मेन कोर्स के लिए बनाएं चिकन की छह लाजवाब रेसिपी: Chicken Recipes
chicken breast


Chicken Recipes: अगर आप नॉन वेजिटेरियन हैं तो चिकन से तो आपकी दोस्ती होगी ही। प्रोटीन से भरपूर चिकन मटन के मुकाबले बनाने में भी आसान है। अगर आप भी चिकन खाना पसंद करते हैं तो यहां मेनकोर्स के लिए चिकन की छह वैराइटी लेकर आएं है। जहां आप घर बैठे रेस्त्रां जैसे चिकन के व्यंजन बना सकती हैं। हमें यकीं हैं कि यह आपके साथ आपके मेहमानों को भी ये रेसिपीज पसंद आएंगी।

मुर्ग मुसल्लम

Chicken Recipes
Murgh Musallam

सामग्री

चिकन-1 पूरा
दही-1 कप
अदरक का पेस्ट-2 बड़े चम्मच
लहसुन का पेस्ट-2 बड़े चम्मच
लाल मिर्च पाउडर-2 बड़े चम्मच
जीरा पिसा हुआ-1 बड़ा चम्मच
पिसा हुआ धनिया-1 बड़ा चम्मच
हल्दी पाउडर-1/2 छोटा चम्मच
नमक-स्वादानुसार
नींबू का रस-1 छोटा चम्मच
घी- 2 बड़े चम्मच

स्टफिंग के लिए

बासमती चावल-1 कप उबले हुए
किशमिश-1/4 कप
बादाम-1/4 कप कटे हुए
काजू-1/4 कप कटे हुए
पिस्ता-1/4 कप कटा हुआ
सूखे खुबानी 1/4 कप कटा हुआ
नींबू स्लाइस-2
तले हुए प्याज-2 बड़े चम्मच
घी- दो बड़े चम्मच
नमक-स्वादानुसार

बनाने का तरीका

  • चिकन को अच्छी तरह साफ करके धो लें। इसे टिशू से अच्छे से सुखाएं, ध्यान दें कि पानी की एक बूंद भी इसमें नहीं रहनी चाहिए। अगर चाहें तो इस पर ड्रायर भी चला दें और एक तरफ रख दें।
  • एक कटोरी में दही, अदरक का पेस्ट, लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, जीरा, धनिया, हल्दी, नमक और नींबू का रस मिलाकर फेंट लें।
  • एक तेज चाकू से चिकन में गहरे चीरे लगाएं, इस बात का ध्यान रखें कि चिकन पूरी तरह से कट न जाए। कट लगाने से मसाला चिकन में अच्छे से जाएगा।
  • पूरे चिकन को अच्छे से मैरिनेट करें। यह मसाले लगाकर पूरी रात चिकन को मैरिनेट करें ताकि मसाले उसमें अच्छे से रच जाएं।
  • अब आप स्टफिंग तैयार करें। एक पैन में 1 टेबल स्पून तेल गरम करें।
    पैन में पके हुए बासमती चावल, किशमिश, कटे हुए बादाम, कटे हुए काजू, कटे हुए पिस्ते, कटे सूखे खुबानी और नमक डालें। 2-3 मिनट तक पकाएं, बीच-बीच में हिलाते रहें, जब तक सब कुछ अच्छी तरह से मिल जाए।
  • ओवन को 375°F पर प्रीहीट करें।
  • तैयार स्टफिंग के साथ चिकन को स्टफ करें और इसे बड़ी सुई और धागे से सिल दें।
  • चिकन को रोस्टिंग पैन में रखें और 2 बड़े चम्मच घी ब्रश करें। पैन को एल्युमिनियम फॉयल से ढक दें।
  • पहले से गरम किए हुए ओवन में चिकन को ढककर 1 घंटे के लिए ग्रिल करें।
  • अब एल्यूमीनियम फॉयल को हटा दें और चिकन को और 30 मिनट के लिए ग्रिल करें, या जब तक कि वह दिखने में सुनहरी भूरे रंग का न हो जाए।
  • सर्व करने से पहले इसे लगभग 15 मिनट तक रेस्ट करने दें।
  • इसे नींबू के टुकड़े, तले हुए प्याज से गार्निश करें।

शाही चिकन कोरमा

सामग्री

बोनलेस चिकन- 500 ग्राम टुकड़ों में कटा हुआ
प्याज- 2 बारीक कटी हुई
टमाटर- 2 बारीक कटे हुए
तेल-2 बड़े चम्मच
घी-2 बड़े चम्मच
अदरक-लहसुन का पेस्ट-1 बड़ा चम्मच
जीरा-1 छोटा चम्मच
धनिया पाउडर-1 छोटा चम्मच
हल्दी पाउडर-1/2 चम्मच
लाल मिर्च पाउडर-1/2 चम्मच
गरम मसाला- 1/2 छोटा चम्मच
इलायची पाउडर- 1/4 छोटा चम्मच
जायफल पाउडर-1/4 छोटा चम्मच
केसर के रेशे-6 से 7
दही-1 कप फेंटा हुआ
क्रीम-1/4 कप
नमक- स्वादानुसार
हरा धनिया- कटा हुआ (गार्निशिंग के लिए)

बनाने का तरीका

  • एक कड़ाही में तेल और घी गरम करें।
  • गरम तेल में जीरा डालें और कुछ सेकंड के लिए इन्हें चटकने दें।
  • पैन में बारीक कटे हुए प्याज़ डालें और सुनहरा भूरा होने तक भूनें।
  • अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और एक मिनट तक तब तक पकाएं जब तक कि कच्ची महक गायब न हो जाए।
  • अब पैन में कटे हुए टमाटर डालें और बीच-बीच में चलाते हुए 2-3 मिनट तक पकाएं।
  • धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, इलायची पाउडर और जायफल पाउडर डालें। अच्छी तरह मिलाएं और फ्लेवर को रिलीज करने के लिए एक और मिनट के लिए पकाएं।
  • चिकन के पीसेज को पैन में डालें और मसाले के साथ अच्छी तरह से मिलाएं। लगभग 5 मिनट तक पकाएं, बीच-बीच में हिलाते रहें।
  • आंच को कम कर दें और पैन में फेटा हुआ दही डालें। दही को मसाले के साथ अच्छी तरह मिलाएं।
  • पैन को ढक दें और धीमी आंच पर लगभग 20-25 मिनट तक या चिकन के नरम होने तक पकाएं। इसे बीच-बीच में हिलाती रहें ताकि मसाला पैन से चिपके नहीं।
  • केसर के लच्छे और नमक डालें। अच्छी तरह से हिलाएं।
  • सबसे आखिर में क्रीम में डालें और 2-3 मिनिट तक पकाएं।
  • आंच से उतारें और ताज़ी कटी हुई धनिया पत्ती से सजाएं।
  • शाही चिकन कोरमा को नान, चावल या रोटी के साथ गरमागरम परोसें।

मुर्ग मखनी

Murgh Makhani
Murgh Makhani

सामग्री

चिकन- आधा किलो
क्रीम-1 कप
प्याज- 1 बड़ी बारीक कटी
काजू-1/4 कप , 30 मिनट के लिए पानी में भिगो दें
टमाटर-2 बड़े कटे हुए
नमक-1 छोटा चम्मच
मक्खन-3 बड़े चम्मच
हरी मिर्च-2 लंबाई में कटी हुई
काली मिर्च-1 चम्मच
लहसुन-अदरक-2 चम्मच पिसे हुए

बनाने का तरीका

  • कड़ाही में मक्खन को गर्म करें। फिर इसमें बारीक कटा हुआ प्याज डालें और सुनहरा भूरा होने तक भूनें।
  • कटे हुए टमाटर को कड़ाही में डालें और तब तक पकाएं जब तक वो नरम और मुलायम न हो जाएं। इसमें लहसुन-अदरक का पेस्ट डालें।
  • भीगे हुए काजू को पानी से निकाल कर कड़ाही में डालें। अच्छी तरह से मिलाएं।
  • मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें और फिर इसे मिक्सर या फूड प्रोसेसर में पीस लें।
  • जो कड़ाही आपने इस्तेमाल की थी उसी को दोबारा लें और इस मिक्स को डालें। इसमें आप अपने चिकन के पीसेज को डालें ओर भूनें।
  • इसके बाद इसमें नमक, चम्मच काली मिर्च और 2 कटी हुई हरी मिर्च डालें-अच्छी तरह मिला लें और 2-3 मिनट तक पकने दें।
  • कड़ाही में 1 कप क्रीम डालें और अच्छी तरह मिलाएं। इसे 2-3 मिनट तक पकने दें।
  • ऊपर से थोड़ी क्रीम से सजाएं और सर्व करें।

साग चिकन

सामग्री

चिकन- 1 किलो छोटे-छोटे टुकड़ों में कटा हुआ
प्याज- 2 बड़े बारीक कटे हुए
करी पत्ता-10 से 12
हरी मिर्च-4 से 5, लंबाई में कटी हुई
जीरा-1 बड़ा चम्मच
साबुत धनिया-2 बड़े चम्मच
काली मिर्च- 8 से 10 दानें
लौंग- 5 से 6
अदरक- 2 इंच का टुकड़ा
लहसुन- 3 से 4 कलियां
सूखी लाल मिर्च-5 से 6
नमक- स्वादानुसार
सरसों का तेल- 3 बड़े चम्मच
साग- (पालक, मेथी और सोया का मिक्स) आधा किलो।

बनाने का तरीका

  • एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें जीरा, साबुत धनिया, काली मिर्च, लौंग डालें। इसके बाद इसमें अदरक लहसुन सहित सभी मसालों का पेस्ट बना लें।
  • पैन में कटा हुआ प्याज, करी पत्ता और हरी मिर्च डालें। प्याज को सुनहरा भूरा होने तक तलें।
  • पैन में चिकन के टुकड़े डालें और मसाले के मिश्रण से उन्हें अच्छी तरह मिलाएं। स्वादानुसार नमक डालें।
  • जब मसाला चिकन में अच्छे से मिल जाए तब इसमें आप बारीक कटा साग डालकर भूनें। याद रखें कि आपको साग को बहुत अच्छे से धोना है। साग पानी छोड़ता है ऐसे में इसकी भुनाई भी बहुत अच्छे से करनी है।
  • जब साग चिकन के साथ लिपट जाए और तेल छोड़ दे तो आप समझ जाइएगा कि आपकी रेसिपी तैयार होने को है।
  • इस समय आप पैन को ढक दें और धीमी आंच पर लगभग 10 मिनट तक पकने दें।
  • चिकन साग मक्का, बाजरा और बेजड़ की रोटी के साथ बहुत अच्छा लगता है।

शाहजहानी चिकन

सामग्री

चिकन-1 किलो छोटे टुकड़ों में कटा हुआ
दही-1 कप
प्याज-2 बड़े बारीक कटे हुए
नमक-स्वादानुसार
लाल मिर्च पाउडर-2 छोटे चम्मच
धनिया पाउडर-2 छोटे चम्मच
काजू- 1/2 कप भीगे हुए
केवड़ा -1 बड़ा चम्मच
गरम मसाला पाउडर- 1 बड़ा चम्मच
देसी घी- 1/4 कप
हरी इलायची-4
बड़ी इलायची-4
क्रीम-2 बड़े चम्मच

बनाने का तरीका

  • मोटे तले वाला पैन लें। इसमें घी डालकर गर्म करें।
  • गर्म होने पर इसमें कटे हुए प्याज डालें और सुनहरा भूरा होने तक भूनें। आधे प्याज को निकालकर बाद के लिए अलग रख दें।
  • बर्तन में चिकन डालें और पकाएं। इसके बाद इसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और गरम मसाला पाउडर डालें और चिकन के साथ अच्छी तरह मिला लें। मसाले को 1-2 मिनिट तक पकने दीजिये। इसके बाद इसमें हरी इलायची, बड़ी इलायची डालें।
  • इसके बाद इसमें दही डालें और मिलाएं। आंच को मध्यम से थोड़ा कम रखें। बर्तन को ढक दें और चिकन को 20-20 मिनट पकने दें। इसके बाद इसमें क्रीम डालें।
  • काजू को थोड़े से पानी के साथ पीसकर पेस्ट बनाकर रख लें।
  • जब चिकन पक जाए तो काजू का पेस्ट पैन में डालें और अच्छी तरह मिला लें। इसे 5-10 मिनट के लिए पकाएं।
  • बर्तन में केवड़ा और बचा हुआ भुना हुआ प्याज़ डालें और अच्छी तरह मिलाएं। और 2-3 मिनिट तक पकाएं।
  • चावल, नान या रोटी के साथ गरम परोसें।

पंजाबी चिकन करी

Punjabi Chicken Curry

सामग्री

चिकन-1 किलो
प्याज- 4 बारीक कटी
टमाटर-4 बारीक कटे
लहसुन-8 से 10 कलिया बारीक कटी
अदरक-2 इंच का टुकड़ा बारीक कटा
लहसुन अदरक का पेस्ट-1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च-1 छोटा चम्मच
हल्दी पाउडर-1 छोटा चम्मच
काली मिर्च-5 से 9
लॉन्ग-5 से 6
जीरा- साबुत 1 छोटा चम्मच
बड़ी इलायची-2 से 3
तेज पत्ता-3
नींबू-2
देसी घी-3 बड़े चम्मच
मक्खन-1 छोटा चम्मच
दही- 1 कटोरी
नमक-स्वादानुसार
गरम मसाला पाउडर-1 छोटा चाय का चम्मच
क्रीम- 1 बड़ा चम्मच

बनाने का तरीका

  • सबसे पहले चिकन को लहसुन-अदरक दही और नमक के साथ दो से तीन घंटे के लिए मैरिनेट करें।
  • इसके बाद एक बड़ा चम्मच देसी घी का लेकर इसे थोड़ा तल लें ताकि इसका एक कच्चापन निकल जाए। इस चिकन को अलग रख लें।
  • अब उसी पैन में थोड़ा और घी डालें और एक चम्मच गरम मसाले का पाउडर डालकर इसमें प्याज डालकर भूनें।
  • प्याज के भुनने के बाद इसमें टमाटर डालें। अब इसमें बारीक कटी लहसुन की कलियां और बारीक कटी अदरक डालें।
  • जब यह अच्छे से भुन जाए तो इसे मिक्सी में पीस लें।
  • अब एक कढ़ाही लें उसमें मक्खन डालें। इसमें आपको अब साबुत गर्म मसाले और तेज पत्ते डालने हैं। गरम मसाले डालने के बाद इसमें फ्राई किया हुआ चिकन डालकर नमक डालें। और प्याज टमाटर के ग्रवी वाले पेस्ट को डालें। इसे अच्छे से भूनें। जब मसाला तैयार होगा तो इसमें एक जाली सी पड़ जाएगी।
  • उस समय इसमें थोड़ा पानी डालें। पानी में एक उबाल आने दें। इसके बाद इसे 15 मिनट के लिए धीमी आंच पर रख दें।
  • जब यह तैयार हो जाए तो सर्व करते समय इसमें ऊपर से क्रीम डालें।