बालों को रखें स्वस्थ ये कैमिकल रहित नेचुरल शैम्पू: Natural Shampoo
Natural Shampoo

Natural Shampoo: आप अपने बाल धोने के लिए कैमिकलयुक्त शैम्पू इस्तेमाल करते होंगे। लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि बाल धोने के लिए कोई दूसरा ऑप्शन है और वो भी कैमिकलरहित और पूरी तरह नेचुरल। साथ ही जो किसी तरह का नुकसान न पहुंचाकर आपके बालों को हेल्दी बनाते हों। यानी आपके बाल साफ होने के साथ चमकदार भी हो जाएंगे। इन प्राकृतिक चीजों के नियमित इस्तेमाल से बाल डेंड्रफ रहित, खूबसूरत, काले, घने, लंबे हो जाएंगे। साथ ही बाल झड़ना, डेंड्रफ होना, उम्र से पहले बाल सफेद होना जैसी समस्याओं को दूर करने में ये चीजें बहुत कारगर हैं। सबसे बड़ी बात आप रसोई में मौजूद इन नेचुरल चीजों नियमित धोकर खूबसूरत बाल आप भी पा सकती हैं। आइये ऐसी ही कुछ चीजों के बारे में आपको बताते हैं-

नींबू

Natural Shampoo
Natural Shampoo-Lemon

अपने बाल धोने के लिए आधा कटोरी पानी में एक नींबू का रस निचोड़ लें। फिर इसको अच्छी तरह मिला लें। इस मिश्रण को अपनी स्कैल्प पर बालों की जड़ों में और पूरे बालों में अच्छी तरह लगाएं। इसे 10-15 मिनट लगे रहने दें। उसके बाद साफ पानी से बालों को अच्छी तरह से धो लें।

दही

आधी कटोरी दही लें। इसे अच्छी तरह फेंट लें। दही की खुशबू कम करने के लिए इसमें एक चम्मच गुलाब जल मिला लें। इस मिश्रण को अपने बालों की जड़ों और पूरी लंबाई पर लगाएं। 15-20 मिनट बाद पानी से बाल अच्छी तरह धो लें। यह मिश्रण ड्राई बालों को मुलायम, चमकदार बनाने में सहायक है।

एलोवेरा जेल

एलोवेरा की पत्ती को बीच में से काट कर जेल निकाल लें। इसे मिक्सी में अच्छी तरह पीस लें और कटोरी में छान लें। नहाने के 15 मिनट पहले तैयार एलोवेरा जेल को अपने बालों और पूरी लंबाई में अच्छी तरह लगाएं। थोड़ा सूखने पर पानी से अपने बाल अच्छी तरह धो लें।

चाय

एक पैन में आधा कप पानी में 2 चम्मच चाय की पत्ती डालकर 2-3 मिनट उबालें। चाय को कटोरी में छान लें। ठंडा होने पर अपने बालों में लगाएं। 15 मिनट बाद नॉर्मल पानी से बालों को अच्छी तरह धो लें।

मेथी दाना

fenugreek seeds
Fenugreek seeds

रात को पैन में आधी कटोरी पानी लें। इसमें 2 चम्मच मेथीदाना भिगो दें। सुबह इन्हें मिक्सी में थोड़ा-सा पानी मिलाकर बारीक पीस लें। इस पेस्ट को एक कटोरी में छान लें। मेथी दाने के छने पानी को बालों की जड़ों से सिरों तक अच्छी तरह लगाएं। 15 मिनट सुखाने के बाद नॉर्मल पानी से धो लें।

राइस वॉटर

रात को एक कटोरी पानी में 2 चम्मच चावल भिगो दें। सुबह इसका पानी एक कटोरी में निकाल लें। या फिर अगर आप चावल न भिगो पाएं हों, तो चावल पकाकर भी इसके पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए 2 चम्मच चावल एक कप पानी में उबाल लें। पकने पर पानी छान लें। ठंडा करके बालों की जड़ों में और पूरी लंबाई में लगाएं। 15-20 मिनट बाद नॉर्मल पानी से बाल अच्छी तरह धो लें।

आंवला, रीठा, शिकाकाई

एक मुट्टी मिश्रण को रात को लोहे के बर्तन में भिगो दें। सुबह इन्हें 4-5 मिनट के लिए उबालें। ठंडा होने पर इन्हें मसल कर पानी छान लें। अपने बालों की जड़ों से सिरों तक अच्छी तरह लगाएं। 20-25 मिनट बाद नॉर्मल पानी से बाल अच्छी तरह धो लें।

मुल्तानी मिट्टी

मुल्तानी मिट्टी को थोड़ा पीसकर पानी में रात को भिगो दें। पूरी तरह सॉफ्ट हो जाने पर छन्नी से छान लें। तैयार पेस्ट को बालों की जड़ से लेकर सिर की त्वचा तक अच्छी तरह लगाएं। 10-15 मिनट बाद बाल धो लें। चिपचिपे बालों की समस्या में यह बहुत कारगर है।

फ्लैक्स सीड्स और चावल

Flax Seeds and Rice

इन दोनों को मिक्सी में बारीक पीस लें। रात को 1 कप पानी में फ्लैक्स सीड्स और चावल के एक-एक चम्मच पाउडर को पानी में भिगो दें। इन्हें सुबह 5 मिनट के लिए उबाल कर छान लें। ठंडा होने पर अपने बालों में 15-20 मिनट के लिए लगाएं। इसके बाद नॉर्मल पानी से सिर धो लें।

नीम वॉटर

नीम के मुट्ठी भर पत्तों को रात को एक कप पानी में भिगोकर रख दें। सुबह इन्हें उबाल लें। पानी छान लें। ठंडा होने पर बालों में अच्छी तरह लगाएं। 10-15 मिनट तक लगे रहने दें। पानी से अच्छी तरह धो लें।

एप्पल साइडर विनेगर

तकरीबन आधा कटोरी पानी लें। इसमें एक चम्मच विनेगर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। तैयार मिश्रण को बालों की जड़ों और बालों के सिरों तक अच्छी तरह लगाएं। 10-15 मिनट बाद बाल अच्छी तरह धो लें।

अमर बेल

पीले रंग की मुट्ठी भर अमर बेल को रात को पानी में भिगोकर रखें। सुबह इसे 3-4 मिनट के लिए उबाल लें। छानी में से छान लें। पानी ठंडा होने पर बालों में अच्छी तरह लगाएं। 15 मिनट बाद पानी से बाल अच्छी तरह धो लें।

रखें ध्यान

बाल धोने के लिए चूंकि इन नेचुरल शैम्पू में झाग नहीं बनती। इसलिए कोशिश करें कि इन्हें तभी इस्तेमाल करें जब बालों में तेल न लगा हो। ये नेचुरल शैम्पू आप सप्ताह में 2-3 बार आसानी से लगा सकते हैं।

(डॉ संजना शर्मा, आयुर्वेदिक एक्सपर्ट, संतुलन आयुर्वेदिक क्लीनिक, दिल्ली)