अब आप इसमें पेपरमिंट एसेंशियल ऑयल और लैवेंडर एसेंशियल ऑयल को डालकर मिक्स करें।
- बस आपका बॉडी मिस्ट बनकर रेडी है। आप इसे फ्रिज में रख सकती हैं और करीबन एक से दो सप्ताह तक यूज कर सकती हैं।
