Ramphal Benefits: खुद को स्वस्थ रखना है तो खाने में फल जरूर शामिल करें। फल शरीर में जरूरी विटामिन और पोषक तत्वों की कमी को पूरा करते हैं। खासतौर से सीजन फल जरूर खाने चाहिए। इन दिनों सेब और अमरूद का सीजन है। लेकिन एक टमाटर जैसा दिखने वाला फल भी इन दिनों खूब बिक रहा है। ये फल स्वाद में सेब और अमरूद से कहीं ज्यादा टेस्टी होता है। इस फल का नाम है रामफल जो सिर्फ 2 महीने ही मिलता है। रामफल हल्के नारंगी रंग का होता है और खाने में एकदम मीठा और स्वादिष्ट होता है। रामफल खाने से शरीर को कई जबरदस्त फायदे मिलते हैं। आइये जानते हैं रामफल खाने के फायदों के बारे में-
वजन घटाए
जो लोग मोटापा कम करना चाहते हैं वो रामफल जरूर खाएं। स्वाद में भले ही ये फल आपको मीठा लगे, लेकिन वजन घटाने में भी ये असरदार साबित होता है। रामफल शरीर को एनर्जी देता है और इससे फाइबर मिलता है। रामफल खाने के काफी देर तक आपको भूख नहीं लगती। इसलिए नियमित रूप से रामफल खाकर मोटापा कम किया जा सकता है।
डायबिटीज में फायदेमंद
शुगर के मरीज को खाने-पीने में बड़ा सोच समझकर चीजों को शामिल करना पड़ता है। ऐसे कई फल हैं जो शुगर के मरीज को नुकसान पहुंचा सकते हैं। लेकिन रामफल मीठा होने के बावजूद डायबिटीज के रोगियों के लिए फायदेमंद साबित होता है। इस फल को खाने से ब्लड शुगर लेवल को कम किया जा सकता है। रामफल में ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं जो कैंसर से लड़ने में भी मदद करते हैं।
बाल और त्वचा के लिए फायदेमंद
रामफल बालों और त्वचा के लिए भी फायदेमंद फल है। इसके सेवन से बालों को झड़ने की समस्या को कम किया जा सकता है। रामफल में विटामिन सी काफी होता है जो त्वचा और बालों दोनों के लिए उपयोगी साबित होता है। रामफल खाने से स्किन पर ग्लो आने लगता है।
इम्यूनिटी को बनाए मजबूत
रामफल का सेवन करने से इम्यून सिस्टम स्ट्रांग बनता है। जिन लोगों को इम्यून सिस्टम कमजोर है उन्हें रामफल जरूर खाना चाहिए। इससे आप सीजनल बीमारियों के खतरे से बच सकते हैं। वायरल बुखार और कई तरह के इंफेक्शन को दूर करने में भी ये फल मदद करता है। रामफल खाने से प्रतिरक्षा क्षमता बढ़ती है।
हार्ट हेल्थ को बढ़ावा देता है
राम फल में मौजूद पोटेशियम और मैग्नीशियम हार्ट हेल्थ को बेहतर बनाने में सहायक होते हैं। यह ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद करते हैं और कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने में भी सहायक होते हैं, जिससे हार्ट संबंधी बीमारियों का खतरा कम होता है।
जोड़ों के दर्द से राहत
सर्दियों के मौसम में जोड़ों का दर्द बढ़ जाना आम बात है, खासकर बुजुर्गों को इस समस्या बेहद सामान्य है। ऐसे में रामफल आपको इस तकलीफ से बचाने में मदद कर सकता है। रामफल सूजन-रोधी है और शरीर में फ्री रैडिकल्स के कारण होने वाले नुकसान से लड़ने में सहायता कर सकता है, इससे जोड़ों के दर्द से निपटने में मदद मिलेगी।
आंखों के लिए भी फायदेमंद
रामफल आंखों के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। दरअसल, इसमें कई जरूरी विटामिन, जैसे- विटामिन-ए और विटामिन-सी से भरपूर होता है, जो आपकी दृष्टि को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। यह फल आंखों की विभिन्न प्रकार की समस्याओं से भी बचाता है।
पाचन को बनाता है बेहतर
रामफल पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में भी मदद करता है। दरअसल, इसमें तांबा और फाइबर अच्छी खासी मात्रा में पाए जाते हैं, जो पाचन तंत्र को बेहतर बनाने के लिए बहुत जरूरी होते हैं। इसके अलावा इसमें मौजूद मैग्नीशियम अपच और कब्ज से छुटकारा दिलाने में मदद करता है। रामफल को अल्सर में भी फायदेमंद माना जाता है।
