भारत में शादी न सिर्फ भावनाओं से जुड़ा संस्कार है, बल्कि यह स्टेटस से भी जुड़ा है। अपने बच्चों की ग्रैंड वेडिंग करना न सिर्फ पेरेंट्स का सपना होता है, बल्कि हर युवक और युवती का भी यही सपना होता है कि उनकी शादी शानदार हो। लेकिन अब समय बदल गया है। अब आ गया है ‘माइक्रो वेडिंग’ का जमाना। बॉलीवुड सेलेब्स से लेकर देश के कई दिग्गज बिजनेस घराने अब माइक्रो वेडिंग की राह अपना रहे हैं। चलिए जानते हैं क्या है शादी का यह नया शानदार कॉन्सेप्ट।
यह है माइक्रो वेडिंग

माइक्रो वेडिंग संस्कृति और ग्रांड वेडिंग के बीच की राह है। इस शादी में वर और वधु पक्ष के करीबी रिश्तेदार और दोस्तों को शामिल किया जाता हैै। इनकी संख्या 40 से 50 के करीब होती है। इस शादी में बड़े खर्च से बचते हुए अपने करीबियों के साथ क्वालिटी टाइम बिताया जा सकता है। विराट कोहली-अनुष्का शर्मा, रणवीर सिंह-दीपिका पादुकोण, कियारा आडवाणी-सिद्धार्थ मल्होत्रा, रणबीर कपूर-अलिया भट्ट, विकी कौशल-कटरीना कैफ से लेकर परिणीति चोपड़ा-राघव चड्ढा जैसी सेलिब्रिटीज ने भी ‘माइक्रो वेडिंग’ की राह अपनाई है। अब आम युवा भी इसे अपनाने लगे हैं।
एक नहीं कई फायदे हैं माइक्रो वेडिंग के
माइक्रो वेडिंग के एक नहीं कई फायदे हैं। ये किसी भी ग्रांड वेडिंग जैसे भव्य हो सकती हैं। बस जो व्यवस्थाएं आपको 500 से 600 लोगों के लिए करनी होती हैं, वे सिर्फ 40 से 50 लोगों के लिए करनी होती हैं। ऐसेे में आप कम खर्च में ज्यादा लग्जरी अरेंजमेंट कर सकते हैं। कम लोग होने के कारण आप हर फंक्शन को आराम से एंजॉय कर सकते हैं, सबसे मिल सकते हैं। आपको अपने खास दिन को यादगार बनाने के लिए पूरा समय मिलेगा।
माइक्रो वेडिंग के लिए इन बातों का रखें ध्यान

माइक्रो वेडिंग में सबसे जरूरी है आपकी गेस्ट लिस्ट। क्योंकि आपको अपनी गेस्ट लिस्ट छोटी रखनी होती है, इसलिए इस समय आप काफी सोच समझकर निर्णय लें। इस सूची में केवल परिवार के करीबी लोगों को ही जोड़ें। इससे आपको इन सभी लोगों के साथ घुलने-मिलने का पूरा समय मिलेगा। शादी के लिए वेन्यू ऐसा चुनें, जहां आपके गेस्ट लग्जरी महसूस करें। आपकी शादी में लिमिटेड गेस्ट हैं, इसलिए आप अपने करीबियों के लिए खास गिफ्ट पैक बनवाएं, जो उन्हें हमेशा याद रहे। कुछ गेम्स प्लान करें, जिनसे आपकी खुशियों में इजाफा हो। अगर आप म्यूजिक पसंद करती हैं तो आप लाइव म्यूजिक का अरेंजमेंट करवाएं। केक कटिंग सेरेमनी जरूर रखें।
रिसेप्शन पार्टी में बुलाएं मेहमानों को
अगर आपने माइक्रो वेडिंग की राह चुनी है, लेकिन फिर भी आप ग्रैंड वेडिंग वाली फीलिंग चाहते हैं तो आप एक ग्रैंड रिसेप्शन का विकल्प चुन सकते हैं। इसमें आप ज्यादा मेहमानों को आमंत्रित करें। इससे आपकी वेडिंग एल्बम शानदार बन सकती है। इसके साथ ही आपकी खास लिस्ट में शामिल न होने वाले लोगों की नाराजगी भी दूर हो जाएगी और आप यहां खुलकर एंजॉय भी कर सकते हैं।
