देश के 5 टॉप वेडिंग डेस्टिनेशन
लोग अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए ऐसी जगहों की तलाश में रहते हैं जहां पर खूबसूरत नजारे, आरामदायक माहौल और शाही ठाठ-बाट मिल सके।
Top Wedding Destinations: हमारे देश में शादी को एक बहुत बड़ा उत्सव माना जाता है। शादी हमारे यहाँ सिर्फ दो लोगों का मिलन नहीं बल्कि परिवारों का मिलन होता है जिसे बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। यही वजह है कि वेडिंग डेस्टिनेशन का महत्व और चलन तेज़ी से बढ़ रहा है। लोग अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए ऐसी जगहों की तलाश में रहते हैं जहां पर खूबसूरत नजारे, आरामदायक माहौल और शाही ठाठ-बाट मिल सके। इस लेख में हम देश के कुछ ऐसे बेहतरीन वेडिंग डेस्टिनेशन के बारे में जानेंगे जहां पर आप अपनी शादी रचा सकते हैं।
Also read: आसान बजट पर पूरा कीजिए डेस्टिनेशन वेडिंग का सपना
उदयपुर

राजस्थान में स्थित उदयपुर को दुनिया भर में ‘झीलों का शहर’ कहा जाता है। यह नगर अपनी रॉयल और ऐतिहासिक खूबसूरती के लिए दुनियाभर में मशहूर है। इस जगह पर स्थित शाही महल, राजसी झीलें और पुरानी हवेलियां शादी जैसे उत्सव को यादगार बनाते हैं। सिटी पैलेस, लेक पैलेस और जगदीश मंदिर जैसे स्थानों पर शादी करने का सपना हर किसी का होता है। उदयपुर का मौसम सुखद रहता है, जिससे यह एक परफेक्ट वेडिंग डेस्टिनेशन बन जाता है।
जयपुर
राजस्थान की राजधानी जयपुर भी एक बेहतरीन वेडिंग डेस्टिनेशन है। ‘पिंक सिटी’ के नाम से मशहूर इस शहर में शादी करने का मतलब है एक शाही अनुभव। यहां के फेमस पैलेस और हवेलियों जैसे सिटी पैलेस, रामबाग पैलेस, और आमेर किला को वेडिंग के लिए सजाया जाता है। जयपुर में आपको एक पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में शादी का आनंद मिलेगा, जिसमें ढोल-नगाड़े, राजस्थानी संगीत, और शाही मेहमाननवाजी शामिल है।
गोवा

गोवा हमारे देश का एक ऐसा वेडिंग डेस्टिनेशन है जोकि बीच वेडिंग के लिए मशहूर है। यहां के सुंदर समुद्रतट, हरे-भरे नारियल के पेड़ और शानदार रिसॉर्ट्स शादी को बहुत ही खास बना देते हैं। गोवा में कैथोलिक रीति-रिवाजों के साथ-साथ पारंपरिक भारतीय शैली में भी शादियाँ की जाती हैं। यहां के लोकप्रिय बीच जैसे पालोलेम बीच, अंजुना बीच और कैंडोलिम बीच पर शादी करने का मजा ही कुछ और होता है।
जैसलमेर

रेगिस्तान में बसे जैसलमेर का अपना अलग ही आकर्षण है। इस जगह पर स्थित खूबसूरत हवेलियाँ, किले और रेत के नजारे शादी के उत्सव को बेहद खास बना देते हैं। जैसलमेर का किला और यहां की राजस्थानी संस्कृति शादी के लिए एक अनोखा माहौल प्रदान करते हैं। जैसलमेर की सांस्कृतिक धरोहर और यहां के रेत के टीलों पर कैमल सफारी शादी को एक नया अनुभव देती है। इस जगह पर पारंपरिक राजस्थानी सजावट और संगीत का आयोजन किया जाता है।
केरल
केरल हमारे देश का एक ऐसा राज्य है जिसे ‘भगवान का अपना देश’ भी कहा जाता है। यह दक्षिण भारत का एक बहुत ही खूबसूरत पर्यटन स्थल और वेडिंग डेस्टिनेशन है। इस जगह की हरियाली, बैकवॉटर्स और शांत माहौल शादी को यादगार बनाने के लिए उपयुक्त माने जाते हैं। केरल में मुन्नार और अलेप्पी जैसे स्थान बैकवॉटर्स के कारण काफी लोकप्रिय हैं। इन जगहों पर बोट हाउस में शादी करने का अनोखा अनुभव लिया जा सकता है। केरल की संस्कृति और मंदिर का सात्विक माहौल शादी को और भी खास बना देता है।
