Overview: हरभजन सिंह की पत्नी गीता बसरा ने दो बार झेला मिसकैरेज का दर्द
गीता बसरा को दो बार मिसकैरेज का सामना करना पड़ा। इस दर्दनाक अनुभव ने उन्हें भावनात्मक और शारीरिक रूप से तोड़ दिया।
Harbhajan Singh Wife Geeta Basra Suffered Two Miscarriages: बॉलीवुड और क्रिकेट की दुनिया की जानी-मानी जोड़ी हरभजन सिंह और गीता बसरा ने साल 2015 में शादी के बंधन में बंधकर एक नई जिंदगी की शुरुआत की थी। 2016 में, उनकी बेटी हिनाया ने उनके जीवन में खुशियां भर दीं। लेकिन हाल ही में, एक इंटरव्यू में गीता बसरा ने एक ऐसा राज खोला, जिसने उनके चाहने वालों को हैरान कर दिया। उन्होंने बताया कि हिनाया के जन्म के बाद उन्हें दो बार मिसकैरेज का सामना करना पड़ा। इस दर्दनाक अनुभव ने उन्हें भावनात्मक और शारीरिक रूप से तोड़ दिया, लेकिन इस मुश्किल घड़ी में उनके पति हरभजन सिंह चट्टान की तरह उनके साथ खड़े रहे।
गीता बसरा ने दो बार झेला मिसकैरेज
हॉटरफ्लाई के साथ एक इंटरव्यू में गीता ने अपनी भावनाओं को खुलकर व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उनकी हमेशा से दो बच्चे पाने की इच्छा थी। चूंकि उनकी पहली प्रेग्नेंसी, हिनाया के समय बिल्कुल आसान थी, उन्हें दूसरी बार किसी भी तरह की परेशानी की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा, “मैंने दो बार कोशिश की और मेरा दो बार मिसकैरेज हो गया। यह मेरे लिए बहुत ही मुश्किल समय था।”
फिट होकर भी कंसीव नहीं कर पाईं गीता बसरा
गीता ने अपनी उलझन और दर्द को साझा करते हुए कहा, “मैं सोचती थी कि मैं तो इतनी फिट हूं, योग करती हूं, सही खाना खाती हूं… तो फिर क्या गलत हो सकता है? मैं क्यों एक बच्चे को कैरी नहीं कर पा रही थी? मेरा गर्भपात क्यों हो रहा था?” यह सवाल उनके मन में बार-बार उठता था, जिसने उन्हें अंदर से हिला दिया।
सदमें में चली गई थीं गीता
गीता ने बताया कि जब यह सब हुआ, तो वह सदमे में थीं। उन्होंने कहा, “मुझे गहरा सदमा लगा और मैं बिल्कुल अतीत में चली गई। मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा कुछ होगा, क्योंकि हिनाया के समय सब कुछ कितना आसान था।” उन्होंने बताया कि हिनाया के जन्म के दौरान उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई, लेकिन जब तीन साल बाद वह फिर से गर्भवती हुईं और उनका गर्भपात हो गया, तो यह उनके लिए एक बड़ा झटका था।
हरभजन ने किया इमोशनल सपोर्ट
गीता ने उस समय अपने पति हरभजन सिंह के साथ के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि बच्चे को खोना बहुत मुश्किल होता है, लेकिन इसके लिए मानसिक रूप से मजबूत होना बहुत जरूरी है। जब उनका पहला मिसकैरेज हुआ, तो हरभजन सिंह पंजाब में थे। लेकिन जैसे ही उन्हें पता चला, वह तुरंत अगले ही दिन वापस आ गए। गीता का अस्पताल में एक छोटा-सा ऑपरेशन हुआ और हरभजन उस पूरे समय उनके साथ थे, उन्हें हिम्मत देते हुए।
हरभजन और गीता की अनोखी प्रेम कहानी
इसी इंटरव्यू में गीता ने अपनी और हरभजन की प्रेम कहानी को भी याद किया। एक पुरानी बातचीत को याद करते हुए गीता ने बताया कि हरभजन बहुत ही सीधे इंसान हैं। उन्होंने पहली बार गीता को एक पोस्टर में देखा था और शायद उन्हें पहली ही नजर में प्यार हो गया था। उन्होंने युवराज सिंह से गीता का नंबर मांगा और फिर उनकी प्रेम कहानी की शुरुआत हुई।
