Heart Touching Story: बात उस समय की है जब नेपोलियन सेना के साथ युद्ध में लड़ रहा था। तब सूचना देने के लिए आज की तरह संवाद के माध्यम तो थे नहीं इसलिए उन दिनों संदेश घुड़सवारों के जरिए भेजे जाते थे। नेपोलियन अपने शिवर में अपने मंत्रियों से चर्चा कर रहा था, तभी एक संदेश वाहक बड़ी तेजी से अंदर आया। जैसे ही वह शिविर तक पहुंचा उसका घोड़ा थकान भूख और प्यास से मर गया क्योंकि वह रास्ते में कहीं भी आराम के लिए नहीं रुका था। बहरहाल, नेपोलियन ने उसका लाया हुआ संदेश पढ़कर तुरंत उसका जवाब लिखकर दे दिया क्योंकि संदेश को सेना तक जल्दी से जल्दी पहुंचाना बहुत जरुरी था, इसलिए नेपोलियन ने घुड़सवार को तुरंत रवाना होने को कहा। लेकिन जब उस संदेशवाहक सैनिक ने बताया कि उसका घोड़ा मर गया है तो नेपोलियन ने तुरंत कहा कि कोई बात नहीं तुम मेरा खास घोड़ा ले जाओ। यह सुनकर सैनिक हैरान हो गया, क्योंकि वो घोड़ा बहुत खास था। उसके कई किस्से प्रचलित थे।
सैनिक ने कहा कि “मैं छोटा सा सैनिक आपके घोड़े पर कैसे बैठ सकता हूं?”
यह सुन कर नेपोलियन ने कहा, “एक छोटा आदमी भी दुनिया में ऊंची से ऊंची चीज हासिल कर सकता है। मैं भी कभी तुम्हारी तरह एक सामान्य सैनिक ही था।” यह सुनने के बाद भी सैनिक का डर खत्म नही हुआ। नेपोलियन ने कहा, “देखो सामान्य घोड़ा धीरे भागेगा और तुम देर से युद्ध स्थल पहुंचोगे, हो सकता है इसके वजह से हम हार जाए, फिर ना यह घोड़ा खास रहेगा और ना मेरी सम्राट की पदवी। जीवन में हर किसी का एक विशेष महत्व होता है। एक खास भूमिका निभाने के लिए हमें बनाया गया है जिसे हमें पूरा करना है। तुम इसी घोड़े को लेकर तुंरत रवाना हो जाओ क्योंकि इस समय यह संदेश पहुंचाना बेहद जरुरी है।” बस फिर क्या था वह संदेशवाहक सैनिक नेपोलियन के घोड़े पर सवार हुआ और हवा से बातें करता हुआ उस संदेश को जहां पहुंचाना था उसे देकर लौटा।
अगले दिन खबर आई कि नेपोलियन ने उस युद्ध में विजय प्राप्त की थी। बेशक एक अच्छा लीडर वह होता है जो अपने पीछे चलने वालों के आत्म-विश्वास को बढ़ाए। यही उसकी कामयाबी का मंत्र भी होता है।
ये कहानी ‘दिल को छू लेने वाली कहानियाँ’ किताब से ली गई है, इसकी और कहानी पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर जाएं – Dil Ko Chhoo Lene Wali Kahaniyan (दिल को छू लेने वाली कहानियाँ)
