Summary: बेहतर कम्युनिकेशन की शुरुआत, बेहतर सुनने से होती है।
सुनने की आदत बच्चों को भावनात्मक रूप से सुरक्षित बनाती है और माता-पिता के साथ उनके रिश्तों को मजबूत करती है। ध्यान से सुनना बच्चों के आत्मविश्वास, समझ और बेहतर भविष्य की नींव रखता है।
Importance of Listening to Children: सुनने की आदत जीवन की सबसे ज़रूरी आदतों में से एक है, क्योंकि यह हमें न सिर्फ दूसरों से जोड़ती है बल्कि बेहतर इंसान भी बनाती है। जब हम ध्यान से किसी की बात सुनते हैं, तो सामने वाले को सम्मान और समझ का एहसास होता है, जिससे रिश्तों में विश्वास और आत्मीयता बढ़ती है। अच्छी तरह सुनना हमें सही निर्णय लेने में मदद करता है। यह आदत बच्चों के व्यक्तित्व के विकास में भी अहम भूमिका निभाती है, क्योंकि जब उन्हें ठीक तरह से सुना जाता हैं, तो उनमें आत्मविश्वास और भावनात्मक सुरक्षा बढ़ जाती है। सुनने की आदत गलतफहमियों को कम करती है, परेशानियों को सुलझाने में मदद करती है। आज के तेज़ और व्यस्त जीवन में, जब हर कोई बोलना चाहता है, ऐसे समय में सुनना एक विशेष गुण बन गया है। ऐसे में बच्चे को बोलने की पूरी आजादी दें ताकि वो पूरी तरह से सुरक्षित महसूस कर सके।
क्यों है ज़रूरी

पैरेंटिंग में हम अक्सर बच्चों को सिखाने, समझाने और दिशा देने पर ज़्यादा ध्यान देते हैं, लेकिन सुनने की कला को नज़रअंदाज़ कर देते हैं। जबकि सच यह है कि जब तक हम बच्चों को सही से नहीं सुनते, तब तक उन्हें सही से समझ भी नहीं सकते। बच्चा जब अपनी बात खुलकर रख पाता है, तभी वह भावनात्मक रूप से सुरक्षित महसूस करता है। उसे यह भरोसा मिलता है कि उसके माता-पिता उसे समझते हैं, सिर्फ आदेश नहीं देते।
बच्चा क्या कहना चाहता है
हर बच्चा अपनी भावनाएँ शब्दों में सही तरह व्यक्त नहीं कर पाता। कई बार उसके व्यवहार, चुप्पी, गुस्सा या जिद के पीछे भी कोई अनकही बात छुपी होती है। अगर माता-पिता सिर्फ डांटने या टोकने में लगे रहें, तो यह संदेश चला जाता है कि उसकी भावनाओं की कोई अहमियत नहीं है। ध्यान से सुनकर और बीच में टोके बिना उसकी बात समझने से बच्चा भावनात्मक रूप से मजबूत बनता है।
बच्चे की सोच
जब माता-पिता ध्यान से बच्चे की बात सुनते हैं, उनकी आँखों में देखकर बात करते हैं और उसका जवाब सोच-समझकर देते हैं, तो बच्चे को आत्मसम्मान का एहसास होता है। उसे लगता है कि उसकी भावनाएँ और विचार मायने रखते हैं। यही एहसास आगे चलकर उसके आत्मविश्वास की नींव बनता है। ऐसा बच्चा खुलकर अपनी परेशानी साझा करता है और गलत रास्तों पर जाने से भी पहले माता-पिता से मदद मांगता है।
रिश्तों में भरोसा
सिर्फ आदेश देने से रिश्ता कमजोर होता है, जबकि सुनने से भरोसा मजबूत होता है। जब माता-पिता बच्चे की छोटी-छोटी बातों को भी अहमियत देते हैं, तो बच्चा उनसे दूर नहीं भागता। टीनएज में यह भरोसा और भी जरूरी हो जाता है, जब बच्चे उलझनों से गुजरते हैं और ऐसे में उन्हें यह भरोसा हो कि उनके माता-पिता उन्हें बिना जज किए सुनेंगे, तो बहुत सारी समस्याएँ आसान हो जाती हैं।
डांट से पहले सुनना

अक्सर माता-पिता गुस्से में बिना पूरी बात सुने ही प्रतिक्रिया दे देते हैं। इससे बात सुलझने की बजाय और बिगड़ जाती है। अगर बच्चे की गलती पर भी पहले उसकी पूरी बात सुनी जाए, तो कई बार असली कारण सामने आ जाता है। इससे सजा देने की बजाय समाधान निकालने का रास्ता मिलता है। बच्चा भी गलती मानने और सुधारने के लिए ज़्यादा तैयार होता है।
बच्चा भी सुनना सीखता है
बच्चे वही सीखते हैं जो वे अपने माता-पिता को करते देखते हैं। अगर आप उसे ध्यान से सुनते हैं, तो वह भी दूसरों की बात ध्यान से सुनना सीखेगा। यह आदत उसे स्कूल, दोस्ती और भविष्य के रिश्तों में बेहद काम आएगी। अच्छी कम्युनिकेशन स्किल्स सिर्फ बोलने से नहीं, बल्कि अच्छे से सुनने से भी बनती हैं, और इसकी शुरुआत घर से होती है।
