Karwa Chauth Thali: भारत में सभी जगह अलग-अलग तरह से करवाचौथ मनाया जाता है। कहीं इस दिन लहसुन-प्याज वाला खाना खाया जाता है तो कहीं नहीं! इसलिए गृहलक्ष्मी आपके लिए लाई है ऐसी थाली, जिसमें मिठास, मसाले और शाही अंदाज का संगम होगा, ताकि व्रत खोलने के बाद मन और स्वाद दोनों तृप्त हो जाएं।
शाही पनीर मखमली
सामग्री: पनीर 250 ग्राम (क्यूब्स में कटा), काजू 10-12, बादाम 6-7, टमाटर 2 (उबले और प्योरी किए हुए), अदरक 1 इंच टुकड़ा, हरी मिर्च 1, दही 3 बड़े चम्मच (फेंटा हुआ), ताजा क्रीम 2 बड़े चम्मच, घी 2 बड़े चम्मच, साबुत मसाले, 1 तेजपत्ता, 2 हरी इलायची, 1 छोटा टुकड़ा दालचीनी, हल्दी द छोटा चम्मच, लाल मिर्च पाउडर ½ छोटा चम्मच, नमक स्वादानुसार, चीनी ½ छोटा चम्मच (स्वाद संतुलन के लिए)
विधि: काजू और बादाम को 15 मिनट गर्म पानी में भिगोकर पेस्ट बना लें। घी गरम करें, साबुत मसाले डालकर खुशबू आने दें। अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट डालें, 1 मिनट भूनें। टमाटर प्योरी, हल्दी
और लाल मिर्च पाउडर डालकर 3-4 मिनट पकाएं। दही डालें और धीमी आंच पर मिलाते रहें। काजू-बादाम पेस्ट डालें, नमक और चीनी मिलाएं। पनीर डालकर 5 मिनट धीमी आंच पर पकाएं।
क्रीम डालकर गैस बंद करें।
किशमिश-पिस्ता पुलाव

सामग्री: बासमती चावल 1 कप (भिगोकर 20 मिनट), घी 1½ बड़ा चम्मच, साबुत मसाले 2 लौंग, 2 हरी इलायची, 1 छोटा दालचीनी टुकड़ा, किशमिश 1 बड़ा चम्मच, पिस्ता 1 बड़ा चम्मच (कटे हुए), केसर 8-10 धागे (गुनगुने दूध में भिगोए हुए), नमक स्वादानुसार, पानी 2 कप।
विधि: कड़ाही में घी गरम कर साबुत मसाले भूनें। किशमिश और पिस्ता डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। भीगे चावल डालकर 2 मिनट चलाएं। पानी, नमक और केसर दूध डालें। ढककर धीमी आंच पर पकाएं जब तक चावल फूलकर तैयार न हो जाएं।
गुलाब की खीर

सामग्री: चावल द कप (धोकर भिगोया हुआ), दूध 1 लीटर, चीनी ½ कप, गुलाब जल 1½ छोटा चम्मच, सूखे गुलाब की पंखुड़ियां 1 बड़ा चम्मच, काजू-बादाम 2-2 (कटा हुआ), पिस्ता 1 बड़ा चम्मच।
विधि: दूध उबालें, उसमें भीगे चावल डालें। धीमी आंच पर 25-30 मिनट पकाएं, बीच-बीच में चलाते रहें। चावल नरम हो जाएं तो चीनी डालकर 5 मिनट और पकाएं। गैस बंद करने से पहले गुलाबजल और पंखुड़ियां डालें। ड्राई फ्रूट्स डालकर ठंडा या गरम परोसें।
मखाने का रायता

सामग्री: मखाने 1 कप, दही 1½ कप (फेंटा हुआ), घी 1 छोटा चम्मच, काली मिर्च पाउडर द छोटा चम्मच, सेंधा नमक स्वादानुसार, भुना जीरा पाउडर ½ छोटा चम्मच।
विधि: घी गरम करके मखाने हल्के कुरकुरे होने तक भून लें। ठंडा करके हल्का-सा तोड़ लें। दही में मखाने, नमक, जीरा पाउडर और काली मिर्च डालकर मिलाएं। ठंडा परोसें।
भरवां आलू टमाटर ग्रेवी
सामग्री: छोटे आलू 6 (उबले और छिलके उतारे हुए), पनीर 50 ग्राम (कद्दूकस किया हुआ), काजू
5 (कटा हुआ), हरी मिर्च 1 (बारीक कटी), हरा धनिया 1 बड़ा चम्मच, नमक स्वादानुसार, टमाटर प्योरी 2 बड़े टमाटर, अदरक ½ इंच टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ), ताजा क्रीम 1 बड़ा चम्मच,
घी 2 बड़े चम्मच, हल्दी द छोटा चम्मच, लाल मिर्च पाउडर ½ छोटा चम्मच।
विधि: आलू को बीच से काटकर थोड़ा गूदा निकाल लें। उसमें पनीर, काजू, हरी मिर्च, हरा धनिया और नमक भरें। घी गरम करके भरे आलू हल्के सुनहरे होने तक सेंक लें। दूसरी पैन में घी, अदरक, टमाटर प्योरी, हल्दी और लाल मिर्च डालकर 5 मिनट पकाएं। नमक और क्रीम डालें, फिर आलू
ग्रेवी में डालकर 3 मिनट धीमी आंच पर पकाएं।
