Nation Deworming Day: रात होते ही बच्चा बेचैनी से करवटें बदलता है, उसकी नींद उचटती है, और फिर अचानक वह दर्द में चिल्लाता है—”मम्मी, कुछ काट रहे हैं!” उसकी आंखों में डर और असहायता की चमक होती है। यह किसी अजनबी डर का असर नहीं, बल्कि पेट में पलने वाले खतरनाक कीड़ों का होता है। जैसे ही ये कीड़े शरीर में घुसते हैं, वे बच्चे के स्वास्थ्य और विकास को प्रभावित करने लगते हैं, पेट दर्द, कमजोरी और भूख न लगने जैसी समस्याएं पैदा कर देते हैं। इस डर और परेशानी को दूर करने के लिए सिर्फ एक कदम जरूरी है- डिवर्मिंग (deworming) या पेट के कीड़े मारने वाली दवा खिलाना।
डिमर्विंग है बच्चों के लिए जीवन का सुरक्षा कवच
जब हम डिवर्मिंग की बात करते हैं, तो इसका मतलब है कि बच्चों को परजीवी कीड़ों से बचाने के लिए उन्हें दवाइयाँ देना। ये दवाइयाँ उन खतरनाक कीड़ों को शरीर से बाहर निकालने का काम करती हैं, जो बच्चों की शारीरिक वृद्धि, विकास, और पोषण को प्रभावित कर सकते हैं। सोचिए, यदि कोई छोटा बच्चा कीड़े के संक्रमण से पीड़ित हो तो उसका आहार, उसकी नींद और उसका समग्र स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। लेकिन डिवर्मिंग के ज़रिये हम उस समस्या को रोक सकते हैं और बच्चों को एक स्वस्थ जीवन का तोहफा दे सकते हैं।
कैसे होते हैं कीड़े का संक्रमण?
जब बच्चा खेलते वक्त बिना हाथ धोए खाने से या गंदे पानी से संपर्क करता है, तो कीड़े के अंडे या लार्वा शरीर में प्रवेश कर सकते हैं। यह किसी भी बच्चे के लिए खतरनाक हो सकता है, खासकर उन इलाकों में जहां साफ-सफाई की कमी होती है। परजीवी जैसे राउंडवॉर्म, हुकवॉर्म और व्हिपवॉर्म जैसे कीड़े बच्चों के शरीर में लार्वा के रूप में प्रवेश करते हैं, और फिर इनकी वजह से पेट दर्द, दस्त, खांसी और कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने लगते हैं।
कीड़ों से बचाव के तरीके:
साफ-सफाई की आदत डालें
बच्चों को सिखाइए कि खाने से पहले और बाथरूम जाने के बाद हाथ अच्छे से धोएं।
साफ पानी पिएं
बच्चे को हमेशा उबला या फिल्टर किया हुआ पानी पिलाएं, ताकि पानी के जरिए संक्रमण न हो।
खानपान की स्वच्छता
बच्चों को ताजे फल और सब्जियाँ खाने से पहले अच्छे से धोने की आदत डालें।
बच्चों को जूते पहनने की आदत डालें
खुले में खेलने से पहले बच्चों को जूते पहनने के लिए कहें, ताकि वे मिट्टी या गंदगी से बच सकें।
क्या करें अगर बच्चा कीड़े से संक्रमित हो?
अब, मान लीजिए अगर आपके बच्चे में पेट दर्द, दस्त, खांसी, या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो सबसे पहला कदम है – डॉक्टर से सलाह लेना। चिकित्सक बच्चे की स्थिति के अनुसार डिवर्मिंग दवाइयां देंगे जो कि बहुत प्रभावी और सुरक्षित होती हैं। आमतौर पर एल्बेंडाजोल या मेबेंडाजोल जैसी दवाइयाँ दी जाती हैं, जो परजीवी कीड़ों को समाप्त कर देती हैं। इसके बाद भी, यह जरूरी है कि बच्चे के आस-पास का वातावरण हमेशा साफ-सुथरा रहे, ताकि संक्रमण फिर से न हो।
Nation Deworming Day: 10 फरवरी
भारत में हर साल 10 फरवरी को नेशनल डिवर्मिंग डे मनाया जाता है। इस दिन, बच्चों को डिवर्मिंग दवाइयाँ दी जाती हैं ताकि वे परजीवी कीड़ों से मुक्त हो सकें। यह एक राष्ट्रीय अभियान है जो बच्चों के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए किया जाता है, ताकि वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहें और अपने भविष्य के सपनों को पूरा कर सकें।
क्यों है जरूरी?
यदि समय पर डिवर्मिंग न की जाए, तो यह छोटे-छोटे परजीवी बच्चों के स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। वे बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में रुकावट डालते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई, खेल और सामान्य जीवन प्रभावित हो सकता है। यह न केवल एक चिकित्सा प्रक्रिया है, बल्कि यह एक उपाय है जो बच्चों को स्वस्थ रखने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने में मदद करता है।
कुछ घरेलू उपाय भी अपनाएं
नीम के पत्ते: नीम के पत्ते को चबाकर खाने से पेट के कीड़े खत्म होते हैं। अगर बच्चे को कीड़े काट रहे हैं तो उनकी गुदा में नीम का तेल लगाएं। इससे आराम मिलेगा।
लहसुन: लहसुन में प्राकृतिक एंटीपैरासिटिक गुण होते हैं। इसे खाने से कीड़े बाहर निकल सकते हैं।
हल्दी: हल्दी में एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं। यह पेट के कीड़ों को खत्म करने में मदद करता है।
कद्दू के बीज: ये भी एक प्रभावी घरेलू उपाय माने जाते हैं, जो कीड़ों को बाहर निकालने में मदद कर सकते हैं।
पेट में कीड़ों की समस्या बच्चों और वयस्कों के लिए गंभीर हो सकती है, लेकिन इससे बचाव और इलाज के कई तरीके हैं। स्वच्छता बनाए रखना, उचित दवाइयों का सेवन, और कुछ घरेलू उपायों का पालन करने से आप इस समस्या से निपट सकते हैं। यह सुनिश्चित करना कि आपके बच्चे को समय पर डिवार्मिंग हो, उनके समग्र स्वास्थ्य और विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
