Overview: सूर्य-मंगल की युति से दिसंबर 2025 में बनेगा ये योग
दिसंबर 2025 में सूर्य-मंगल की धनु राशि में युति से आदित्य मंगल योग बनेगा, जिससे मेष, सिंह, धनु और मकर राशि वालों को करियर, धन और मान-सम्मान में लाभ मिलेगा।
Surya Mangal Yuti 2025: वर्ष 2025 का अंतिम महीना दिसंबर ज्योतिषीय दृष्टि से बेहद खास रहने वाला है। इस महीने सूर्य और मंगल धनु राशि में एक साथ आकर युति बनाएंगे, जिससे शक्तिशाली और दुर्लभ आदित्य मंगल योग निर्मित होगा। सूर्य ऊर्जा, आत्मविश्वास और नेतृत्व का कारक है, जबकि मंगल साहस, पराक्रम और निर्णय क्षमता का प्रतिनिधि ग्रह माना जाता है। जब ये दोनों अग्नि तत्व के ग्रह एक ही राशि में मिलते हैं, तब जातकों पर इसका प्रभाव भी कई गुना बढ़ जाता है।
आदित्य मंगल योग विशेषकर करियर, प्रतियोगी परीक्षा, व्यापार और भूमि-वाहन से जुड़े मामलों में तेज प्रगति दिलाता है। साथ ही सेहत में सुधार और आत्मबल को बढ़ाता है। 7 दिसंबर 2025 को मंगल का गोचर धनु राशि में होगा। वहीं 16 दिसंबर 2025 सूर्य देव वृश्चिक राशि से निकलकर धनु राशि में प्रवेश करेंगे। इस तरह 16 दिसंबर को धनु राशि में सूर्य-मंगल की युति से आदित्य मंगल योग बनेगा और इसका प्रभाव मकर संक्रांति तक रहेगा। आइए जानते हैं इस युति का लाभ किन राशियों को मिलेगा।
मेष राशि पर आदित्य मंगल योग का असर

आपकी राशि के स्वामी मंगल हैं, इसलिए यह योग आपके लिए बेहद शुभ साबित होगा। करियर में तरक्की, प्रमोशन, नई नौकरी या व्यापार विस्तार के अवसर मिल सकते हैं। रुका हुआ धन वापस मिलने के योग भी बन रहे हैं। भाई-बहन के साथ संबंधों में मजबूती आएगी और विवेक से लिया गया हर निर्णय आपको सफलता दिलाएगा।
सिंह राशि पर आदित्य मंगल योग का प्रभाव

सूर्य आपकी राशि के स्वामी हैं, इसलिए यह युति आपको विशेष लाभ देगी। नेतृत्व क्षमता बढ़ेगी, अधिकारियों का सहयोग मिलेगा और सम्मान व प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के संकेत हैं।
धनु राशि के लिए आदित्य मंगल योग का प्रभाव

युति आपकी ही राशि में बन रही है, इसलिए इसका असर सबसे प्रबल रहेगा। आर्थिक पक्ष मजबूत होगा, नए निवेश और प्रॉपर्टी संबंधी लाभ मिलने की संभावनाएं हैं। आत्मविश्वास बढ़ेगा और लंबे समय से अटके कार्य पूरे होंगे। वाहन-मकान खरीदने की समस्या थी तो अब भी दूर होगी। अगर आप धैर्य रखेंगे तो हर कार्य में सफलता मिलेगी। लेकिन आपको मेहनत करने से पीछे नहीं हटना चाहिए।
मकर राशि के लिए आदित्य मंगल योग का प्रभाव

इस राशि के लोगों को करियर में बड़ा अवसर मिल सकता है। नौकरी बदलने या प्रमोशन के योग प्रबल हैं। व्यापारियों के लिए यह समय लाभदायक अनुबंध और विदेशी संपर्कों में वृद्धि लेकर आएगा। ऐसे व्यापारी जो साझेदारी में बिजनेस करते हैं, उन्हें भी इस योग का लाभ मिलेगा। इस प्रकार साल के आखिर और नए साल की शुरुआत में मकर राशि वाले बहुत ही संतुलित जीवन जीएंगे और तनावमुक्त रहेंगे।
करें ये उपाय

आदित्य मंगल योग कई राशियों के लिए शुभ रहेगा। लेकिन कुछ ऐसी राशियां हैं, जिन्हें इस अवधि में बहुत संभलकर रहने की जरूरत है। इन राशि में कर्क, तुला और मीन जैसी राशियां हैं। ऐसे में आप सूर्य और मंगल को प्रसन्न करने के लिए ये उपाय कर सकते हैं।
- आदित्य मंगल योग के दौरान ॐ सूर्याय नमः और ॐ मंगलाय नमः मंत्र का जप करें।
- मंगलवार और रविवार के दिन लाल मसूर, गुड़ या तांबा दान करना शुभ।
- हनुमान चालीसा का पाठ करें। मंगल दोष शांत होगा।
