Summary: पति की ऑफिस पार्टी में कभी ना करें ऐसी गलती
कुछ पत्नियाँ जब अपने पति के साथ उनकी ऑफिस पार्टी में जाती हैं तो वहां अपनी आदतों के कारण सभी ऑफिस वालों के बीच अपने पति का मजाक बनवा देती हैं।
Office Party Etiquette for Wives: अधिकांश पत्नियों की यह आदत होती है कि जब वे घर से कहीं बाहर जाती हैं तो अपने पति को लेकर कुछ ज्यादा पोजेसिव हो जाती हैं और पति को छोटी-छोटी बातों पर रोकती-टोकती हैं। यहाँ तक कि जब वे अपने पति के साथ उनकी ऑफिस पार्टी में भी जाती हैं तो वहां भी अपनी इन आदतों के कारण सभी ऑफिस वालों के बीच अपने पति का मजाक बनवा देती हैं। अगर आपकी भी यही आदत है तो जल्दी से अपनी इस आदत को बदलिए और पति की ऑफिस में ये गलतियाँ करने से बचें।
पति को कलीग्स से बात करने से ना रोकें

आपके पति जब ऑफिस में काम करते हैं तो उनके साथ कई फीमेल कलीग्स भी काम करती हैं। ऐसे में जब पति फीमेल कलीग्स से पार्टी में बात करें तो आप इस बात पर नाराजगी ना दिखाएँ और ना ही पति को उनसे बात करने से रोके। आपके ऐसा करने से सबके बीच पति का मजाक बनेगा और आपके पति को भी आपकी इस हरकत पर गुस्सा आएगा। ऐसा भी हो सकता है कि वे अगली बार से आपको पार्टी में लेकर ही ना जाएँ।
खुद में व्यस्त ना रहें

जब आप अपने पति के साथ उनकी ऑफिस पार्टी में जाएँ तो ऐसा बिलकुल ना करें कि आप अपने में ही व्यस्त रहें या फिर अपने फोन में ही अपनी सेल्फी क्लिक करते रहें, बल्कि पार्टी में दूसरे लोगों से भी बात करें। कोशिश करें कि आप खुद से लोगों से बातचीत की पहल करें और अपनी बातों से इम्प्रेस करने की कोशिश करें ताकि आपके पति को भी आपको ऑफिस पार्टी में लाने पर खुशी हो और वे आप पर गर्व महसूस करें।
पति से लड़ाई करने से बचें

ऑफिस पार्टी में जब आपके पति अपने दोस्तों के साथ एन्जॉय करें तो आप इस बात के लिए उनसे लड़ाई ना करें और ना भी पार्टी में मुंह फुला कर रखें। अगर आप ऐसा करती हैं तो सभी लोग आपके रिश्ते का मजाक बनाएंगे और आपके पीठ पीछे आपके पति को जोरू का गुलाम भी कहकर बुलाएँगे, जो सुनना आपके पति को बिलकुल भी अच्छा नहीं लगेगा।
पार्टी में हैवी मेकअप करने से बचें
ऑफिस पार्टी में आमतौर पर सभी लोग सोबर मेकअप करके आते हैं, इसलिए आप भी कोशिश करें कि सोबर कपड़ों के साथ सिंपल सा मेकअप करके जाएँ। ऐसा बिलकुल ना करें कि सुन्दर दिखने के लिए बहुत ज्यादा हैवी मेकअप करके चले जाएँ और वहां जाकर आपको एहसास हो कि आपको सिंपल ही आना चाहिए था।
पार्टी में गॉसिप ना करें

जब आप पति के साथ उनकी ऑफिस पार्टी में जाएँ तो कभी भी पार्टी में किसी के साथ किसी भी तरह की कोई गॉसिप ना करें, क्योंकि आपको नहीं पता होता है कि सामने वाला व्यक्ति कौन है और वह आपकी बात को दूसरों के सामने किस तरह से प्रस्तुत करे। आपके लिए अच्छा यही होगा कि आप सबके बारे में अच्छा-अच्छा ही बोलें।
