Summary: ‘दिल चाहता है’ के बाद फराह और अक्षय के बीच है शानदार बॉन्डिंग
फिल्ममेकर फराह खान ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में अभिनेता अक्षय खन्ना को लेकर दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 90 के दशक में अक्षय के चिड़चिड़े स्वभाव के कारण वह उनके साथ काम करने से बचती थीं।
आज फिल्ममेकर फराह खान और एक्टर अक्षय खन्ना के बीच अच्छा रिश्ता है। आदित्य धर की फिल्म “धुरंधर” में गैंगस्टर रहमान डकैत के किरदार के लिए अक्षय खूब तारीफें बटोर रहे हैं। हालांकि एक समय ऐसा भी था जब फराह उनके साथ काम करने से कतराती थीं, क्योंकि वह सेट पर काफी चिड़चिड़े रहा करते थे।
क्यों अक्षय को नहीं पसंद करती थीं फराह खान?
हाल ही में फराह खान रणवीर इलाहबादिया के पॉडकास्ट में नजर आईं, जहां उन्होंने अपने करियर और फिल्म इंडस्ट्री के कई दिलचस्प किस्से शेयर किए। बातचीत के दौरान उन्होंने अक्षय खन्ना के साथ अपने पुराने अनुभवों को याद किया। फराह ने बताया कि 1990 के दशक में उन्होंने अक्षय के साथ कुछ फिल्मों में काम किया था, लेकिन उस समय उनका स्वभाव काफी अलग था। वह अक्सर चिड़चिड़े रहते थे और सेट पर ज्यादा घुलते-मिलते नहीं थे।
क्यों चिड़चिड़े रहते थे अक्षय?
फराह के अनुसार, उस दौर में अक्षय खन्ना अपने बाल झड़ने की समस्या से गुजर रहे थे, जिससे वह काफी परेशान रहते थे। इस वजह से उनका मूड भी अक्सर खराब रहता था। फराह ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उस समय उनके साथ काम करने का अनुभव इतना कठिन था कि बाद में जब भी उन्हें पता चलता कि किसी फिल्म में अक्षय खन्ना हैं, तो वह बहाना बनाकर कह देती थीं कि उनके पास समय ही नहीं हैं।
उन्होंने यह भी याद किया कि उस समय अक्षय सेट पर कई बार नाराज हो जाते थे और डायलॉग्स को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते थे। हालांकि फराह का कहना है कि समय के साथ अक्षय खन्ना में काफी बदलाव आया और उनका नजरिया भी बदल गया।
“दिल चाहता है” से अक्षय का नया रूप
फराह के अनुसार अक्षय में बदलाव उन्हें फिल्म “दिल चाहता है” के दौरान देखने को मिला। यह फिल्म फराह के कजिन फरहान अख्तर की पहली निर्देशित फिल्म थी, इसलिए वह इस प्रोजेक्ट को मना नहीं कर सकती थीं। लेकिन इस फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्होंने अक्षय खन्ना का एक बिल्कुल अलग रूप देखा। उन्होंने बताया कि उस समय तक अक्षय अपने लुक और बालों को लेकर नॉर्मल हो चुके थे। पहले जहां बारिश या पानी वाले सीन में वह हमेशा टोपी पहनते थे, वहीं बाद में उन्होंने इस असहजता को पीछे छोड़ दिया। फराह ने यह भी कहा कि अक्षय खन्ना एक बढ़िया डांसर भी हैं।
फराह और अक्षय की आज की इक्वेशन

आज फराह और अक्षय के बीच काफी अच्छा रिश्ता है। फराह ने बताया कि जब उन्होंने हाल ही में फिल्म “धुरंधर” देखी, तो अक्षय की परफॉर्मेंस से बेहद प्रभावित हुईं। उन्होंने तुरंत उन्हें फोन करके बधाई दी और बाद में उनसे मिलने उनके अलीबाग वाले घर भी गईं। फराह का कहना है कि अक्षय खन्ना की सबसे खास बात यह है कि वह दिखावे से दूर रहते हैं और पूरी तरह अपने काम पर ध्यान देते हैं। उन्हें एक्टिंग से सच्चा प्यार है।
“धुरंधर” में अक्षय की शानदार एक्टिंग
हाल ही में रिलीज हुई स्पाई-थ्रिलर फिल्म “धुरंधर” में अक्षय खन्ना ने पाकिस्तानी गैंगस्टर रहमान डकैत का किरदार निभाया है। इस भूमिका में उन्होंने अपनी दमदार एक्टिंग से दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। कई दर्शकों का मानना है कि फिल्म में उनका किरदार सबसे प्रभावशाली साबित हुआ है। खासतौर पर फिल्म में उनका एंट्री सीन और डांस सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ। अब दर्शक इसके अगले भाग “धुरंधर 2: द रिवेंज” का भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जो 19 मार्च को थिएटर में रिलीज होने वाली है।
